दोहा 102b
अबला कच भूषन भूरि छुधा। धनहीन दुखी ममता बहुधा॥ सुख चाहहिं मूढ़ न धर्म रता। मति थोरि कठोरि न कोमलता॥ १॥
भावार्थ
स्त्रियोंके बाल ही भूषण हैं ( उनके शरीरपर कोई आभूषण नहीं रह गया ) और उनको भूख बहुत लगती है ( अर्थात् वे सदा अतृप्त ही रहती हैं। ) वे धनहीन और बहुत प्रकारकी ममता होनेके कारण दुखी रहती हैं। वे मूर्ख सुख चाहती हैं, पर धर्ममें उनका प्रेम नहीं है। बुद्धि थोड़ी है और कठोर है; उनमें कोमलता नहीं है॥१॥
नर पीड़ित रोग न भोग कहीं । अभिमान बिरोध अकारनहीं ॥ लघु जीवन संबतु पंच दसा । कलपांत न नास गुमानु असा ॥ २ ॥
भावार्थ
मनुष्य रोगोंसे पीड़ित हैं, भोग ( सुख ) कहीं नहीं है। बिना ही कारण अभिमान और विरोध करते हैं। दस-पाँच वर्षका थोड़ा-सा जीवन है, परन्तु घमंड ऐसा है मानो कल्पान्त ( प्रलय ) होनेपर भी उनका नाश नहीं होगा॥२॥
कलिकाल बिहाल किए मनुजा । नहिं मानत क्वौ अनुजा तनुजा ॥ नहिं तोष बिचार न सीतलता । सब जाति कुजाति भए मगता ॥ ३ ॥
भावार्थ
कलिकालने मनुष्यको बेहाल ( अस्त-व्यस्त ) कर डाला। कोई बहिन-बेटीका भी विचार नहीं करता। [ लोगोंमें ] न सन्तोष है, न विवेक है और न शीतलता है। जाति, कुजाति सभी लोग भीख माँगनेवाले हो गये॥३॥
इरिषा परुषाच्छर लोलुपता । भरि पूरि रही समता बिगता ॥ सब लोग बियोग बिसोक हए । बरनाश्रम धर्म अचार गए ॥ ४ ॥
भावार्थ
ईर्ष्या ( डाह ), कड़ुवे वचन और लालच भरपूर हो रहे हैं, समता चली गयी। सब लोग वियोग और विशेष शोकसे भरे पड़े हैं। वर्णाश्रम-धर्मके आचरण नष्ट हो गये॥४॥
दम दान दया नहिं जानपनी । जड़ता परबंचनताति घनी ॥ तनु पोषक नारि नरा सगरे । परनिंदक जे जग मो बगरे ॥ ५ ॥
भावार्थ
इन्द्रियोंका दमन, दान, दया और समझदारी किसीमें नहीं रही। मूर्खता और दूसरोंको ठगना यह बहुत अधिक बढ़ गया। स्त्री-पुरुष सभी शरीरके ही पालन-पोषणमें लगे रहते हैं। जो परायी निन्दा करनेवाले हैं, जगत्में वे ही फैले हैं॥५॥
सुनु ब्यालारि काल कलि मल अवगुन आगार । गुनउँ बहुत कलिजुग कर बिनु प्रयास निस्तार ॥ १०२ (क) ॥
भावार्थ
हे सर्पोंके शत्रु गरुड़जी! सुनिये, कलिकाल पाप और अवगुणोंका घर है। किन्तु कलियुगमें एक गुण भी बड़ा है कि उसमें बिना ही परिश्रम भवबन्धनसे छुटकारा मिल जाता है॥१०२ ( क )॥
कृतजुग त्रेताँ द्वापर पूजा मख अरु जोग । जो गति होइ सो कलि हरि नाम ते पावहिं लोग ॥ १०२ (ख) ॥
भावार्थ
सत्ययुग, त्रेता और द्वापरमें जो गति पूजा, यज्ञ और योगसे प्राप्त होती है, वही गति कलियुगमें लोग केवल भगवान्के नामसे पा जाते हैं॥१०२ ( ख )॥
गीताप्रेस, गोरखपुर का संस्करण। पुस्तक खरीदें