Ramayana.com

उत्तरकाण्ड, सर्ग 18

प्रविष्टायां हुताशं तु वेदवत्यां स रावणः । पुष्पकं तु समारुह्य परिचक्राम मेदिनीम् ॥ १ ॥

भावार्थ

अगस्त्यजी कहते हैं—रघुनन्दन ! वेदवतीके अग्निमें प्रवेश कर जानेपर रावण पुष्पकविमानपर आरूढ़ हो पृथ्वीपर सब ओर भ्रमण करने लगा ॥ १ ॥

ततो मरुत्तं नृपतिं यजन्तं सह दैवतैः । उशीरबीजमासाद्य ददर्श स तु रावणः ॥ २ ॥

भावार्थ

उसी यात्रामें उशीरबीज नामक देशमें पहुँचकर रावणने देखा, राजा मरुत्त देवताओंके साथ बैठकर यज्ञ कर रहे हैं ॥ २ ॥

संवर्तो नाम ब्रह्मर्षिः साक्षाद् भ्राता बृहस्पतेः । याजयामास धर्मज्ञः सर्वैर्देवगणैर्वृतः ॥ ३ ॥

भावार्थ

उस समय साक्षात् बृहस्पतिके भाई तथा धर्मके, मर्मको जाननेवाले ब्रह्मर्षि संवर्त सम्पूर्ण देवताओंसे घिरे रहकर वह यज्ञ करा रहे थे ॥ ३ ॥

दृष्ट्वा देवास्तु तद् रक्षो वरदानेन दुर्जयम् । तिर्यग्योनिं समाविष्टास्तस्य धर्षणभीरवः ॥ ४ ॥

भावार्थ

ब्रह्माजीके वरदानसे जिसको जीतना कठिन हो गया था, उस राक्षस रावणको वहाँ देखकर उसके आक्रमणसे भयभीत हो देवतालोग तिर्यग्योनिमें प्रवेश कर गये ॥ ४ ॥

इन्द्रो मयूरः संवृत्तो धर्मराजस्तु वायसः । कृकलासो धनाध्यक्षो हंसश्च वरुणोऽभवत् ॥ ५ ॥

भावार्थ

इन्द्र मोर, धर्मराज कौआ, कुबेर गिरगिट और वरुण हंस हो गये ॥ ५ ॥

अन्वेष्वपि गतेष्वेवं देवेष्वरिनिषूदन । रावणः प्राविशद् यज्ञं सारमेय इवाशुचिः ॥ ६ ॥

भावार्थ

शत्रुसूदन श्रीराम ! इसी तरह दूसरे-दूसरे देवता भी जब विभिन्न रूपोंमें स्थित हो गये, तब रावणने उस यज्ञमण्डपमें प्रवेश किया, मानो कोई अपवित्र कुत्ता वहाँ आ गया हो ॥६॥

तं च राजानमासाद्य रावणो राक्षसाधिपः । प्राह युद्धं प्रयच्छेति निर्जितोऽस्मीति वा वद ॥ ७ ॥

भावार्थ

राजा मरुत्तके पास पहुँचकर राक्षसराज रावणने कहा— ‘मुझसे युद्ध करो या अपने मुँहसे यह कह दो कि मैं पराजित हो गया’ ॥ ७ ॥

ततो मरुत्तो नृपतिः को भवानित्युवाच तम् । अवहासं ततो मुक्त्वा रावणो वाक्यमब्रवीत् ॥ ८ ॥

भावार्थ

तब राजा मरुत्तने पूछा—‘आप कौन हैं ?’ उनका प्रश्न सुनकर रावण हँस पड़ा और बोला—॥ ८ ॥

अकुतूहलभावेन प्रीतोऽस्मि तव पार्थिव । धनदस्यानुजं यो मां नावगच्छसि रावणम् ॥ ९ ॥

भावार्थ

‘भूपाल ! मैं कुबेरका छोटा भाई रावण हूँ। फिर भी तुम मुझे नहीं जानते और मुझे देखकर भी तुम्हारे मनमें न तो कौतूहल हुआ, न भय ही; इससे मैं तुम्हारे ऊपर बहुत प्रसन्न हूँ ॥ ९ ॥

त्रिषु लोकेषु कोऽन्योऽस्ति यो न जानाति मे बलम् । भ्रातरं येन निर्जित्य विमानमिदमाहृतम् ॥ १० ॥

