---
title: "युद्धकाण्ड, Sarga 44"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/yuddha-kanda/sarga-44"
lang: "hi"
---

# युद्धकाण्ड, Sarga 44

> युध्यतामेव तेषां तु तदा वानररक्षसाम् ।  
> रविरस्तं गतो रात्रिः प्रवृत्ता प्राणहारिणी ॥ १ ॥

इस प्रकार उन वानर और राक्षसोंमें युद्ध चल ही रहा था कि सूर्यदेव अस्त हो गये तथा प्राणोंका संहार करनेवाली रात्रिका आगमन हुआ ॥ १ ॥

> अन्योन्यं बद्धवैराणां घोराणां जयमिच्छताम् ।  
> सम्प्रवृत्तं निशायुद्धं तदा वानरराक्षसाम् ॥ २ ॥

वानरों और राक्षसोंमें परस्पर वैर बँध गया था । दोनों ही पक्षोंके योद्धा बड़े भयंकर थे तथा अपनी-अपनी विजय चाहते थे; अतः उस समय उनमें रात्रियुद्ध होने लगा ॥ २ ॥

> राक्षसोऽसीति हरयो वानरोऽसीति राक्षसाः ।  
> अन्योन्यं समरे जघ्नुस्तस्मिंस्तमसि दारुणे ॥ ३ ॥

उस दारुण अन्धकारमें वानरलोग अपने विपक्षीसे पूछते थे, क्या तुम राक्षस हो ? और राक्षसलोग भी पूछते थे, क्या तुम वानर हो ? इस प्रकार पूछ-पूछकर समराङ्गणमें वे एक दूसरेपर प्रहार करते थे ॥ ३ ॥

> हत दारय चैहीति कथं विद्रवसीति च ।  
> एवं सुतुमुलः शब्दस्तस्मिन् सैन्ये तु शुश्रुवे ॥ ४ ॥

सेनामें सब ओर ‘मारो, काटो, आओ तो, क्यों भागे जाते हो’—ये भयंकर शब्द सुनायी दे रहे थे ॥ ४ ॥

> कालाः काञ्चनसंनाहास्तस्मिंस्तमसि राक्षसाः ।  
> सम्प्रदृश्यन्त शैलेन्द्रा दीप्तौषधिवना इव ॥ ५ ॥

काले-काले राक्षस सुवर्णमय कवचोंसे विभूषित होकर उस अन्धकारमें ऐसे दिखायी देते थे, मानो चमकती हुई ओषधियोंके वनसे युक्त काले पहाड़ हों ॥ ५ ॥

> तस्मिंस्तमसि दुष्पारे राक्षसाः क्रोधमूर्च्छिताः ।  
> परिपेतुर्महावेगा भक्षयन्तः प्लवङ्गमान् ॥ ६ ॥

उस अन्धकारसे पार पाना कठिन हो रहा था । उसमें क्रोधसे अधीर हुए महान् वेगशाली राक्षस वानरोंको खाते हुए उनपर सब ओरसे टूट पड़े ॥ ६ ॥

> ते हयान् काञ्चनापीडान् ध्वजांश्चाशीविषोपमान् ।  
> आप्लुत्य दशनैस्तीक्ष्णैर्भीमकोपा व्यदारयन् ॥ ७ ॥

तब वानरोंका कोप बड़ा भयानक हो उठा । वे उछल-उछलकर अपने तीखे दाँतोंद्वारा सुनहरे साजसे सजे हुए राक्षस-दलके घोड़ोंको और विषधर सर्पोंके समान दिखायी देनेवाले उनके ध्वजोंको भी विदीर्ण कर देते थे ॥ ७ ॥

> वानरा बलिनो युद्धेऽक्षोभयन् राक्षसीं चमूम् ।  
> कुञ्जरान् कुञ्जरारोहान् पताकाध्वजिनो रथान् ॥ ८ ॥  
> चकर्षुश्च ददंशुश्च दशनैः क्रोधमूर्च्छिताः ।

बलवान् वानरोंने युद्धमें राक्षस-सेनाके भीतर हलचल मचा दी । वे सब-के-सब क्रोधसे पागल हो रहे थे; अतः हाथियों एवं हाथीसवारोंको तथा ध्वजा-पताकासे सुशोभित रथोंको भी खींच लेते और दाँतोंसे काट-काटकर क्षत-विक्षत कर देते थे ॥ ८½ ॥

> लक्ष्मणश्चापि रामश्च शरैराशीविषोपमैः ॥ ९ ॥  
> दृश्यादृश्यानि रक्षांसि प्रवराणि निजघ्नतुः ।

बड़े-बड़े राक्षस कभी प्रकट होकर युद्ध करते थे और कभी अदृश्य हो जाते थे; परंतु श्रीराम और लक्ष्मण विषधर सर्पोंके समान अपने बाणोंद्वारा दृश्य और अदृश्य सभी राक्षसोंको मार डालते थे ॥ ९½ ॥

