---
title: "युद्धकाण्ड, Sarga 84"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/yuddha-kanda/sarga-84"
lang: "hi"
---

# युद्धकाण्ड, Sarga 84

> राममाश्वासमाने तु लक्ष्मणे भ्रातृवत्सले ।  
> निक्षिप्य गुल्मान् स्वस्थाने तत्रागच्छद् विभीषणः ॥ १ ॥

भ्रातृभक्त लक्ष्मण जब श्रीरामको इस प्रकार आश्वासन दे रहे थे, उसी समय विभीषण वानरसैनिकोंको अपने-अपने स्थानपर स्थापित करके वहाँ आये ॥ १ ॥

> नानाप्रहरणैर्वीरैश्चतुर्भिरभिसंवृतः ।  
> नीलाञ्जनचयाकारैर्मातंगैरिव यूथपैः ॥ २ ॥

नाना प्रकारके अस्त्र-शस्त्र धारण किये चार निशाचर वीर, जो काली कजल-राशिके समान काले शरीरवाले यूथपति गजराजोंके समान जान पड़ते थे, चारों ओरसे घेरकर उनकी रक्षा कर रहे थे ॥ २ ॥

> सोऽभिगम्य महात्मानं राघवं शोकलालसम् ।  
> वानरांश्चापि दद्दशे बाष्पपर्याकुलेक्षणान् ॥ ३ ॥

वहाँ आकर उन्होंने देखा महात्मा लक्ष्मण शोकमें मग्न हैं तथा वानरोंके नेत्रोंमें भी आँसू भरे हुए हैं ॥ ३ ॥

> राघवं च महात्मानमिक्ष्वाकुकुलनन्दनम् ।  
> दद्दर्श मोहमापन्नं लक्ष्मणस्याङ्कमाश्रितम् ॥ ४ ॥

साथ ही इक्ष्वाकुकुलनन्दन महात्मा श्रीरघुनाथजीपर भी उनकी दृष्टि पड़ी, जो मूर्च्छित हो लक्ष्मणकी गोदमें लेटे हुए थे ॥ ४ ॥

> व्रीडितं शोकसंतप्तं दृष्ट्वा रामं विभीषणः ।  
> अन्तर्दुःखेन दीनात्मा किमेतदिति सोऽब्रवीत् ॥ ५ ॥

श्रीरामचन्द्रजीको लज्जित तथा शोकसे संतप्त देख विभीषणका हृदय आन्तरिक दुःखसे दीन हो गया । उन्होंने पूछा— ‘यह क्या बात है ?’ ॥ ५ ॥

> विभीषणमुखं दृष्ट्वा सुग्रीवं तांश्च वानरान् ।  
> लक्ष्मणोवाच मन्दार्थमिदं बाष्पपरिप्लुतः ॥ ६ ॥

तब लक्ष्मणने विभीषणके मुँहकी ओर देखकर तथा सुग्रीव और दूसरे-दूसरे वानरोंपर दृष्टिपात करके आँसू बहाते हुए मन्दस्वरमें कहा—॥ ६ ॥

> हता इन्द्रजिता सीता इति श्रुत्वैव राघवः।  
> हनूमद्वचनात् सौम्य ततो मोहमुपाश्रितः ॥ ७ ॥

‘सौम्य ! हनुमान्जीके मुँहसे यह सुनकर कि ‘इन्द्रजित्ने सीताजीको मार डाला’ श्रीरघुनाथजी तत्काल मूर्च्छित हो गये हैं’ ॥ ७ ॥

> कथयन्तं तु सौमित्रि संनिशार्य विभीषणः।  
> पुष्कलार्थमिदं वाक्यं विसंज्ञं राममब्रवीत् ॥ ८ ॥

इस प्रकार कहते हुए लक्ष्मणको विभीषणने रोका और अचेत पड़े हुए श्रीरामचन्द्रजीसे यह निश्चित बात कही—॥८॥

> मनुजेन्द्रार्तरूपेण यदुक्तस्त्वं हनूमता।  
> तदयुक्तमहं मन्ये सागरस्येव शोषणम् ॥ ९ ॥

‘महाराज ! हनुमान्जीने दुखी होकर जो आपको समाचार सुनाया है, उसे मैं समुद्रको सोख लेनेके समान असम्भव मानता हूँ ॥ ९ ॥

> अभिप्रायं तु जानामि रावणस्य दुरात्मनः।  
> सीतां प्रति महाबाहो न च घातं करिष्यति ॥ १० ॥

‘महाबाहो ! दुरात्मा रावणका सीताके प्रति क्या भाव है, यह मैं अच्छी तरह जानता हूँ । वह उनका वध कदापि नहीं करने देगा ॥ १० ॥

> याच्यमानः सुबहुशो मया हितचिकीर्षुणा।  
> वैदेहीमुत्सृजस्वेति न च तत् कृतवान् वचः ॥ ११ ॥

‘मैंने उसका हित करनेकी इच्छासे अनेक बार यह अनुरोध किया कि विदेहकुमारीको छोड़ दो; किंतु उसने मेरी बात नहीं मानी ॥ ११ ॥

> नैव साम्ना न दानेन न भेदेन कुतो युधा।  
> सा द्रष्टुमपि शक्येत नैव चान्येन केनचित् ॥ १२ ॥

‘सीताको दूसरा कोई पुरुष साम, दाम और भेदनीतिके द्वारा भी नहीं देख सकता; फिर युद्धके द्वारा कैसे देख सकता है ? ॥१२ ॥

> वानरान् मोहयित्वा तु प्रतियातः स राक्षसः।  
> मायामयीं महाबाहो तां विद्धि जनकात्मजाम् ॥ १३ ॥

