---
title: "सुन्दरकाण्ड, Sarga 64"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/sundara-kanda/sarga-64"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड, Sarga 64

> सुग्रीवेणैवमुक्तस्तु हृष्टो दधिमुखः कपिः ।  
> राघवं लक्ष्मणं चैव सुग्रीवं चाभ्यवादयत् ॥ १ ॥

सुग्रीवके ऐसा कहनेपर प्रसन्नचित्त वानर दधिमुखने श्रीराम, लक्ष्मण और सुग्रीवको प्रणाम किया ॥ १ ॥

> स प्रणम्य च सुग्रीवं राघवौ च महाबलौ ।  
> वानरैः सहितः शूरैर्दिवमेवोत्पपात ह ॥ २ ॥

सुग्रीव तथा उन महाबली रघुवंशी बन्धुओंको प्रणाम करके वे शूरवीर वानरोंके साथ आकाशमार्गसे उड़ चले ॥२॥

> स यथैवागतः पूर्वं तथैव त्वरितं गतः ।  
> निपत्य गगनाद् भूमौ तद् वनं प्रविवेश ह ॥ ३ ॥

जैसे पहले आये थे, उतनी ही शीघ्रतासे वे वहाँ जा पहुँचे और आकाशसे पृथ्वीपर उतरकर उन्होंने उस मधुवनमें प्रवेश किया ॥ ३ ॥

> स प्रविष्टो मधुवनं ददर्श हरियूथपान् ।  
> विमदानुद्धतान् सर्वान् मेहमानान् मधूदकम् ॥ ४ ॥

मधुवनमें प्रविष्ट होकर उन्होंने देखा कि समस्त वानरयूथपति जो पहले उद्दण्ड हो रहे थे, अब मदरहित हो गये हैं—इनका नशा उतर गया है और ये मधुमिश्रित जलका मेहन ( मूत्रेन्द्रियद्वारा त्याग ) कर रहे हैं ॥ ४ ॥

> स तानुपागमद् वीरो बद्ध्वा करपुटाञ्जलिम् ।  
> उवाच वचनं श्लक्ष्णमिदं हृष्टवदङ्गदम् ॥ ५ ॥

वीर दधिमुख उनके पास गये और दोनों हाथोंकी अञ्जलि बाँध अङ्गदसे हर्षयुक्त मधुर वाणीमें इस प्रकार बोले—॥ ५ ॥

> सौम्य रोषो न कर्तव्यो यदेभिः परिवारणम् ।  
> अज्ञानाद् रक्षिभिःक्रोधाद् भवन्तः प्रतिषेधिताः॥ ६ ॥

‘सौम्य ! इन रक्षकोंने जो अज्ञानवश आपको रोका था, क्रोधपूर्वक आपलोगोंको मधु पीनेसे मना किया था, इसके लिये आप अपने मनमें क्रोध न करें ॥ ६ ॥

> श्रान्तो दूरादनुप्राप्तो भक्षयस्व स्वकं मधु ।  
> युवराजस्त्वमीशश्च वनस्यास्य महाबल ॥ ७ ॥

‘आपलोग दूरसे थके-माँदे आये हैं, अतः फल खाइये और मधु पीजिये । यह सब आपकी ही सम्पत्ति है। महाबली वीर ! आप हमारे युवराज और इस वनके स्वामी हैं ॥ ७ ॥

> मौर्ख्यात् पूर्वं कृतो रोषस्तद् भवान् क्षन्तुमर्हति।  
> यथैव हि पिता तेऽभूत् पूर्वं हरिगणेश्वरः ॥ ८ ॥  
> तथा त्वमपि सुग्रीवो नान्यस्तु हरिसत्तम ।

‘कपिश्रेष्ठ ! मैंने पहले मूर्खतावश जो रोष प्रकट किया था, उसे आप क्षमा करें; क्योंकि पूर्वकालमें जैसे आपके पिता वानरोंके राजा थे, उसी प्रकार आप और सुग्रीव भी हैं । आपलोगोंके सिवा दूसरा कोई हमारा स्वामी नहीं है।८½॥

