---
title: "युद्धकाण्ड, Sarga 31"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/yuddha-kanda/sarga-31"
lang: "hi"
---

# युद्धकाण्ड, Sarga 31

> ततस्तमक्षोभ्यबलं लङ्कायां नृपतेश्चराः ।  
> सुवेले राघवं शैले निविष्टं प्रत्यवेदयन् ॥ १ ॥  
> चाराणां रावणः श्रुत्वा प्राप्तं रामं महाबलम् ।  
> जातोद्वेगोऽभवत् किंचित् सचिवानिदमब्रवीत् ॥ २ ॥

राक्षसराज रावणके गुप्तचरोंने जब लङ्कामें लौटकर यह बताया कि श्रीरामचन्द्रजीकी सेना सुवेल पर्वतपर आकर ठहरी है और उसपर विजय पाना असम्भव है, तब उन गुप्तचरोंकी बात सुनकर और महाबली श्रीराम आ गये, यह जानकर रावणको कुछ उद्वेग हुआ । उसने अपने मन्त्रियोंसे इस प्रकार कहा—॥ १-२ ॥

> मन्त्रिणः शीघ्रमायान्तु सर्वे वै सुसमाहिताः ।  
> अयं नो मन्त्रकालो हि सम्प्राप्त इति राक्षसाः ॥ ३ ॥

‘मेरे सभी मन्त्री एकाग्रचित्त होकर शीघ्र यहाँ आ जायँ । राक्षसो ! यह हमारे लिये गुप्त मन्त्रणा करनेका अवसर आ गया है’ ॥ ३ ॥

> तस्य तच्छासनं श्रुत्वा मन्त्रिणोऽभ्यागमन् द्रुतम् ।  
> ततः स मन्त्रयामास राक्षसैः सचिवैः सह ॥ ४ ॥

रावणका आदेश सुनकर समस्त मन्त्री शीघ्रतापूर्वक वहाँ आ गये । तब रावणने उन राक्षसजातीय सचिवोंके साथ बैठकर आवश्यक कर्तव्यपर विचार किया ॥ ४ ॥

> मन्त्रयित्वा तु दुर्धर्षः क्षमं यत् तदनन्तरम् ।  
> विसर्जयित्वा सचिवान् प्रविवेश स्वमालयम् ॥ ५ ॥

दुर्धर्ष वीर रावणने जो उचित कर्तव्य था, उसके विषयमें शीघ्र ही विचार-विमर्श करके उन सचिवोंको विदा कर दिया और अपने भवनमें प्रवेश किया ॥ ५ ॥

> ततो राक्षसमादाय विद्युज्जिह्वं महाबलम् ।  
> मायाविनं महामायं प्राविशद् यत्र मैथिली ॥ ६ ॥

फिर उसने महाबली, महामायावी, मायाविशारद राक्षस विद्युज्जिह्वको साथ लेकर उस प्रमदावनमें प्रवेश किया, जहाँ मिथिलेशकुमारी सीता विद्यमान थीं ॥ ६ ॥

> विद्युज्जिह्वं च मायाज्ञमब्रवीद् राक्षसाधिपः ।  
> मोहयिष्यावहे सीतां मायया जनकात्मजाम् ॥ ७ ॥

उस समय राक्षसराज रावणने माया जाननेवाले विद्युज्जिह्वसे कहा—‘हम दोनों मायाद्वारा जनकनन्दिनी सीताको मोहित करेंगे ॥ ७ ॥

> शिरो मायामयं गृह्य राघवस्य निशाचर ।  
> मां त्वं समुपतिष्ठस्व महच्च सशरं धनुः ॥ ८ ॥

‘निशाचर ! तुम श्रीरामचन्द्रजीका मायानिर्मित मस्तक लेकर एक महान् धनुष-बाणके साथ मेरे पास आओ’ ॥८॥

> एवमुक्तस्तथेत्याह विद्युज्जिह्वो निशाचरः ।  
> दर्शयामास तां मायां सुप्रयुक्तां स रावणे ॥ ९ ॥

रावणकी यह आज्ञा पाकर निशाचर विद्युज्जिह्वने कहा—‘बहुत अच्छा’ । फिर उसने रावणको बड़ी कुशलतासे प्रकट की हुई अपनी माया दिखायी ॥ ९ ॥