भावार्थ

‘तीनों लोकोंमें तुम्हारे सिवा दूसरा कौन ऐसा राजा होगा, जो मेरे बलको न जानता हो । मैं वह रावण हूँ, जिसने अपने भाई कुबेरको जीतकर यह विमान छीन लिया है’ ॥ १० ॥

ततो मरुत्तः स नृपस्तं रावणमथाब्रवीत् । धन्यः खलु भवान् येन ज्येष्ठो भ्राता रणे जितः ॥ ११ ॥

भावार्थ

तब राजा मरुत्तने रावणसे कहा—‘तुम धन्य हो, जिसने अपने बड़े भाईको रणभूमिमें पराजित कर दिया ॥ ११ ॥

न त्वया सदृशः श्लाघ्यस्त्रिषु लोकेषु विद्यते । कं त्वं प्राक्केवलं धर्मं चरित्वा लब्धवान् वरम् ॥ १२ ॥

भावार्थ

‘तुम्हारे-जैसा स्पृहणीय पुरुष तीनों लोकोंमें दूसरा कोई नहीं है । तुमने पूर्वकालमें किस शुद्ध धर्मका आचरण करके वर प्राप्त किया है ॥ १२ ॥

श्रुतपूर्वं हि न मया भाषसे यादृशं स्वयम् । तिष्ठेदानीं न मे जीवन् प्रतियास्यसि दुर्मते ॥ १३ ॥ अद्य त्वां निशितैर्बाणैः प्रेषयामि यमक्षयम् ।

भावार्थ

‘तुम स्वयं जो कुछ कह रहे हो, ऐसी बात मैंने पहले कभी नहीं सुनी है । दुर्बुद्धे ! इस समय खड़े तो रहो । मेरे हाथसे जीवित बचकर नहीं जा सकोगे । आज अपने पैने बाणोंसे मारकर तुम्हें यमलोक पहुँचाये देता हूँ’ ॥ १३½ ॥

ततः शरासनं गृह्य सायकांश्च नराधिपः ॥ १४ ॥ रणाय निर्ययौ क्रुद्धः संवर्तो मार्गमावृणोत् ।

भावार्थ

तदनन्तर राजा मरुत्त धनुष-बाण लेकर बड़े रोषके साथ युद्धके लिये निकले, परंतु महर्षि संवर्तने उनका रास्ता रोक लिया ॥ १४½ ॥

सोऽब्रवीत् स्नेहसंयुक्तं मरुत्तं तं महानृषिः ॥ १५ ॥ श्रोतव्यं यदि मद्वाक्यं सम्प्रहारो न ते क्षमः ।

भावार्थ

उन महर्षिने महाराज मरुत्तसे स्नेहपूर्वक कहा—‘राजन् ! यदि मेरी बात सुनना और उसपर ध्यान देना उचित समझो तो सुनो । तुम्हारे लिये युद्ध करना उचित नहीं है ॥१५½॥

माहेश्वरमिदं सत्रमसमाप्तं कुलं दहेत् ॥ १६ ॥ दीक्षितस्य कुतो युद्धं क्रोधित्वं दीक्षिते कुतः ।

भावार्थ

‘यह माहेश्वर यज्ञ आरम्भ किया गया है । यदि पूरा न हुआ तो तुम्हारे समस्त कुलको दग्ध कर डालेगा । जो यज्ञकी दीक्षा ले चुका है, उसके लिये युद्धका अवसर ही कहाँ है ? यज्ञदीक्षित पुरुषमें क्रोधके लिये स्थान ही कहाँ है ? ॥ १६½ ॥

संशयश्च जये नित्यं राक्षसश्च सुदुर्जयः ॥ १७ ॥ स निवृत्तो गुरोर्वाक्यान्मरुत्तः पृथिवीपतिः । विसृज्य सशरं चापं स्वस्थो मखमुखोऽभवत् ॥ १८ ॥

भावार्थ

‘युद्धमें किसकी विजय होगी, इस प्रश्नको लेकर सदा संशय ही बना रहता है । उधर वह राक्षस अत्यन्त दुर्जय है ।’ अपने आचार्यके इस कथनसे पृथ्वीपति मरुत्त युद्धसे निवृत्त हो गये । उन्होंने धनुष-बाण त्याग दिया और स्वस्थभावसे वे यज्ञके लिये उन्मुख हो गये ॥ १७-१८ ॥

ततस्तं निर्जितं मत्वा घोषयामास वै शुकः । रावणो जयतीत्युच्चैर्हर्षान्नादं विमुक्तवान् ॥ १९ ॥