> आख्यातं हि मया गत्वा पितृव्यस्य तवानघ ॥ ९ ॥  
> इहोपयानं सर्वेषामेतेषां वनचारिणाम् ।  
> भवदागमनं श्रुत्वा सहैभिर्वनचारिभिः ॥ १० ॥  
> प्रहृष्टो न तु रुष्टोऽसौ वनं श्रुत्वा प्रधर्षितम् ।

‘निष्पाप युवराज ! मैंने यहाँसे जाकर आपके चाचा सुग्रीवसे इन सब वानरोंके यहाँ पधारनेका हाल कहा था । इन वानरोंके साथ आपका आगमन सुनकर वे बहुत प्रसन्न हुए । इस वनके विध्वंसका समाचार सुनकर भी उन्हें रोष नहीं हुआ ॥ ९-१०½ ॥

> प्रहृष्टो मां पितृव्यस्ते सुग्रीवो वानरेश्वरः ॥ ११ ॥  
> शीघ्रं प्रेषय सर्वांस्तानिति होवाच पार्थिवः ।

‘आपके चाचा वानरराज सुग्रीवने बड़े हर्षके साथ मुझसे कहा है कि उन सबको शीघ्र यहाँ भेजो’ ॥ ११½ ॥

> श्रुत्वा दधिमुखस्यैतद् वचनं श्लक्ष्णमङ्गदः ॥ १२ ॥  
> अब्रवीत् तान् हरिश्रेष्ठो वाक्यं वाक्यविशारदः ।

दधिमुखकी यह बात सुनकर बातचीत करनेमें कुशल कपिश्रेष्ठ अङ्गदने उन सबसे मधुर वाणीमें कहा—॥ १२½ ॥

> शङ्के श्रुतोऽयं वृत्तान्तो रामेण हरियूथपाः ॥ १३ ॥  
> अयं च हर्षादाख्याति तेन जानामि हेतुना ।  
> तत् क्षमं नेह नः स्थातुं कृते कार्ये परंतपाः ॥ १४ ॥

‘वानरयूथपतियो ! जान पड़ता है भगवान् श्रीरामने हम लोगोंके लौटनेका समाचार सुन लिया; क्योंकि ये बहुत प्रसन्न होकर वहाँकी बात सुना रहे हैं । इसीसे मुझे ऐसा ज्ञात होता है । अतः शत्रुओंको संताप देनेवाले वीरो ! कार्य पूरा हो जानेपर अब हमलोगोंको यहाँ अधिक नहीं ठहरना चाहिये ॥ १३-१४ ॥

> पीत्वा मधु यथाकामं विक्रान्ता वनचारिणः ।  
> किं शेषं गमनं तत्र सुग्रीवो यत्र वानरः ॥ १५ ॥

‘पराक्रमी वानर इच्छानुसार मधु पी चुके । अब यहाँ कौन-सा कार्य शेष है । इसलिये वहीं चलना चाहिये, जहाँ वानरराज सुग्रीव हैं ॥ १५ ॥

> सर्वे यथा मां वक्ष्यन्ति समेत्य हरिपुङ्गवाः ।  
> तथास्मि कर्ता कर्तव्ये भवद्भिः परवानहम् ॥ १६ ॥

‘वानरपुङ्गवो ! आप सब लोग मिलकर मुझसे जैसा कहेंगे, मैं वैसा ही करूँगा; क्योंकि कर्तव्यके विषयमें मैं आप लोगोंके अधीन हूँ ॥ १६ ॥

> नाज्ञापयितुमीशोऽहं युवराजोऽस्मि यद्यपि ।  
> अयुक्तं कृतकर्माणो यूयं धर्षयितुं बलात् ॥ १७ ॥

‘यद्यपि मैं युवराज हूँ तो भी आपलोगोंपर हुक्म नहीं चला सकता । आपलोग बहुत बड़ा कार्य पूरा करके आये हैं, अतः बलपूर्वक आपपर शासन चलाना कदापि उचित नहीं है’ ॥ १७ ॥

> ब्रुवतश्चाङ्गदस्यैवं श्रुत्वा वचनमुत्तमम् ।  
> प्रहृष्टमनसो वाक्यमिदमूचुर्वनौकसः ॥ १८ ॥

उस समय इस तरह बोलते हुए अङ्गदका उत्तम वचन सुनकर सब वानरोंका चित्त प्रसन्न हो गया और वे इस प्रकार बोले—॥ १८ ॥

