Ramayana.com

दोहा 289

चौ०

अगम सबहि बरनत बरबरनी । जिमि जलहीन मीन गमु धरनी॥ भरत अमित महिमा सुनु रानी । जानहिं रामु न सकहिं बखानी॥१॥

भावार्थ

हे श्रेष्ठ वर्णवाली! भरतजीकी महिमाका वर्णन करना सभीके लिये वैसे ही अगम है जैसे जलरहित पृथ्वीपर मछलीका चलना। हे रानी! सुनो, भरतजीकी अपरिमित महिमाको एक श्रीरामचन्द्रजी ही जानते हैं; किन्तु वे भी उसका वर्णन नहीं कर सकते॥१॥

चौ०

बरनि सप्रेम भरत अनुभाऊ । तिय जिय की रुचि लखि कह राऊ॥ बहुरहिं लखनु भरतु बन जाहीं । सब कर भल सब के मन माहीं॥२॥

भावार्थ

इस प्रकार प्रेमपूर्वक भरतजीके प्रभावका वर्णन करके, फिर पत्नीके मनकी रुचि जानकर राजाने कहा—लक्ष्मणजी लौट जायँ और भरतजी वनको जायँ, इसमें सभीका भला है और यही सबके मनमें है॥२॥

चौ०

देबि परंतु भरत रघुबर की । प्रीति प्रतीति जाइ नहिं तरकी॥ भरतु अवधि सनेह ममता की । जद्यपि रामु सीम समता की॥३॥

भावार्थ

परन्तु हे देवि! भरतजी और श्रीरामचन्द्रजीका प्रेम और एक-दूसरेपर विश्वास, बुद्धि और विचारकी सीमामें नहीं आ सकता। यद्यपि श्रीरामचन्द्रजी समताकी सीमा हैं, तथापि भरतजी प्रेम और ममताकी सीमा हैं॥३॥

चौ०

परमारथ स्वारथ सुख सारे । भरत न सपनेहुँ मनहुँ निहारे॥ साधन सिद्धि राम पग नेहू । मोहि लखि परत भरत मत एहू॥४॥

भावार्थ

[ श्रीरामचन्द्रजीके प्रति अनन्य प्रेमको छोड़कर ] भरतजीने समस्त परमार्थ, स्वार्थ और सुखोंकी ओर स्वप्नमें भी मनसे भी नहीं ताका है। श्रीरामजीके चरणोंका प्रेम ही उनका साधन है और वही सिद्धि है। मुझे तो भरतजीका बस, यही एकमात्र सिद्धान्त जान पड़ता है॥४॥

दो०

भोरेहुँ भरत न पेलिहहिं मनसहुँ राम रजाइ। करिअ न सोचु सनेह बस कहेउ भूप बिलखाइ॥२८९॥

भावार्थ

राजाने बिलखकर ( प्रेमसे गद्गद होकर ) कहा—भरतजी भूलकर भी श्रीरामचन्द्रजीकी आज्ञाको मनसे भी नहीं टालेंगे। अतः स्नेहके वश होकर चिन्ता नहीं करनी चाहिये॥२८९॥

Ramayan appFree. No ads. Works offline.Install

गीताप्रेस, गोरखपुर का संस्करण। पुस्तक खरीदें