---
title: "युद्धकाण्ड, Sarga 49"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/yuddha-kanda/sarga-49"
lang: "hi"
---

# युद्धकाण्ड, Sarga 49

> घोरेण शरबन्धेन बद्धौ दशरथात्मजौ ।  
> निःश्वसन्तौ यथा नागौ शयानौ रुधिरोक्षितौ ॥ १ ॥

दशरथकुमार श्रीराम और लक्ष्मण भयंकर सर्पाकार बाणके बन्धनमें बँधे हुए-से पड़े थे । वे लहूलुहान हो रहे थे और फुफकारते हुए सर्पोंके समान साँस ले रहे थे ॥ १ ॥

> सर्वे ते वानरश्रेष्ठाः ससुग्रीवमहाबलाः ।  
> परिवार्य महात्मानौ तस्थुः शोकपरिप्लुताः ॥ २ ॥

‘उन दोनों महात्माओंको चारों ओरसे घेरकर सुग्रीव आदि सभी श्रेष्ठ महाबली वानर शोकमें डूबे खड़े थे ॥ २ ॥

> एतस्मिन्नन्तरे रामः प्रत्यबुध्यत वीर्यवान् ।  
> स्थिरत्वात् सत्त्वयोगाच्च शरैः संदानितोऽपि सन् ॥ ३ ॥

‘इसी बीचमें पराक्रमी श्रीराम नागपाशसे बँधे होनेपर भी अपने शरीरकी दृढ़ता और शक्तिमत्ताके कारण मूर्छासे जाग उठे ॥ ३ ॥

> ततो दृष्ट्वा सरुधिरं निषण्णं गाढमर्पितम् ।  
> भ्रातरं दीनवदनं पर्यदेवयदातुरः ॥ ४ ॥

‘उन्होंने देखा कि भाई लक्ष्मण बाणोंसे अत्यन्त घायल होकर खूनसे लथपथ हुए पड़े हैं और उनका चेहरा बहुत उतर गया है; अतः वे आतुर होकर विलाप करने लगे—॥४॥

> किं नु मे सीतया कार्यं लब्धया जीवितेन वा ।  
> शयानं योऽद्य पश्यामि भ्रातरं युधि निर्जितम् ॥ ५ ॥

‘हाय ! यदि मुझे सीता मिल भी गयीं तो मैं उन्हें लेकर क्या करूँगा ? अथवा इस जीवनको ही रखकर क्या करना है ? जब कि आज मैं अपने पराजित हुए भाईको युद्धस्थलमें पड़ा हुआ देख रहा हूँ ॥ ५ ॥

> शक्या सीतासमा नारी मर्त्यलोके विचिन्वता ।  
> न लक्ष्मणसमो भ्राता सचिवः साम्परायिकः ॥ ६ ॥

‘मर्त्यलोकमें ढूँढ़नेपर मुझे सीता-जैसी दूसरी स्त्री मिल सकती है; परंतु लक्ष्मणके समान सहायक और युद्धकुशल भाई नहीं मिल सकता ॥ ६ ॥

> परित्यक्ष्याम्यहं प्राणान् वानराणां तु पश्यताम् ।  
> यदि पञ्चत्वमापन्नः सुमित्रानन्दवर्धनः ॥ ७ ॥

‘सुमित्राके आनन्दको बढ़ानेवाले लक्ष्मण यदि जीवित न रहे तो मैं वानरोंके देखते-देखते अपने प्राणोंका परित्याग कर दूँगा ॥ ७ ॥

> किं नु वक्ष्यामि कौसल्यां मातरं किं नु कैकयीम् ।  
> कथमम्बां सुमित्रां च पुत्रदर्शनलालसाम् ॥ ८ ॥  
> विवत्सां वेपमानां च वेपन्तीं कुररीमिव ।  
> कथमाश्वासयिष्यामि यदि यास्यामि तं विना ॥ ९ ॥

‘लक्ष्मणके बिना यदि मैं अयोध्याको लौटूँ तो माता कौसल्या और कैकेयीको क्या जवाब दूँगा तथा अपने पुत्रको देखनेके लिये उत्सुक हो बछड़ेसे बिछुड़ी गायके समान काँपती और कुररीकी भाँति रोती-बिलखती माता सुमित्रासे क्या कहूँगा ? उन्हें किस तरह धैर्य बँधाऊँगा ? ॥ ८-९ ॥

> कथं वक्ष्यामि शत्रुघ्नं भरतं च यशस्विनम् ।  
> मया सह वनं यातो विना तेनाहमागतः ॥ १० ॥

‘मैं यशस्वी भरत और शत्रुघ्नसे किस तरह यह कह सकूँगा कि लक्ष्मण मेरे साथ वनको गये थे; किंतु मैं उन्हें वहीं खोकर उनके बिना ही लौट आया हूँ ॥ १० ॥

> उपालम्भं न शक्ष्यामि सोढुमम्बासुमित्रया ।  
> इहैव देहं त्यक्ष्यामि नहि जीवितुमुत्सहे ॥ ११ ॥