> एवं वक्ष्यति को राजन् प्रभुः सन् वानरर्षभ ।  
> ऐश्वर्यमदमत्तो हि सर्वोऽहमिति मन्यते ॥ १९ ॥

‘राजन् ! कपिश्रेष्ठ ! स्वामी होकर भी अपने अधीन रहनेवाले लोगोंसे कौन इस तरहकी बात करेगा ? प्राय: सब लोग ऐश्वर्यके मदसे उन्मत्त हो अहंकारवश अपनेको ही सर्वोपरि मानने लगते हैं ॥ १९ ॥

> तव चेदं सुसदृशं वाक्यं नान्यस्य कस्यचित् ।  
> सन्नतिर्हि तवाख्याति भविष्यच्छुभयोग्यताम् ॥ २० ॥

‘आपकी यह बात आपके ही योग्य है । दूसरे किसीके मुँहसे प्रायः ऐसी बात नहीं निकलती । यह नम्रता आपकी भावी शुभयोग्यताका परिचय दे रही है ॥ २० ॥

> सर्वे वयमपि प्राप्तास्तत्र गन्तुं कृतक्षणाः ।  
> स यत्र हरिवीराणां सुग्रीवः पतिरव्ययः ॥ २१ ॥

‘हम सब लोग भी जहाँ वानरवीरोंके अविनाशी पति सुग्रीव विराजमान हैं, वहाँ चलनेके लिये उत्साहित हो यहाँ आपके समीप आये हैं ॥ २१ ॥

> त्वया ह्यनुक्तैर्हरिभिर्नैव शक्यं पदात् पदम् ।  
> कर्तुं गन्तुं हरिश्रेष्ठ ब्रूमः सत्यमिदं तु ते ॥ २२ ॥

‘वानरश्रेष्ठ ! आपकी आज्ञा प्राप्त हुए बिना हम वानरगण कहीं एक पग भी नहीं जा सकते, यह आपसे सच्ची बात कहते हैं’ ॥ २२ ॥

> एवं तु वदतां तेषामङ्गदः प्रत्यभाषत ।  
> साधु गच्छाम इत्युक्त्वा खमुत्पेतुर्महाबलाः ॥ २३ ॥

वे वानरगण जब ऐसी बातें कहने लगे, तब अङ्गद बोले—‘बहुत अच्छा, अब हमलोग चलें ।’ इतना कहकर वे महाबली वानर आकाशमें उड़ चले ॥ २३ ॥

> उत्पतन्तमनूत्पेतुः सर्वे ते हरियूथपाः ।  
> कृत्वाऽऽकाशं निराकाशं यन्त्रोत्क्षिप्ता इवोपलाः ॥ २४ ॥

आगे-आगे अङ्गद और उनके पीछे वे समस्त वानरयूथपति उड़ने लगे । वे आकाशको आच्छादित करके गुलेल-से फेंके गये पत्थरोंकी भाँति तीव्रगतिसे जा रहे थे ॥ २४ ॥

> अङ्गदं पुरतः कृत्वा हनूमन्तं च वानरम् ।  
> तेऽम्बरं सहसोत्पत्य वेगवन्तः प्लवङ्गमाः ॥ २५ ॥  
> विनदन्तो महानादं घना वातेरिता यथा ।

अङ्गद और वानरवीर हनुमान्को आगे करके सभी वेगवान् वानर सहसा आकाशमें उछलकर वायुसे उड़ाये गये बादलोंकी भाँति बड़े जोर-जोरसे गर्जना करते हुए किष्किन्धाके निकट जा पहुँचे ॥ २५½ ॥

> अङ्गदे समनुप्राप्ते सुग्रीवो वानरेश्वरः ॥ २६ ॥  
> उवाच शोकसंतप्तं रामं कमललोचनम् ।

अङ्गदके निकट पहुँचते ही वानरराज सुग्रीवने शोकसंतप्त कमलनयन श्रीरामसे कहा—॥ २६½ ॥

> समाश्वसिहि भद्रं ते दृष्टा देवी न संशयः ॥ २७ ॥  
> नागन्तुमिह शक्यं तैरतीतसमयैरिह ।