> तस्य तुष्टोऽभवद् राजा प्रददौ च विभूषणम् ।  
> अशोकवनिकायां च सीतादर्शनलालसः ॥ १० ॥  
> नैर्ऋतानामधिपतिः संविवेश महाबलः ।  
> ततो दीनामदैन्यार्हां ददर्श धनदानुजः ॥ ११ ॥  
> अधोमुखीं शोकपरामुपविष्टां महीतले ।  
> भर्तारं समनुध्यान्तीमशोकवनिकां गताम् ॥ १२ ॥

इससे राजा रावण उसपर बहुत प्रसन्न हुआ और उसे अपना आभूषण उतारकर दे दिया । फिर वह महाबली राक्षसराज सीताजीको देखनेके लिये अशोकवाटिकामें गया ॥ कुबेरके छोटे भाई रावणने वहाँ सीताको दीन दशामें पड़ी देखा, जो उस दीनताके योग्य नहीं थीं । वे अशोकवाटिकामें रहकर भी शोकमग्न थीं और सिर नीचा किये पृथ्वीपर बैठकर अपने पतिदेवका चिन्तन कर रही थीं॥११-१२॥

> उपास्यमानां घोराभी राक्षसीभिर्दूरतः ।  
> उपसृत्य ततः सीतां प्रहर्षं नाम कीर्तयन् ॥ १३ ॥  
> इदं च वचनं धृष्टमुवाच जनकात्मजाम् ।

उनके आसपास बहुत-सी भयंकर राक्षसियाँ बैठी थीं । रावणने बड़े हर्षके साथ अपना नाम बताते हुए जनककिशोरी सीताके पास जाकर धृष्टतापूर्ण वचनोंमें कहा—॥ १३½ ॥

> सान्त्व्यमाना मया भद्रे यमाश्रित्य विमन्यसे ॥ १४ ॥  
> खरहन्ता स ते भर्ता राघवः समरे हतः ।

‘भद्रे ! मेरे बार-बार सान्त्वना देने और प्रार्थना करनेपर भी तुम जिनका आश्रय लेकर मेरी बात नहीं मानती थीं, खरका वध करनेवाले वे तुम्हारे पतिदेव श्रीराम समरभूमिमें मारे गये ॥ १४½ ॥

> छिन्नं ते सर्वथा मूलं दर्पश्च निहतो मया ॥ १५॥  
> व्यसनेनात्मनः सीते मम भार्या भविष्यसि ।  
> विसृजैतां मतिं मूढे किं मृतेन करिष्यसि ॥ १६ ॥

‘तुम्हारी जो जड़ थी, सर्वथा कट गयी । तुम्हारे दर्पको मैंने चूर्ण कर दिया । अब अपने ऊपर आये हुए इस संकटसे ही विवश होकर तुम स्वयं मेरी भार्या बन जाओगी । मूढ़ सीते ! अब यह रामविषयक चिन्तन छोड़ दो । उस मरे हुए रामको लेकर क्या करोगी ॥ १५-१६ ॥

> भवस्व भद्रे भार्याणां सर्वासामीश्वरी मम ।  
> अल्पपुण्ये निवृत्तार्थे मूढे पण्डितमानिनि ।  
> शृणु भर्तृवधं सीते घोरं वृत्रवधं यथा ॥ १७ ॥

‘भद्रे ! मेरी सब रानियोंकी स्वामिनी बन जाओ । मूढे ! तुम अपनेको बड़ी बुद्धिमती समझती थी न । तुम्हारा पुण्य बहुत कम हो गया था । इसीलिये ऐसा हुआ है । अब रामके मारे जानेसे तुम्हारा जो उनकी प्राप्तिरूप प्रयोजन था, वह समाप्त हो गया । सीते ! यदि सुनना चाहो तो वृत्रासुरके वधकी भयंकर घटनाके समान अपने पतिके मारे जानेका घोर समाचार सुन लो ॥ १७ ॥

> समायातः समुद्रान्तं हन्तुं मां किल राघवः ।  
> वानरेन्द्रप्रणीतेन बलेन महता वृतः ॥ १८ ॥