> तुरंगखुरविध्वस्तं रथनेमिसमुत्थितम् ॥ १० ॥  
> रुरोध कर्णनेत्राणि युध्यतां धरणीरजः ।  
> वर्तमाने तथा घोरे संग्रामे लोमहर्षणे ।  
> रुधिरौघा महाघोरा नद्यस्तत्र विसुस्रुवुः ॥ ११ ॥

घोड़ोंकी टापसे चूर्ण होकर रथके पहियोंसे उड़ायी हुई धरतीकी धूल योद्धाओंके कान और नेत्र बंद कर देती थी ॥ इस प्रकार रोमाञ्चकारी भयंकर संग्रामके छिड़ जानेपर वहाँ रक्तके प्रवाहको बहानेवाली खूनकी बड़ी भयंकर नदियाँ बहने लगीं ॥ ११ ॥

> ततो भेरीमृदङ्गानां पणवानां च निःस्वनः ।  
> शङ्खनेमिस्वनोन्मिश्रः सम्बभूवाद्भुतोपमः ॥ १२ ॥

तदनन्तर भेरी, मृदङ्ग और पणव आदि बाजोंकी ध्वनि होने लगी, जो शङ्खोंके शब्द तथा रथके पहियोंकी घर्घराहटसे मिलकर बड़ी अद्भुत जान पड़ती थी ॥ १२ ॥

> हतानां स्तनमानानां राक्षसानां च निःस्वनः ।  
> शस्तानां वानराणां च सम्बभूवात्र दारुणः ॥ १३ ॥

घायल होकर कराहते हुए राक्षसों और शस्त्रोंसे क्षत-विक्षत हुए बानरोंका आर्तनाद वहाँ बड़ा भयंकर प्रतीत होता था ॥ १३ ॥

> हतैर्वानरमुख्यैश्च शक्तिशूलपरश्वधैः ।  
> निहतैः पर्वताकारै राक्षसैः कामरूपिभिः ॥ १४ ॥  
> शस्त्रपुष्पोपहारा च तत्रासीद् युद्धमेदिनी ।  
> दुर्ज्ञेया दुर्निवेशा च शोणितास्रावकर्दमा ॥ १५ ॥

शक्ति, शूल और फरसोंसे मारे गये मुख्य-मुख्य वानरों तथा वानरोंद्वारा कालके गालमें डाले गये इच्छानुसार रूप धारण करनेमें समर्थ पर्वताकार राक्षसोंसे उपलक्षित उस युद्धभूमिमें रक्तके प्रवाहसे कीच हो गयी थी । उसे पहचानना कठिन हो रहा था तथा वहाँ ठहरना तो और मुश्किल हो गया था । ऐसा जान पड़ता था उस भूमिको शस्त्ररूपी पुष्पोंका उपहार अर्पित किया गया है ॥ १४-१५ ॥

> सा बभूव निशा घोरा हरिराक्षसहारिणी ।  
> कालरात्रीव भूतानां सर्वेषां दुरतिक्रमा ॥ १६ ॥

बानरों और राक्षसोंका संहार करनेवाली वह भयंकर रजनी कालरात्रिके समान समस्त प्राणियोंके लिये दुर्लङ्घ्य हो गयी थी ॥ १६ ॥

> ततस्ते राक्षसास्तत्र तस्मिंस्तमसि दारुणे ।  
> राममेवाभ्यवर्तन्त संहृष्टाः शरवृष्टिभिः ॥ १७ ॥

तदनन्तर उस दारुण अन्धकारमें वहाँ वे सब राक्षस हर्ष और उत्साहमें भरकर बाणोंकी वर्षा करते हुए श्रीरामपर ही धावा करने लगे ॥ १७ ॥

> तेषामापततां शब्दः क्रुद्धानामपि गर्जताम् ।  
> उद्वर्त इव सप्तानां समुद्राणामभूत् स्वनः ॥ १८ ॥

उस समय कुपित हो गर्जना करते हुए उन आक्रमणकारी राक्षसोंका शब्द प्रलयके समय सातों समुद्रोंके महान् कोलाहल-सा जान पड़ता था ॥ १८ ॥

> तेषां रामः शरैः षड्भिः षड् जघान निशाचरान् ।  
> निमेषान्तरमात्रेण शरैरग्निशिखोपमैः ॥ १९ ॥

तब श्रीरामचन्द्रजीने पलक मारते-मारते अग्निज्वालाके समान छः भयानक बाणोंसे निम्नाङ्कित छः निशाचरोंको घायल कर दिया ॥ १९ ॥