‘दोनों माताओंसहित सुमित्राका उपालम्भ मैं नहीं सह सकूँगा; अतः यहीं इस देहको त्याग दूँगा । अब मुझमें जीवित रहनेका उत्साह नहीं है ॥ ११ ॥

> धिग्घां दुष्कृतकर्माणमनार्यं यत्कृते ह्यसौ ।  
> लक्ष्मणः पतितः शेते शरतल्पे गतासुवत् ॥ १२ ॥

‘मुझ-जैसे दुष्कर्मी और अनार्यको धिक्कार है, जिसके कारण लक्ष्मण मरे हुएके समान बाण-शय्यापर सो रहे हैं ॥ १२ ॥

> त्वं नित्यं सुविषण्णं मामाश्वासयसि लक्ष्मण ।  
> गतासुर्नाद्य शक्तोऽसि मामार्तमभिभाषितुम् ॥ १३ ॥

‘लक्ष्मण ! जब मैं अत्यन्त विषादमें डूब जाता था, उस समय तुम्हीं सदा मुझे आश्वासन देते थे; परंतु आज तुम्हारे प्राण नहीं रहे, इसलिये आज तुम मुझ दुखियासे बात करने-में भी असमर्थ हो ॥ १३ ॥

> येनाद्य बहवो युद्धे निहता राक्षसाः क्षितौ ।  
> तस्यामेवाद्य शूरस्त्वं शेषे विनिहतः शरैः ॥ १४ ॥

‘भैया ! जिस रणभूमिमें आज तुमने बहुत-से राक्षसोंको मार गिराया था, उसीमें शूरवीर होकर भी तुम बाणोंद्वारा मारे जाकर सो रहे हो ॥ १४ ॥

> शयानः शरतल्पेऽस्मिन् सशोणितपरिस्रुतः ।  
> शरभूतस्ततो भासि भास्करोऽस्तमिव व्रजन् ॥ १५ ॥

‘इस बाण-शय्यापर तुम खूनसे लथपथ होकर पड़े हो और बाणोंसे व्याप्त होकर अस्ताचलको जाते हुए सूर्यके समान प्रकाशित हो रहे हो ॥ १५ ॥

> बाणाभिहतमर्मत्वान्न शक्तोषीह भाषितुम् ।  
> रुजा चाब्रुवतो यस्य दृष्टिरागेण सूच्यते ॥ १६ ॥

‘बाणोंसे तुम्हारा मर्मस्थल विदीर्ण हो गया, इसलिये तुम यहाँ बात भी नहीं कर सकते । यद्यपि तुम बोल नहीं रहे हो, तथापि तुम्हारे नेत्रोंकी लालीसे तुम्हारी मार्मिक पीड़ा सूचित हो रही है ॥ १६ ॥

> यथैव मां वनं यान्तमनुयातो महाद्युतिः ।  
> अहमप्यनुयास्यामि तथैवैनं यमक्षयम् ॥ १७ ॥

‘जिस तरह वनकी यात्रा करते समय महातेजस्वी लक्ष्मण मेरे पीछे-पीछे चले आये थे, उसी प्रकार मैं भी यमलोकमें इनका अनुसरण करूँगा ॥ १७ ॥

> इष्टबन्धुजनो नित्यं मां च नित्यमनुव्रतः ।  
> इमामद्य गतोऽवस्थां ममानार्यस्य दुर्नयैः ॥ १८ ॥

‘जो मेरे प्रिय बन्धुजन थे और सदा मुझमें अनुराग एवं भक्तिभाव रखते थे, वे ही लक्ष्मण आज मुझ अनार्यकी दुर्नीतियोंके कारण इस अवस्थाको पहुँच गये ॥ १८ ॥

> सुरुष्टेनापि वीरेण लक्ष्मणेन न संसरे ।  
> परुषं विप्रियं चापि श्रावितं तु कदाचन ॥ १९ ॥

‘मुझे ऐसा कोई प्रसंग याद नहीं आता, जब कि वीर लक्ष्मणने अत्यन्त कुपित होनेपर भी मुझे कभी कोई कठोर या अप्रिय बात सुनायी हो ॥ १९ ॥

> विसमर्जैकवेगेन पञ्च बाणशतानि यः ।  
> इष्वस्त्रेष्वधिकस्तस्मात् कार्तवीर्याच्च लक्ष्मणः ॥ २० ॥

‘लक्ष्मण एक ही वेगसे पाँच सौ बाणोंकी वर्षा करते थे; इसलिये धनुर्विद्यामें कार्तवीर्य अर्जुनसे भी बढ़कर थे ॥ २० ॥

> अस्त्रैरस्त्राणि यो हन्याच्छक्रस्यापि महात्मनः ।  
> सोऽयमुर्व्यां हतः शेते महार्हशयनोचितः ॥ २१ ॥

‘जो अपने अस्त्रोंद्वारा महात्मा इन्द्रके भी अस्त्रोंको काट सकते थे, वे ही बहुमूल्य शय्यापर सोने योग्य लक्ष्मण आज स्वयं मारे जाकर पृथ्वीपर सो रहे हैं ॥ २१ ॥