‘कहा जाता है राम मुझे मारनेके लिये समुद्रके किनारेतक आये थे । उनके साथ वानरराज सुग्रीवकी लायी हुई विशाल सेना भी थी ॥१८॥

> संनिविष्टः समुद्रस्य पीड्य तीरमथोत्तरम् ।  
> बलेन महता रामो व्रजत्यस्तं दिवाकरे ॥ १९ ॥  
> अथाध्वनि परिश्रान्तमर्धरात्रे स्थितं बलम् ।  
> सुखसुप्तं समासाद्य चरितं प्रथमं चरैः ॥ २० ॥

‘उस विशाल सेनाके द्वारा राम समुद्रके उत्तर तटको दबाकर ठहरे । उस समय सूर्यदेव अस्ताचलको चले गये थे ॥ ‘जब आधी रात हुई, उस समय रास्तेकी थकी-माँदी सारी सेना सुखपूर्वक सो गयी थी । उस अवस्थामें वहाँ पहुँचकर मेरे गुप्तचरोंने पहले तो उसका भलीभाँति निरीक्षण किया ॥ २० ॥

> तत्प्रहस्तप्रणीतेन बलेन महता मम ।  
> बलमस्य हतं रात्रौ यत्र रामः सलक्ष्मणः ॥ २१ ॥

‘फिर प्रहस्तके सेनापतित्वमें वहाँ गयी हुई मेरी बहुत बड़ी सेनाने रातमें, जहाँ राम और लक्ष्मण थे, उस वानर-सेनाको नष्ट कर दिया ॥ २१ ॥

> पट्टिशान् परिघांश्चक्रानृष्टीन् दण्डान् महायुधान् ।  
> बाणजालानि शूलानि भास्वरान् कूटमुद्गरान् ॥ २२ ॥  
> यष्टीश्च तोमरान् प्रासांश्चक्राणि मुसलानि च ।  
> उद्यम्योद्यम्य रक्षोभिर्वानरेषु निपातिताः ॥ २३ ॥

‘उस समय राक्षसोंने पट्टिश, परिघ, चक्र, ऋष्टि, दण्ड, बड़े-बड़े आयुध, बाणोंके समूह, त्रिशूल; चमकीले कूट और मुद्गर, डंडे, तोमर, प्रास तथा मूसल उठा-उठाकर वानरोंपर प्रहार किया था ॥ २२-२३ ॥

> अथ सुप्तस्य रामस्य प्रहस्तेन प्रमाथिना ।  
> असक्तं कृतहस्तेन शिरश्छिन्नं महासिना ॥ २४ ॥

‘तदनन्तर शत्रुओंको मथ डालनेवाले प्रहस्तने, जिसके हाथ खूब सधे हुए हैं, बहुत बड़ी तलवार हाथमें लेकर उससे बिना किसी रुकावटके रामका मस्तक काट डाला ॥ २४ ॥

> विभीषणः समुत्पत्य निगृहीतो यदृच्छया ।  
> दिशः प्रव्राजितः सैन्यैर्लक्ष्मणः प्लवगैः सह ॥ २५ ॥

‘फिर अकस्मात् उछलकर उसने विभीषणको पकड़ लिया और वानरसैनिकोंसहित लक्ष्मणको विभिन्न दिशाओंमें भाग जानेको विवश किया ॥ २५ ॥

> सुग्रीवो ग्रीवया सीते भग्नया प्लवगाधिपः ।  
> निरस्तहनुकः सीते हनूमान् राक्षसैर्हतः ॥ २६ ॥

‘सीते ! वानरराज सुग्रीवकी ग्रीवा काट दी गयी, हनुमान्की हनु ( ठोढ़ी ) नष्ट करके उसे राक्षसोंने मार डाला ॥ २६ ॥

> जाम्बवानथ जानुभ्यामुत्पतन् निहतो युधि ।  
> पट्टिशैर्बहुभिश्छिन्नो निकृत्तः पादपो यथा ॥ २७ ॥

‘जाम्बवान् ऊपरको उछल रहे थे, उसी समय युद्धस्थलमें राक्षसोंने बहुत-से पट्टिशोंद्वारा उनके दोनों घुटनोंपर प्रहार किया। वे छिन्न-भिन्न होकर कटे हुए पेड़की भाँति धराशायी हो गये ॥ २७ ॥