> यज्ञशत्रुश्च दुर्धर्षो महापार्श्वमहोदरौ ।  
> वज्रदंष्ट्रो महाकायस्तौ चोभौ शुकसारणौ ॥ २० ॥  
> ते तु रामेण बाणौघैः सर्वमर्मसु ताडिताः ।  
> युद्धादपसृतास्तत्र सावशेषायुषोऽभवन् ॥ २१ ॥

उनके नाम इस प्रकार हैं—दुर्धर्ष वीर यज्ञशत्रु, महापार्श्व, महोदर, महाकाय, वज्रदंष्ट्र तथा वे दोनों शुक और सारण ॥ श्रीरामके बाणसमूहोंसे सारे मर्मस्थानोंमें चोट पहुँचनेके कारण वे छहों राक्षस युद्ध छोड़कर भाग गये; इसीलिये उनकी आयु शेष रह गयी—जान बच गयी ॥ २१ ॥

> निमेषान्तरमात्रेण घोरैरग्निशिखोपमैः ।  
> दिशश्चकार विमलाः प्रदिशश्च महारथः ॥ २२ ॥

महारथी श्रीरामने अग्नि-शिखाके समान प्रज्वलित भयंकर बाणोंद्वारा पलक मारते-मारते सम्पूर्ण दिशाओं और उनके कोणोंको निर्मल ( प्रकाशपूर्ण ) कर दिया ॥ २२ ॥

> ये त्वन्ये राक्षसा वीरा रामस्याभिमुखे स्थिताः ।  
> तेऽपि नष्टाः समासाद्य पतङ्गा इव पावकम् ॥ २३ ॥

दूसरे भी जो-जो राक्षसवीर श्रीरामके सामने खड़े थे, वे भी उसी प्रकार नष्ट हो गये, जैसे आगमें पड़कर पतिंगे जल जाते हैं ॥ २३ ॥

> सुवर्णपुङ्खैर्विशिखैः सम्पतद्भिः समन्ततः ।  
> बभूव रजनी चित्रा खद्योतैरिव शारदी ॥ २४ ॥

चारों ओर सुवर्णमय पङ्खवाले बाण गिर रहे थे । उनकी प्रभासे वह रजनी जुगुनुओंसे विचित्र दिखायी देनेवाली शरद् ऋतुकी रात्रिके समान अद्भुत प्रतीत होती थी ॥२४॥

> राक्षसानां च निनदैर्भेरीणां चैव निःस्वनैः ।  
> सा बभूव निशा घोरा भूयो घोरतराभवत् ॥ २५ ॥

राक्षसोंके सिंहनादों और भेरियोंकी आवाजोंसे वह भयानक रात्रि और भी भयंकर हो उठी थी ॥ २५ ॥

> तेन शब्देन महता प्रवृद्धेन समन्ततः ।  
> त्रिकूटः कंदराकीर्णः प्रव्याहरदिवाचलः ॥ २६ ॥

सब ओर फैले हुए उस महान् शब्दसे प्रतिध्वनित हो कन्दराओंसे व्याप्त त्रिकूट पर्वत मानो किसीकी बातका उत्तर देता-सा जान पड़ता था ॥ २६ ॥

> गोलाङ्गूला महाकायास्तमसा तुल्यवर्चसः ।  
> सम्परिष्वज्य बाहुभ्यां भक्षयन् रजनीचरान् ॥ २७ ॥

लंगूर जातिके विशालकाय बानर जो अन्धकारके समान काले थे, निशाचरोंको दोनों भुजाओंमें कसकर मार डालते और उन्हें कुत्ते आदिको खिला देते थे ॥ २७ ॥

> अङ्गदस्तु रणे शत्रून् निहन्तुं समुपस्थितः ।  
> रावणिं निजघानाशु सारथिं च हयानपि ॥ २८ ॥

दूसरी ओर अङ्गद रणभूमिमें शत्रुओंका संहार करनेके लिये आगे बढ़े । उन्होंने रावणपुत्र इन्द्रजित्को घायल कर दिया तथा उसके सारथि और घोड़ोंको भी यमलोक पहुँचा दिया ॥ २८ ॥

> इन्द्रजित् तु रथं त्यक्त्वा हताश्वो हतसारथिः ।  
> अङ्गदेन महायस्तस्तत्रैवान्तरधीयत ॥ २९ ॥

अङ्गदके द्वारा घोड़े और सारथिके मारे जानेपर महान् कष्टमें पड़ा हुआ इन्द्रजित् रथको छोड़कर वहीं अन्तर्धान हो गया ॥ २९ ॥

> तत् कर्म वालिपुत्रस्य सर्वे देवाः सहर्षिभिः ।  
> तुष्टुवुः पूजनार्हस्य तौ चोभौ रामलक्ष्मणौ ॥ ३० ॥

