---
title: "उत्तरकाण्ड, Sarga 89"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/uttara-kanda/sarga-89"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड, Sarga 89

> तच्छ्रुत्वा लक्ष्मणेनोक्तं वाक्यं वाक्यविशारदः ।  
> प्रत्युवाच महातेजाः प्रहसन् राघवो वचः ॥ १ ॥

लक्ष्मणकी कही हुई यह बात सुनकर बातचीतकी कलामें निपुण महातेजस्वी श्रीरघुनाथजी हँसते हुए बोले—॥ १ ॥

> एवमेव नरश्रेष्ठ यथा वदसि लक्ष्मण ।  
> वृत्रघातमशेषेण वाजिमेधफलं च यत् ॥ २ ॥

‘नरश्रेष्ठ लक्ष्मण ! वृत्रासुरका सारा प्रसंग और अश्वमेध यज्ञका जो फल तुमने जैसा बताया है, वह सब उसी रूपमें ठीक है ॥ २ ॥

> श्रूयते हि पुरा सौम्य कर्दमस्य प्रजापतेः ।  
> पुत्रो बाह्लीश्वरः श्रीमानिलो नाम सुधार्मिकः ॥ ३ ॥

‘सौम्य ! सुना जाता है कि पूर्वकालमें प्रजापति कर्दमके पुत्र श्रीमान् इल बाह्लिकदेशके राजा थे । वे बड़े धर्मात्मा नरेश थे ॥ ३ ॥

> स राजा पृथिवीं सर्वां वशे कृत्वा महायशाः ।  
> राज्यं चैव नरव्याघ्र पुत्रवत् पर्यपालयत् ॥ ४ ॥  
> सुरैश्च परमोदारैर्दैतेयैश्च महाधनैः ।  
> नागराक्षसगन्धर्वैर्यक्षैश्च सुमहात्मभिः ॥ ५ ॥  
> पूज्यते नित्यशः सौम्य भयार्तैः रघुनन्दन ।  
> अभिभ्यंश्च त्रयो लोकाः सरोषस्य महात्मनः ॥ ६ ॥

‘पुरुषसिंह ! वे महायशस्वी भूपाल सारी पृथ्वीको वशमें करके अपने राज्यकी प्रजाका पुत्रकी भाँति पालन करते थे ॥ ‘सौम्य ! रघुनन्दन ! परम उदार देवता, महाधनी दैत्य तथा नाग, राक्षस, गन्धर्व और महामनस्वी यक्ष—ये सब भयभीत होकर सदा राजा इलकी स्तुति-पूजा करते थे तथा उन महामना नरेशके रुष्ट हो जानेपर तीनों लोकोंके प्राणी भयसे थर्रा उठते थे ॥ ५-६ ॥

> स राजा तादृशोऽप्यासीद् धर्मे वीर्ये च निष्ठितः ।  
> बुद्ध्या च परमोदारो बाह्लीकेशो महायशाः ॥ ७ ॥

‘ऐसे प्रभावशाली होनेपर भी बाह्लीक देशके स्वामी महायशस्वी परम उदार राजा इल धर्म और पराक्रममें दृढ़तापूर्वक स्थित रहते थे और उनकी बुद्धि भी स्थिर थी ॥ ७ ॥

> स प्रचक्रे महाबाहुर्मृगयां रुचिरे वने ।  
> चैत्रे मनोरमे मासे सभृत्यबलवाहनः ॥ ८ ॥

‘एक समयकी बात है सेवक, सेना और सवारियोंसहित उन महाबाहु नरेशने मनोरम चैत्रमासमें एक सुन्दर वनके भीतर शिकार खेलना आरम्भ किया ॥ ८ ॥

> प्रजघ्ने स नृपोऽरण्ये मृगाञ्शतसहस्रशः ।  
> हत्वैव तृप्तिर्नाभूच राज्ञस्तस्य महात्मनः ॥ ९ ॥

‘राजाने उस वनमें सैकड़ों-हजारों हिंसक जन्तुओंका वध किया, किंतु इतने ही जन्तुओंका वध करके उन महामनस्वी नरेशको तृप्ति नहीं हुई ॥ ९ ॥

> नानामृगाणामयुतं वध्यमानं महात्मना ।  
> यत्र जातो महासेनस्तं देशमुपचक्रमे ॥ १० ॥

‘फिर उन महामना इलके हाथसे नाना प्रकारके दस हजार हिंसक पशु मारे गये । तत्पश्चात् वे उस प्रदेशमें गये, जहाँ महासेन ( स्वामी कार्तिकेय ) का जन्म हुआ था ॥१०॥

> तस्मिन् प्रदेशे देवेशः शैलराजसुतां हरः ।  
> रमयामास दुर्धर्षः सर्वैरनुचरैः सह ॥ ११ ॥