‘प्रभो ! धैर्य धारण कीजिये । आपका कल्याण हो । सीतादेवीका पता लग गया है, इसमें संशय नहीं है; क्योंकि कृतकार्य हुए बिना दिये हुए समयकी अवधिको बिताकर ये वानर कदापि यहाँ नहीं आ सकते थे ॥ २७½ ॥

> अङ्गदस्य प्रहर्षाच्च जानामि शुभदर्शन ॥ २८ ॥  
> न मत्सकाशमागच्छेत् कृत्ये हि विनिपातिते ।  
> युवराजो महाबाहुः प्लवतामङ्गदो वरः ॥ २९ ॥

‘शुभदर्शन श्रीराम ! अङ्गदकी अत्यन्त प्रसन्नतासे भी मुझे इसी बातकी सूचना मिल रही है । यदि काम बिगाड़ दिया गया होता तो वानरोंमें श्रेष्ठ युवराज महाबाहु अङ्गद मेरे पास कदापि लौटकर नहीं आते ॥ २८-२९ ॥

> यद्यप्यकृतकृत्यानामीदृशः स्यादुपक्रमः ।  
> भवेत् तु दीनवदनो भ्रान्तविप्लुतमानसः ॥ ३० ॥

‘यद्यपि कार्य सिद्ध न होनेपर भी इस तरह लोगोंका अपने घर लौटना देखा गया है, तथापि उस दशामें अङ्गदके मुखपर उदासी छायी होती और उनके चित्तमें घबराहटके कारण उथल-पुथल मचा होता ॥ ३० ॥

> पितृपैतामहं चैतत् पूर्वकैरभिरक्षितम् ।  
> न मे मधुवनं हन्यादद्दृष्ट्वा जनकात्मजाम् ॥ ३१ ॥

‘मेरे बाप-दादोंके इस मधुवनका, जिसकी पूर्वजोंने भी सदा रक्षा की है, कोई जनककिशोरीका दर्शन किये बिना विध्वंस नहीं कर सकता था ॥ ३१ ॥

> कौसल्या सुप्रजा राम समाश्वसिहि सुव्रत ।  
> दृष्टा देवी न संदेहो न चान्येन हनूमता ॥ ३२ ॥

‘उत्तम व्रतका पालन करनेवाले श्रीराम ! आपको पाकर माता कौसल्या उत्तम संतानकी जननी हुई है । आप धैर्य धारण कीजिये । इसमें कोई संदेह नहीं कि देवीसीताका दर्शन हो गया । किसी औरने नहीं, हनुमान्जीने ही उनका दर्शन किया है ॥ ३२ ॥

> नह्यन्यः कर्मणो हेतुः साधनेऽस्य हनूमतः ।  
> हनूमतीह सिद्धिश्च मतिश्च मतिसत्तम ॥ ३३ ॥  
> व्यवसायश्च शौर्यं च श्रुतं चापि प्रतिष्ठितम् ।  
> जाम्बवान् यत्र नेता स्यादङ्गदश्च हरीश्वरः ॥ ३४ ॥  
> हनूमांश्चाप्यधिष्ठाता न तत्र गतिरन्यथा ।

‘मतिमानोंमें श्रेष्ठ रघुनन्दन ! इस कार्यको सिद्ध करनेमें हनुमान्जीके सिवा और कोई कारण बना हो, ऐसा सम्भव नहीं है । वानरशिरोमणि हनुमान्में ही कार्यसिद्धिकी शक्ति और बुद्धि है । उन्हींमें उद्योग, पराक्रम और शास्त्रज्ञान भी प्रतिष्ठित है । जिस दलके नेता जाम्बवान् और महाबली अङ्गद हों तथा अधिष्ठाता हनुमान् हों, उस दलको विपरीत परिणाम— असफलता मिले, यह सम्भव नहीं है ॥ ३३-३४½ ॥

> मा भूद्विचिन्तासमायुक्तः सम्प्रत्यमितविक्रम ॥ ३५ ॥  
> यदा हि दर्पितोद्ग्राः संगताः काननौकसः ।  
> नैषामकृतकार्याणामीदृशः स्यादुपक्रमः ॥ ३६ ॥  
> वनभङ्गेन जानामि मधूनां भक्षणेन च ।