भावार्थ

तब उन्हें पराजित हुआ मानकर शुकने यह घोषणा कर दी कि महाराज रावणकी विजय हुई और वह बड़े हर्षके साथ उच्चस्वरसे सिंहनाद करने लगा ॥ १९ ॥

तान् भक्षयित्वा तत्रस्थान् महर्षीन् यज्ञमागतान् । वितृप्तो रुधिरैस्तेषां पुनः सम्प्रययौ महीम् ॥ २० ॥

भावार्थ

उस यज्ञमें आकर बैठे हुए महर्षियोंको खाकर उनके रक्तसे पूर्णतः तृप्त हो रावण फिर पृथ्वीपर विचरने लगा ॥२०॥

रावणे तु गते देवाः सेन्द्राश्चैव दिवौकसः । ततः स्वां योनिमासाद्य तानि सत्त्वानि चाब्रुवन् ॥२१॥

भावार्थ

रावणके चले जानेपर इन्द्रसहित सम्पूर्ण देवता पुनः अपने स्वरूपमें प्रकट हो उन-उन प्राणियोंको ( जिनके रूपमें वे स्वयं प्रकट हुए थे ) वरदान देते हुए बोले ॥ २१ ॥

हर्षात् तदाब्रवीदिन्द्रो मयूरं नीलबर्हिणम् । प्रीतोऽस्मि तव धर्मज्ञ भुजङ्गाद्धि न ते भयम् ॥ २२ ॥ इदं नेत्रसहस्रं तु यत् तद् बर्हे भविष्यति । वर्षमाणे मयि मुदं प्राप्स्यसे प्रीतिलक्षणाम् ॥ २३ ॥ एवमिन्द्रो वरं प्रादान्मयूरस्य सुरेश्वरः ॥ २४ ॥

भावार्थ

सबसे पहले इन्द्रने हर्षपूर्वक नीले पंखवाले मोरसे कहा— ‘धर्मज्ञ ! मैं तुमपर बहुत प्रसन्न हूँ । तुम्हें सर्पसे भय नहीं होगा ॥ ‘मेरे जो ये सहस्र नेत्र हैं, इनके समान चिह्न तुम्हारी पाँखमें प्रकट होंगे । जब मैं मेघरूप होकर वर्षा करूँगा, उस समय तुम्हें बड़ी प्रसन्नता प्राप्त होगी । वह प्रसन्नता मेरी प्राप्तिको लक्षित करानेवाली होगी ।’ इस प्रकार देवराज इन्द्रने मोरको वरदान दिया ॥ २३-२४ ॥

नीलाः किल पुरा बर्हा मयूराणां नराधिप । सुराधिपाद् वरं प्राप्य गताः सर्वेऽपि बर्हिणः ॥ २५ ॥

भावार्थ

नरेश्वर श्रीराम ! इस वरदानके पहले मोरोंके पंख केवल नीले रंगके ही होते थे । देवराजसे उक्त वर पाकर सब मयूर वहाँसे चले गये ॥ २५ ॥

धर्मराजोऽब्रवीद् राम प्राग्वंशे वायसं प्रति । पक्षिस्त्वासि सुप्रीतः प्रीतस्य वचनं शृणु ॥ २६ ॥

भावार्थ

श्रीराम ! तदनन्तर धर्मराजने प्राग्वंशकी छतपर बैठे हुए कौएसे कहा–‘पक्षी ! मैं तुमपर बहुत प्रसन्न हूँ । प्रसन्न होकर जो कुछ कहता हूँ, मेरे इस वचनको सुनो ॥ २६ ॥

यथान्ये विविधै रोगैः पीड्यन्ते प्राणिनो मया । ते न ते प्रभविष्यन्ति मयि प्रीते न संशयः ॥ २७ ॥

भावार्थ

‘जैसे दूसरे प्राणियोंको मैं नाना प्रकारके रोगोंद्वारा पीड़ित करता हूँ, वे रोग मेरी प्रसन्नताके कारण तुमपर अपना प्रभाव नहीं डाल सकेंगे; इसमें संशय नहीं है ॥ २७ ॥

मृत्युतस्ते भयं नास्ति वरान् मम विहंगम । यावत् त्वां न वधिष्यन्ति नरास्तावद् भविष्यसि ॥२८॥