‘उस स्थानमें देवताओंके स्वामी दुर्जय देवता भगवान् शिव अपने समस्त सेवकोंके साथ रहकर गिरिराजकुमारी उमा-का मनोरञ्जन करते थे ॥ ११ ॥

> कृत्वा स्त्रीरूपमात्मानमुमेशो गोपतिध्वजः ।  
> देव्याः प्रियचिकीर्षुः संस्तस्मिन् पर्वतनिर्झरे ॥ १२ ॥

‘जिनकी ध्वजापर वृषभका चिह्न सुशोभित होता है, वे भगवान् उमावल्लभ अपने-आपको भी स्त्रीरूपमें प्रकट करके देवी पार्वतीका प्रिय करनेकी इच्छासे वहाँके पर्वतीय झरनेके पास उनके साथ विहार करते थे ॥ १२ ॥

> यत्र यत्र वनोद्देशे सत्त्वाः पुरुषवादिनः ।  
> वृक्षाः पुरुषनामानस्ते सर्वे स्त्रीजना भवन् ॥ १३ ॥

‘उस वनके विभिन्न भागोंमें जहाँ-जहाँ पुँल्लिग नामधारी जन्तु अथवा वृक्ष थे, वे सब-के-सब स्त्रीलिंगमें परिणत हो गये थे ॥ १३ ॥

> यच्च किंचन तत् सर्वं नारीसंज्ञं बभूव ह ।  
> पतस्मिन्नन्तरे राजा स इलः कर्दमात्मजः ॥ १४ ॥  
> निघ्नन् मृगसहस्राणि तं देशमुपचक्रमे ।

‘वहाँ जो कुछ भी चराचर प्राणियोंका समूह था, वह सब स्त्रीनामधारी हो गया था । इसी समय कर्दमके पुत्र राजा इल सहस्रों हिंसक पशुओंका वध करते हुए उस देशमें आ गये ॥ १४½ ॥

> स दृष्ट्वा स्त्रीकृतं सर्वं सव्यालमृगपक्षिणम् ॥ १५ ॥  
> आत्मानं स्त्रीकृतं चैव सानुगं रघुनन्दन ।

‘वहाँ आकर उन्होंने देखा, सर्प, पशु और पक्षियोंसहित उस वनका सारा प्राणिसमुदाय स्त्रीरूप हो गया है । रघुनन्दन ! सेवकोंसहित अपने आपको भी उन्होंने स्त्रीरूपमें परिणत हुआ देखा ॥ १५½ ॥

> तस्य दुःखं महच्चासीद् दृष्ट्वाऽऽत्मानं तथागतम् ॥ १६ ॥  
> उमापतेश्च तत् कर्म ज्ञात्वा त्रासमुपागमत् ।

‘अपनेको उस अवस्थामें देखकर राजाको बड़ा दुःख हुआ । यह सारा कार्य उमावल्लभ महादेवजीकी इच्छासे हुआ है, ऐसा जानकर वे भयभीत हो उठे ॥ १६½ ॥

> ततो देवं महात्मानं शितिकण्ठं कपर्दिनम् ॥ १७ ॥  
> जगाम शरणं राजा सभृत्यबलवाहनः ।

‘तदनन्तर सेवक, सेना और सवारियोंसहित राजा इल जटाजूटधारी महात्मा भगवान् नीलकण्ठकी शरणमें गये ॥१७½॥

> ततः प्रहस्य वरदः सह देव्या महेश्वरः ॥ १८ ॥  
> प्रजापतिसुतं वाक्यमुवाच वरदः स्वयम् ।

‘तब पार्वतीदेवीके साथ विराजमान वरदायक देवता महेश्वर हँसकर प्रजापतिपुत्र इलसे स्वयं बोले—॥ १८½ ॥

> उत्तिष्ठोत्तिष्ठ राजर्षे कार्दमेय महाबल ॥ १९ ॥  
> पुरुषत्वमृते सौम्य वरं वरय सुव्रत ।

‘‘कर्दमकुमार महाबली राजर्षे ! उठो-उठो । उत्तम व्रतका पालन करनेवाले सौम्य नरेश ! पुरुषत्व छोड़कर जो चाहो, वह वर माँग लो’ ॥ १९½ ॥

> ततः स राजा शोकार्तः प्रत्याख्यातो महात्मना ॥२०॥  
> स्त्रीभूतोऽसौ न जग्राह वरमन्यं सुरोत्तमात् ।

‘महात्मा भगवान् शङ्करके इस प्रकार पुरुषत्व देनेसे इन्कार कर देनेपर स्त्रीरूप हुए राजा इल शोकसे व्याकुल हो गये । उन्होंने उन सुरश्रेष्ठ महादेवजीसे दूसरा कोई वर नहीं ग्रहण किया ॥ २०½ ॥