> तत्तु मिथ्या प्रलप्तं मां प्रधक्ष्यति न संशयः ।  
> यन्मया न कृतो राजा राक्षसानां विभीषणः ॥ २२ ॥  
> अस्मिन् मुहूर्ते सुग्रीव प्रतियातुमितोऽर्हसि ।  
> मत्वा हीनं मया राजन् रावणोऽभिभविष्यति ॥ २३ ॥

‘मैं विभीषणको राक्षसोंका राजा न बना सका; अतः मेरा वह झूठा प्रलाप मुझे सदा जलाता रहेगा, इसमें संशय नहीं है ॥ ‘वानरराज सुग्रीव ! तुम इसी मुहूर्तमें यहाँसे लौट जाओ; क्योंकि मेरे बिना तुम्हें असहाय समझकर रावण तुम्हारा तिरस्कार करेगा ॥ २३ ॥

> अङ्गदं तु पुरस्कृत्य ससैन्यं सपरिच्छदम् ।  
> सागरं तर सुग्रीव नीलेन च नलेन च ॥ २४ ॥

‘मित्र सुग्रीव ! सेना और सामग्रियोंसहित अङ्गदको आगे करके नल और नीलके साथ तुम समुद्रके पार चले जाओ ॥ २४ ॥

> कृतं हि सुमहत्कर्म यदन्यैर्दुष्करं रणे ।  
> ऋक्षराजेन तुष्यामि गोलाङ्गूलाधिपेन च ॥ २५ ॥

‘मैं लंगूरोंके स्वामी गवाक्ष तथा ऋक्षराज जाम्बवान्से भी बहुत संतुष्ट हूँ । तुम सब लोगोंने युद्धमें वह महान् पुरुषार्थ कर दिखाया है, जो दूसरोंके लिये अत्यन्त दुष्कर था ॥ २५ ॥

> अङ्गदेन कृतं कर्म मैन्देन द्विविदेन च ।  
> युद्धं केसरिणा संख्ये घोरं सम्पातिना कृतम् ॥ २६ ॥

‘अङ्गद, मैन्द और द्विविदने भी महान् पराक्रम प्रकट किया है । केसरी और सम्पातिने भी समराङ्गणमें घोर युद्ध किया है ॥ २६ ॥

> गवयेन गवाक्षेण शरभेण गजेन च ।  
> अन्यैश्च हरिभिर्युद्धं मदर्थे त्यक्तजीवितैः ॥ २७ ॥

‘गवय, गवाक्ष, शरभ, गज तथा अन्य वानरोंने भी मेरे लिये प्राणोंका मोह छोड़कर संग्राम किया है ॥ २७ ॥

> न चातिक्रमितुं शक्यं दैवं सुग्रीव मानुषैः ।  
> यत्तु शक्यं वयस्येन सुहृदा वा परं मम ॥ २८ ॥  
> कृतं सुग्रीव तत् सर्वं भवता धर्मभीरुणा ।  
> मित्रकार्यं कृतमिदं भवद्भिर्वानरर्षभाः ॥ २९ ॥  
> अनुज्ञाता मया सर्वे यथेष्टं गन्तुमर्हथ ।

‘किंतु सुग्रीव ! मनुष्योंके लिये दैवके विधानको लाँघना असम्भव है । मेरे परम मित्र अथवा उत्तम सुहृद्के नाते तुम-जैसे धर्मभीरु पुरुषके द्वारा जो कुछ किया जा सकता था, वह सब तुमने किया है । वानरशिरोमणियो ! तुम सबने मिलकर मित्रके इस कार्यको सम्पन्न किया है । अब मैं आज्ञा देता हूँ—तुम सब जहाँ इच्छा हो, वहाँ चले जाओ’ ॥२८-२९½॥

> शुश्रुवुस्तस्य ये सर्वे वानराः परिदेवितम् ॥ ३० ॥  
> वर्तयांचक्रिरेऽश्रूणि नेत्रैः कृष्णेतरेक्षणाः ॥ ३१ ॥  
> ततः सर्वाण्यनीकानि स्थापयित्वा विभीषणः ।  
> आजगाम गदापाणिस्त्वरितं यत्र राघवः ॥ ३२ ॥

भगवान् श्रीरामका यह विलाप भूरी आँखोंवाले जिन-जिन वानरोंने सुना, वे सब अपने नेत्रोंसे आँसू बहाने लगे ॥ तदनन्तर समस्त सेनाओंको स्थिरतापूर्वक स्थापित करके विभीषण हाथमें गदा लिये तुरंत उस स्थानपर लौट आये, जहाँ श्रीरामचन्द्रजी विद्यमान थे ॥ ३२ ॥

> तं दृष्ट्वा त्वरितं यान्तं नीलाञ्जनचयोपमम् ।  
> वानरा दुद्रुवुः सर्वे मन्यमानास्तु रावणिम् ॥ ३३ ॥

काले कोयलोंकी राशिके समान कृष्ण कान्तिवाले विभीषणको शीघ्रतापूर्वक आते देख सब वानर उन्हें रावणपुत्र इन्द्रजित् समझकर इधर-उधर भागने लगे ॥ ३३ ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