भावार्थ

‘विहङ्गम ! मेरे वरदानसे तुम्हें मृत्युका भय नहीं होगा । जबतक मनुष्य आदि प्राणी तुम्हारा वध नहीं करेंगे, तबतक तुम जीवित रहोगे ॥ २८ ॥

ये च मद्विषयस्था वै मानवाः क्षुधयार्दिताः । त्वयि भुक्ते सुतृप्तास्ते भविष्यन्ति सबान्धवाः ॥ २९ ॥

भावार्थ

‘मेरे राज्य—यमलोकमें स्थित रहकर जो मानव भूखसे पीड़ित हैं, उनके पुत्र आदि इस भूतलपर जब तुम्हें भोजन करायेंगे, तब वे बन्धु-बान्धवोंसहित परम तृप्त होंगे’ ॥२९॥

वरुणस्त्वब्रवीद्धंसं गङ्गातोयविचारिणम् । श्रूयतां प्रीतिसंयुक्तं वचः पत्ररथेश्वर ॥ ३० ॥

भावार्थ

तत्पश्चात् वरुणने गङ्गाजीके जलमें विचरनेवाले हंसको सम्बोधित करके कहा—‘पक्षिराज ! मेरा प्रेमपूर्ण वचन सुनो—॥ ३० ॥

वर्णो मनोरमः सौम्यश्चन्द्रमण्डलसंनिभः । भविष्यति तवोदग्रः शुद्धफेनसमप्रभः ॥ ३१ ॥

भावार्थ

‘तुम्हारे शरीरका रंग चन्द्रमण्डल तथा शुद्ध फेनके समान परम उज्ज्वल, सौम्य एवं मनोरम होगा ॥ ३१ ॥

मच्छरीरं समासाद्य कान्तो नित्यं भविष्यसि । प्राप्स्यसे चातुलां प्रीतिमेतन्मे प्रीतिलक्षणम् ॥ ३२ ॥

भावार्थ

‘मेरे अङ्गभूत जलका आश्रय लेकर तुम सदा कान्तिमान् बने रहोगे और तुम्हें अनुपम प्रसन्नता प्राप्त होगी । यही मेरे प्रेमका परिचायक चिह्न होगा’ ॥ ३२ ॥

हंसानां हि पुरा राम न वर्णः सर्वपाण्डुरः । पक्षा नीलाग्रसंवीताः क्रोडाः शष्पाग्रनिर्मलाः ॥ ३३ ॥

भावार्थ

श्रीराम ! पूर्वकालमें हंसोंका रंग पूर्णतः श्वेत नहीं था । उनकी पाँखोंका अग्रभाग नीला और दोनों भुजाओंके बीचका भाग नूतन दूर्वादलके अग्रभाग-सा कोमल एवं श्याम वर्णसे युक्त होता था ॥ ३३ ॥

अथाब्रवीद् वैश्रवणः कृकलासं गिरौ स्थितम् । हैरण्यं सम्प्रयच्छामि वर्णं प्रीतस्त्वाप्यहम् ॥ ३४ ॥

भावार्थ

तदनन्तर विश्रवाके पुत्र कुबेरने पर्वतशिखरपर बैठे हुए कृकलास ( गिरगिट ) से कहा—‘मैं प्रसन्न होकर तुम्हें सुवर्णके समान सुन्दर रंग प्रदान करता हूँ ॥ ३४ ॥

सद्द्रव्यं च शिरो नित्यं भविष्यति तवाक्षयम् । एष काञ्चनको वर्णो मत्प्रीत्या ते भविष्यति ॥ ३५ ॥

भावार्थ

‘तुम्हारा सिर सदा ही सुवर्णके समान रंगका एवं अक्षय होगा । मेरी प्रसन्नतासे तुम्हारा यह ( काला ) रंग सुनहरे रंगमें परिवर्तित हो जायगा’ ॥ ३५ ॥

एवं दत्त्वा वरांस्तेभ्यस्तस्मिन् यज्ञोत्सवे सुराः । निवृत्ते सह राज्ञा ते पुनः स्वभवनं गताः ॥ ३६ ॥

भावार्थ

इस प्रकार उन्हें उत्तम वर देकर वे सब देवता वह यज्ञोत्सव समाप्त होनेपर राजा मरुत्तके साथ पुनः अपने भवन— स्वर्गलोकको चले गये ॥ ३६ ॥

Ramayan appFree. No ads. Works offline.Install

गीताप्रेस, गोरखपुर का संस्करण। पुस्तक खरीदें