> मैन्दश्च द्विविदश्चोभौ तौ वानरवर्षभौ ।  
> निःश्वसन्तौ रुदन्तौ च रुधिरेण परिप्लुतौ ॥ २८ ॥  
> असिना व्यायतौ छिन्नौ मध्ये हारिनिषूदनौ ।

‘मैन्द और द्विविद दोनों श्रेष्ठ वानर खूनसे लथपथ होकर पड़े हैं । वे लंबी साँसें खींचते और रोते थे । उसी अवस्थामें उन दोनों विशालकाय शत्रुसूदन वानरोंको तलवारद्वारा बीचसे ही काट डाला गया है ॥ २८३ ॥

> अनुश्वसिति मेदिन्यां पनसः पनसो यथा ॥ २९ ॥  
> नाराचैर्बहुभिश्छिन्नः शेते दर्यां दरीमुखः ।  
> कुमुदस्तु महातेजा निष्कूजन् सायकैर्हतः ॥ ३० ॥

‘पनस नामका वानर पककर फटे हुए पनस ( कटहल ) के समान पृथ्वीपर पड़ा-पड़ा अन्तिम साँसें ले रहा है। दरीमुख अनेक नाराचोंसे छिन्न-भिन्न हो किसी दरी ( कन्दरा ) में पड़ा सो रहा है । महातेजस्वी कुमुद सायकोंसे घायल हो चीखता-चिल्लाता हुआ मर गया ॥ २९-३० ॥

> अङ्गदो बहुभिश्छिन्नः शरैरासाद्य राक्षसैः ।  
> परितो रुधिरोद्गारी क्षितौ निपतितोऽङ्गदः ॥ ३१ ॥

‘अङ्गदधारी अङ्गदपर आक्रमण करके बहुत-से राक्षसोंने उन्हें बाणोंद्वारा छिन्न-भिन्न कर दिया है । वे सब अङ्गोंसे रक्त बहाते हुए पृथ्वीपर पड़े हैं ॥ ३१ ॥

> हरयो मथिता नागै रथजालैस्तथापरे ।  
> शयाना मृदितास्तत्र वायुवेगैरिवाम्बुदाः ॥ ३२ ॥

‘जैसे बादल वायुके वेगसे फट जाते हैं, उसी प्रकार बड़े-बड़े हाथियों तथा रथसमूहोंने वहाँ सोये हुए वानरोंको रौंदकर मथ डाला ॥ ३२ ॥

> प्रसृताश्च परे त्रस्ता हन्यमाना जघन्यतः ।  
> अनुद्रुतास्तु रक्षोभिः सिंहैरिव महाद्विपाः ॥ ३३ ॥

‘जैसे सिंहके खदेड़नेसे बड़े-बड़े हाथी भागते हैं, उसी प्रकार राक्षसोंके पीछा करनेपर बहुत-से वानर पीठपर बाणोंकी मार खाते हुए भाग गये हैं ॥ ३३ ॥

> सागरे पतिताः केचित् केचिद् गगनमाश्रिताः ।  
> ऋक्षा वृक्षानुपारूढा वानरीं वृत्तिमाश्रिताः ॥ ३४ ॥

‘कोई समुद्रमें कूद पड़े और कोई आकाशमें उड़ गये हैं । बहुत-से रीछ वानरी वृत्तिका आश्रय ले पेड़ोंपर चढ़ गये हैं ॥ ३४ ॥

> सागरस्य च तीरेषु शैलेषु च वनेषु च ।  
> पिङ्गलास्ते विरूपाक्षै राक्षसैर्बहवो हताः ॥ ३५ ॥

‘विकराल नेत्रोंवाले राक्षसोंने इन बहुसंख्यक भूरे बंदरोंको समुद्रतट, पर्वत और वनोंमें खदेड़-खदेड़कर मार डाला है ॥ ३५ ॥

> एवं तव हतो भर्ता ससैन्यो मम सेनया ।  
> क्षतजार्द्रं रजोध्वस्तमिदं चास्याहृतं शिरः ॥ ३६ ॥