प्रशंसाके योग्य वालिकुमार अङ्गदके उस पराक्रमकी ऋषियोंसहित देवताओं तथा दोनों भाई श्रीराम और लक्ष्मणने भी भूरि-भूरि प्रशंसा की ॥ ३० ॥

> प्रभावं सर्वभूतानि विदुरिन्द्रजितो युधि ।  
> ततस्ते तं महात्मानं दृष्ट्वा तुष्टाः प्रधर्षितम् ॥ ३१ ॥

सम्पूर्ण प्राणी युद्धमें इन्द्रजित्के प्रभावको जानते थे; अतः अङ्गदके द्वारा उसको पराजित हुआ देख उन महात्मा अङ्गदपर दृष्टिपात करके सबको बड़ी प्रसन्नता हुई ॥ ३१ ॥

> ततः प्रहृष्टाः कपयः ससुग्रीवविभीषणाः ।  
> साधुसाध्विति नेदुश्च दृष्ट्वा शत्रुं पराजितम् ॥ ३२ ॥  
> इन्द्रजित् तु तदानेन निर्जितो भीमकर्मणा ।  
> संयुगे बालिपुत्रेण क्रोधं चक्रे सुदारुणम् ॥ ३३ ॥

शत्रुको पराजित हुआ देख सुग्रीव और विभीषणसहित सब बानर बड़े प्रसन्न हुए और अङ्गदको साधुवाद देने लगे ॥ युद्धस्थलमें भयानक कर्म करनेवाले वालिपुत्र अङ्गदसे पराजित होकर इन्द्रजित्ने बड़ा भयंकर क्रोध प्रकट किया ॥३३॥

> सोऽन्तर्धानगतः पापो रावणी रणकर्शितः ।  
> ब्रह्मदत्तवरो वीरो रावणिः क्रोधमूर्च्छितः ॥ ३४ ॥  
> अदृश्यो निशितान् बाणान् मुमोचाशनिवर्चसः ।

रावणकुमार वीर इन्द्रजित् ब्रह्माजीसे वर प्राप्त कर चुका था। युद्धमें अधिक कष्ट पानेके कारण वह पापी रावणपुत्र क्रोधसे अचेत-सा हो रहा था; अतः अन्तर्धान-विद्याका आश्रय ले अदृश्य हो उसने वज्रके समान तेजस्वी और तीखे बाण बरसाने आरम्भ किये ॥ ३४½ ॥

> रामं च लक्ष्मणं चैव घोरैर्नागमयैः शरैः ॥ ३५ ॥  
> बिभेद समरे क्रुद्धः सर्वगात्रेषु राक्षसः ।

समराङ्गणमें कुपित हुए इन्द्रजित्ने घोर सर्पमय बाणोंद्वारा श्रीराम और लक्ष्मणको घायल कर दिया । वे दोनों रघुवंशी बन्धु अपने सभी अङ्गोंमें चोट खाकर क्षत-विक्षत हो रहे थे ॥ ३५½ ॥

> मायया संवृतस्तत्र मोहयन् राघवौ युधि ॥ ३६ ॥  
> अदृश्यः सर्वभूतानां कूटयोधी निशाचरः ।  
> बबन्ध शरबन्धेन भ्रातरौ रामलक्ष्मणौ ॥ ३७ ॥

मायासे आवृत हो समस्त प्राणियोंके लिये अदृश्य होकर वहाँ कूटयुद्ध करनेवाले उस निशाचरने युद्धस्थलमें दोनों रघुवंशी बन्धु श्रीराम और लक्ष्मणको मोहमें डालते हुए उन्हें सर्पाकार बाणोंके बन्धनमें बाँध लिया ॥ ३६-३७ ॥

> तौ तेन पुरुषव्याघ्रौ क्रुद्धेनाशीविषैः शरैः ।  
> सहसाभिहतौ वीरौ तदा प्रेक्षन्त वानराः ॥ ३८ ॥

इस प्रकार क्रोधसे भरे हुए इन्द्रजित्ने उन दोनों पुरुषप्रवर वीरोंको सहसा सर्पाकार बाणोंद्वारा बाँध लिया । उस समय वानरोंने उन्हें नागपाशमें बद्ध देखा ॥ ३८ ॥

> प्रकाशरूपस्तु यदा न शक्त-  
> स्तौ बाधितुं राक्षसराजपुत्रः ।  
> मायां प्रयोक्तुं समुपाजगाम  
> बबन्ध तौ राजसुतौ दुरात्मा ॥ ३९ ॥

प्रकटरूपसे युद्ध करते समय जब राक्षसराजकुमार इन्द्रजित् उन दोनों राजकुमारोंको बाधा देनेमें समर्थ न हो सका, तब उनपर मायाका प्रयोग करनेको उतारू हो गया और उन दोनों भाइयोंको उस दुरात्माने बाँध लिया ॥ ३९ ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