‘महाबाहो ! राक्षस इन्द्रजित् वानरोंको मोहमें डालकर चला गया है । जिसका उसने वध किया था, वह मायामयी जानकी थीं, ऐसा निश्चित समझिये ॥ १३ ॥

> चैत्यं निकुम्भिलामद्य प्राप्य होमं करिष्यति।  
> हुतवानुपयातो हि देवैरपि सवासवैः ॥ १४ ॥  
> दुराधर्षो भवत्येष संग्रामे रावणात्मजः।

‘वह इस समय निकुम्भिला-मन्दिरमें जाकर होम करेगा। और जब होम करके लौटेगा, उस समय उस रावणकुमारको संग्राममें परास्त करना इन्द्रसहित सम्पूर्ण देवताओंके लिये भी कठिन होगा ॥ १४½ ॥

> तेन मोहयता नूनमेषा माया प्रयोजिता ॥ १५ ॥  
> विघ्नमन्विच्छता तत्र वानराणां पराक्रमे।

‘निश्चय ही उसने हमलोगोंको मोहमें डालनेके लिये ही यह मायाका प्रयोग किया है । उसने सोचा होगा—यदि वानरोंका पराक्रम चलता रहा तो मेरे इस कार्यमें विघ्न पड़ेगा ( इसीलिये उसने ऐसा किया है ) ॥ १५½ ॥

> ससैन्यास्तत्र गच्छामो यावत्तन्न समाप्यते ॥ १६ ॥  
> त्यजैनं नरशार्दूल मिथ्या संतापमागतम्।

‘जबतक उसका होम-कर्म समाप्त नहीं होता, उसके पहले ही हमलोग सेनासहित निकुम्भिला-मन्दिरमें चले चलें । नरश्रेष्ठ ! झूठे ही प्राप्त हुए इस संतापको त्याग दीजिये ॥ १६½ ॥

> सीदते हि बलं सर्वं दृष्ट्वा त्वां शोककर्शितम् ॥ १७ ॥  
> इह त्वं स्वस्थहृदयस्तिष्ठ सत्त्वसमुच्छ्रितः।  
> लक्ष्मणं प्रेषयास्माभिः सह सैन्यानुकर्षिभिः ॥ १८ ॥

‘प्रभो ! आपको शोकसे संतप्त होते देख सारी सेना दुःखमें पड़ी हुई है । आप तो धैर्यमें सबसे बढ़े-चढ़े हैं; अतः स्वस्थचित्त होकर यहीं रहिये और सेनाको लेकर जाते हुए हम लोगोंके साथ लक्ष्मणजीको भेज दीजिये ॥ १७-१८॥

> एष तं नरशार्दूलो रावणिं निशितैः शरैः।  
> त्याजयिष्यति तत्कर्म ततो वध्यो भविष्यति ॥ १९ ॥

‘ये नरश्रेष्ठ लक्ष्मण अपने पैने बाणोंसे मारकर रावणकुमारको वह होमकर्म त्याग देनेके लिये विवश कर देंगे । इससे वह मारा जा सकेगा ॥ १९ ॥

> तस्यैते निशितास्तीक्ष्णाः पत्रिपत्राङ्गवाजिनः।  
> पतत्रिण इवासौम्याः शराः पास्यन्ति शोणितम् ॥ २० ॥

‘लक्ष्मणके ये पैने बाण जो पक्षियोंके अङ्गभूत परोंसे युक्त होनेके कारण बड़े वेगशाली हैं, कंक आदि क्रूर पक्षियोंके समान इन्द्रजित्के रक्तका पान करेंगे ॥ २० ॥

> तत् संदिश महाबाहो लक्ष्मणं शुभलक्षणम्।  
> राक्षसस्य विनाशाय वज्रं वज्रधरो यथा ॥ २१ ॥

‘अतः महाबाहो ! जैसे वज्रधारी इन्द्र दैत्योंके वधके लिये वज्रका प्रयोग करते हैं, उसी प्रकार आप उस राक्षसके विनाशके लिये शुभलक्षण-सम्पन्न लक्ष्मणको जानेकी आज्ञा दीजिये ॥ २१ ॥

> मनुजवर न कालविप्रकर्षो  
> रिपुनिधनं प्रति यत्क्षमोऽद्य कर्तुम्।  
> त्वमतिसृज रिपोर्वधाय वज्रं  
> दिविजरिपोर्मथने यथा महेन्द्रः ॥ २२ ॥

‘नरेश्वर ! शत्रुका विनाश करनेमें अब यह कालक्षेप करना उचित नहीं है । इसलिये आप शत्रुवधके लिये उसी तरह लक्ष्मणको भेजिये, जैसे देवद्रोही दैत्योंके विनाशके लिये देवराज इन्द्र वज्रका प्रयोग करते हैं ॥ २२ ॥

> समाप्तकर्मा हि स राक्षसर्षभो  
> भवत्यदृश्यः समरे सुरासुरैः ।  
> युयुत्सता तेन समाप्तकर्मणा  
> भवेत् सुराणामपि संशयो महान् ॥ २३ ॥

‘वह राक्षसशिरोमणि इन्द्रजित् जब अपना अनुष्ठान पूरा कर लेगा, तब समराङ्गणमें देवता और असुर भी उसे देख नहीं सकेंगे । अपना कर्म पूरा करके जब वह युद्धकी इच्छासे रणभूमिमें खड़ा होगा, उस समय देवताओंको भी अपने जीवनकी रक्षाके विषयमें महान् संदेह होने लगेगा’ ॥ २३ ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