> ततः शोकेन महता शैलराजसुतां नृपः ॥ २१ ॥  
> प्रणिपत्य उमां देवीं सर्वेणैवान्तरात्मना ।  
> ईदृशे वराणां वरदे लोकानामसि भामिनी ॥ २२ ॥  
> अमोघदर्शने देवि भज सौम्येन चक्षुषा ।

‘तदनन्तर महान् शोकसे पीड़ित हो राजाने गिरिराजकुमारी उमादेवीके चरणोंमें सम्पूर्ण हृदयसे प्रणाम करके यह प्रार्थना की—‘सम्पूर्ण वरोंकी अधीश्वरी देवि ! आप मानिनी हैं । समस्त लोकोंको वर देनेवाली हैं । देवि ! आपका दर्शन कभी निष्फल नहीं होता । अतः आप अपनी सौम्य दृष्टिसे मुझपर अनुग्रह कीजिये’ ॥ २१-२२½ ॥

> हृद्गतं तस्य राजर्षेर्विज्ञाय हरसंनिधौ ॥ २३ ॥  
> प्रत्युवाच शुभं वाक्यं देवी रुद्रस्य सम्मता ।

‘राजर्षि इलके हार्दिक अभिप्रायको जानकर रुद्रप्रिया देवी पार्वतीने महादेवजीके समीप यह शुभ बात कही—॥ २३½ ॥

> अर्धस्य देवो वरदो वरार्धस्य तव ह्यहम् ॥ २४ ॥  
> तस्मादर्धं गृहाण त्वं स्त्रीपुंसोर्यावदिच्छसि ।

‘‘राजन् ! तुम पुरुषत्व-प्राप्तिरूप जो वर चाहते हो, उसके आधे भागके दाता तो महादेवजी हैं और आधा वर तुम्हें मैं दे सकती हूँ ( अर्थात् तुम्हें सम्पूर्ण जीवनके लिये जो स्त्रीत्व मिल गया है, उसे मैं आधे जीवनके लिये पुरुषत्वमें परिवर्तित कर सकती हूँ ) । इसलिये तुम मेरा दिया हुआ आधा वर स्वीकार करो । तुम जितने-जितने कालतक स्त्री और पुरुष रहना चाहो, उसे मेरे सामने कहो’ ॥ २४½ ॥

> तदद्भुततरं श्रुत्वा देव्या वरमनुत्तमम् ॥ २५ ॥  
> सम्प्रहृष्टमना भूत्वा राजा वाक्यमथाब्रवीत् ।  
> यदि देवि प्रसन्ना मे रूपेणाप्रतिमा भुवि ॥ २६ ॥  
> मासं स्त्रीत्वमुपासित्वा मासं स्यां पुरुषः पुनः ।

‘देवी पार्वतीका वह परम उत्तम और अत्यन्त अद्भुत वर सुनकर राजाके मनमें बड़ा हर्ष हुआ और वे इस प्रकार बोले—‘देवि ! यदि आप मुझपर प्रसन्न हैं तो मैं एक मासतक भूतलपर अनुपम रूपवती स्त्रीके रूपमें रहकर फिर एक मासतक पुरुष होकर रहूँ’ ॥ २५-२६½ ॥

> ईप्सितं तस्य विज्ञाय देवी सुरुचिरानना ॥ २७ ॥  
> प्रत्युवाच शुभं वाक्यमेवमेव भविष्यति ।  
> राजन् पुरुषभूतस्त्वं स्त्रीभावं न स्मरिष्यसि ॥ २८ ॥  
> स्त्रीभूतश्च परं मासं न स्मरिष्यसि पौरुषम् ।

‘राजाके मनोभावको जानकर सुन्दर मुखवाली पार्वती-देवीने यह शुभ वचन कहा—‘ऐसा ही होगा ! राजन् ! जब तुम पुरुषरूपमें रहोगे, उस समय तुम्हें अपने स्त्रीजीवनकी याद नहीं रहेगी और जब तुम स्त्रीरूपमें रहोगे, उस समय तुम्हें एक मासतक अपने पुरुषभावका स्मरण नहीं होगा’२७-२८½

> एवं स राजा पुरुषो मासं भूत्वाथ कार्दमिः ।  
> त्रैलोक्यसुन्दरी नारी मासमेकमिलाभवत् ॥ २९ ॥

‘इस प्रकार कर्दमकुमार राजा इल एक मासतक पुरुष रहकर फिर एक मास त्रिलोकसुन्दरी नारी इलाके रूपमें रहने लगे’ ॥ २९ ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