‘इस प्रकार मेरी सेनाने सैनिकोंसहित तुम्हारे पतिको मौतके घाट उतार दिया । खूनसे भीगा और धूलमें सना हुआ उनका यह मस्तक यहाँ लाया गया है’ ॥ ३६ ॥

> ततः परमदुर्धर्षो रावणो राक्षसेश्वरः ।  
> सीतायामुपशृण्वत्यां राक्षसीमिदमब्रवीत् ॥ ३७ ॥

ऐसा कहकर अत्यन्त दुर्जय राक्षसराज रावणने सीताके सुनते-सुनते एक राक्षसीसे कहा—॥ ३७ ॥

> राक्षसं क्रूरकर्माणं विद्युज्जिह्वं समानय ।  
> येन तद्राघवशिरः संग्रामात् स्वयमाहृतम् ॥ ३८ ॥

‘तुम क्रूरकर्मा राक्षस विद्युज्जिह्वको बुला ले आओ, जो स्वयं संग्रामभूमिसे रामका सिर यहाँ ले आया है’ ॥ ३८ ॥

> विद्युज्जिह्वस्तदा गृह्य शिरस्तत्सशरासनम् ।  
> प्रणामं शिरसा कृत्वा रावणस्याग्रतः स्थितः ॥ ३९ ॥  
> तमब्रवीत् ततो राजा रावणो राक्षसं स्थितम् ।  
> विद्युज्जिह्वं महाजिह्वं समीपपरिवर्तिनम् ॥ ४० ॥

तब विद्युज्जिह्व धनुषसहित उस मस्तकको लेकर आया और सिर झुका रावणको प्रणाम करके उसके सामने खड़ा हो गया । उस समय अपने पास खड़े हुए विशाल जिह्वावाले राक्षस विद्युज्जिह्वसे राजा रावण यों बोला—॥ ३९-४० ॥

> अग्रतः कुरु सीतायाः शीघ्रं दाशरथेः शिरः ।  
> अवस्थां पश्चिमां भर्तुः कृपणा साधु पश्यतु ॥ ४१ ॥

‘तुम दशरथकुमार रामका मस्तक शीघ्र ही सीताके आगे रख दो, जिससे यह बेचारी अपने पतिकी अन्तिम अवस्थाका अच्छी तरह दर्शन कर ले’ ॥ ४१ ॥

> एवमुक्तं तु तद् रक्षः शिरस्तत् प्रियदर्शनम् ।  
> उपनिक्षिप्य सीतायाः क्षिप्रमन्तरधीयत ॥ ४२ ॥

रावणके ऐसा कहनेपर वह राक्षस उस सुन्दर मस्तकको सीताके निकट रखकर तत्काल अदृश्य हो गया ॥ ४२ ॥

> रावणश्चापि चिक्षेप भास्वरं कार्मुकं महत् ।  
> त्रिषु लोकेषु विख्यातं रामस्यैतदिति ब्रुवन् ॥ ४३ ॥

रावणने भी उस विशाल चमकीले धनुषको यह कहकर सीताके सामने डाल दिया कि यही रामका त्रिभुवनविख्यात धनुष है ॥ ४३ ॥

> इदं तत् तव रामस्य कार्मुकं ज्यासमावृतम् ।  
> इह प्रहस्तेनानीतं तं हत्वा निशि मानुषम् ॥ ४४ ॥

फिर बोला—‘सीते ! यही तुम्हारे रामका प्रत्यञ्चासहित धनुष है । रातके समय उस मनुष्यको मारकर प्रहस्त इस धनुषको यहाँ ले आया है’ ॥ ४४ ॥

> स विद्युज्जिह्वेन सहैव तच्छिरो  
> धनुश्च भूमौ विनिकीर्यमाणः ।  
> विदेहराजस्य सुतां यशस्विनीं  
> ततोऽब्रवीत् तां भव मे वशानुगा ॥ ४५ ॥

जब विद्युज्जिह्वने मस्तक वहाँ रक्खा, उसके साथ ही रावणने वह धनुष पृथ्वीपर डाल दिया । तत्पश्चात् वह विदेहराजकुमारी यशस्विनी सीतासे बोला—‘अब तुम मेरे वशमें हो जाओ’ ॥ ४५ ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
