Ramayana.com

दोहा 45

चौ०

महा महा मुखिआ जे पावहिं। ते पद गहि प्रभु पास चलावहिं॥ कहइ बिभीषनु तिन्ह के नामा। देहिं राम तिन्हहू निज धामा॥१॥

भावार्थ

जिन बड़े-बड़े मुखियों ( प्रधान सेनापतियों )-को पकड़ पाते हैं उनके पैर पकड़कर उन्हें प्रभुके पास फेंक देते हैं। विभीषणजी उनके नाम बतलाते हैं और श्रीरामजी उन्हें भी अपना धाम ( परम पद ) दे देते हैं॥ १॥

चौ०

खल मनुजाद द्विजामिष भोगी। पावहिं गति जो जाचत जोगी॥ उमा राम मृदुचित करुनाकर। बयर भाव सुमिरत मोहि निसिचर॥२॥

भावार्थ

ब्राह्मणोंका मांस खानेवाले वे नरभोजी दुष्ट राक्षस भी वह परम गति पाते हैं जिसकी योगी भी याचना किया करते हैं [ परन्तु सहजमें नहीं पाते ]। [ शिवजी कहते हैं— ] हे उमा ! श्रीरामजी बड़े ही कोमलहृदय और करुणाकी खान हैं। [ वे सोचते हैं कि ] राक्षस मुझे वैरभावसे ही सही, स्मरण तो करते ही हैं॥ २॥

चौ०

देहिं परम गति सो जियँ जानी। अस कृपाल को कहहु भवानी॥ अस प्रभु सुनि न भजहिं भ्रम त्यागी। नर मतिमंद ते परम अभागी॥३॥

भावार्थ

ऐसा हृदयमें जानकर वे उन्हें परमगति ( मोक्ष ) देते हैं। हे भवानी ! कहो तो ऐसे कृपालु [ और ] कौन हैं ? प्रभुका ऐसा स्वभाव सुनकर भी जो मनुष्य भ्रम त्यागकर उनका भजन नहीं करते, वे अत्यन्त मन्दबुद्धि और परम भाग्यहीन हैं॥ ३॥

चौ०

अंगद अरु हनुमंत प्रबेसा। कीन्ह दुर्ग अस कह अवधेसा॥ लंका द्वौ कपि सोहहिं कैसें। मथहिं सिंधु दुइ मंदर जैसें॥४॥

भावार्थ

श्रीरामजीने कहा कि अङ्गद और हनुमान्‌ किलेमें घुस गये हैं। दोनों वानर लङ्कामें [ विध्वंस करते ] कैसे शोभा देते हैं, जैसे दो मन्दराचल समुद्रको मथ रहे हों॥ ४॥

दो०

भुज बल रिपु दल दलमलि देखि दिवस कर अंत। कूदे जुगल बिगत श्रम आए जहँ भगवंत॥४५॥

भावार्थ

भुजाओंके बलसे शत्रुकी सेनाको कुचलकर और मसलकर, फिर दिनका अन्त होता देखकर हनुमान्‌ और अङ्गद दोनों कूद पड़े और श्रम ( थकावट ) रहित होकर वहाँ आ गये जहाँ भगवान्‌ श्रीरामजी थे॥ ४५॥

Ramayan appFree. No ads. Works offline.Install

गीताप्रेस, गोरखपुर का संस्करण। पुस्तक खरीदें