‘अमित पराक्रमी श्रीराम ! अब आप चिन्ता न करें । ये वनवासी वानर जो इतने अहंकारमें भरे हुए आ रहे हैं, कार्य सिद्ध हुए बिना इनका इस तरह आना सम्भव नहीं था । इनके मधु पीने और वन उजाड़नेसे भी मुझे ऐसा ही प्रतीत होता है’ ॥ ३५-३६½ ॥

> ततः किलकिलाशब्दं शुश्रुवासन्नमम्बरे ॥ ३७ ॥  
> हनूमत्कर्मदृप्तानां नदतां काननौकसाम् ।  
> किष्किन्धामुपयातानां सिद्धिं कथयतामिव ॥ ३८ ॥

वे इस प्रकार कह ही रहे थे कि उन्हें आकाशमें निकटसे वानरोंकी किलकारियाँ सुनायी दीं । हनुमान्जीके पराक्रमपर गर्व करके किष्किन्धाके पास आ गर्जना करनेवाले वे वनवासी वानर मानो सिद्धिकी सूचना दे रहे थे ॥ ३७-३८ ॥

> ततः श्रुत्वा निनादं तं कपीनां कपिसत्तमः ।  
> आयताञ्चितलाङ्गूलः सोऽभवद्धृष्टमानसः ॥ ३९ ॥

उन वानरोंका वह सिंहनाद सुनकर कपिश्रेष्ठ सुग्रीवका हृदय हर्षसे खिल उठा । उन्होंने अपनी पूँछ लंबी एवं ऊँची कर दी ॥ ३९ ॥

> आजग्मुस्तेऽपि हरयो रामदर्शनकाङ्क्षिणः ।  
> अङ्गदं पुरतः कृत्वा हनूमन्तं च वानरम् ॥ ४० ॥

इतनेमें ही श्रीरामचन्द्रजीके दर्शनकी इच्छासे अङ्गद और वानरवीर हनुमान्को आगे करके वे सब वानर वहाँ आपहुँचे ॥ ४० ॥

> तेऽङ्गदप्रमुखा वीराः प्रहृष्टाश्च मुदान्विताः ।  
> निपेतुर्हरिराजस्य समीपे राघवस्य च ॥ ४१ ॥

वे अङ्गद आदि वीर आनन्द और उत्साहसे भरकर वानरराज सुग्रीव तथा रघुनाथजीके समीप आवासले नीचे उतरे ॥ ४१ ॥

> हनूमांश्च महाबाहुः प्रणम्य शिरसा ततः ।  
> नियतामक्षतां देवीं राघवाय न्यवेदयत् ॥ ४२ ॥

महाबाहु हनुमान्ने श्रीरघुनाथजीके चरणोंमें मस्तक रखकर प्रणाम किया और उन्हें यह बताया कि ‘देवी सीता पातिव्रत्यके कठोर नियमोंका पालन करती हुई शरीरसे सकुशल हैं’ ॥ ४२ ॥

> दृष्टा देवीति हनुमद्वदनादमृतोपमम् ।  
> आकर्ण्य वचनं रामो हर्षमापसलक्ष्मणः ॥ ४३ ॥

‘मैंने देवी सीताका दर्शन किया है’ हनुमान्जीके मुखसे यह अमृतके समान मधुर वचन सुनकर लक्ष्मणसहित श्रीरामको बड़ी प्रसन्नता हुई ॥ ४३ ॥

> निश्चितार्थं ततस्तस्मिन् सुग्रीवं पवनात्मजे ।  
> लक्ष्मणः प्रीतिमान् प्रीतं बहुमानादवैक्षत ॥ ४४ ॥

पवनपुत्र हनुमान्के विषयमें सुग्रीवने पहलेसे ही निश्चय कर लिया था कि उन्हींके द्वारा कार्य सिद्ध हुआ है । इसलिये प्रसन्न हुए लक्ष्मणने प्रीतियुक्त सुग्रीवकी ओर बड़े आदरसे देखा ॥ ४४ ॥

> प्रीत्या च परयोपेतो राघवः परवीरहा ।  
> बहुमानेन महता हनूमन्तमवैक्षत ॥ ४५ ॥

शत्रुवीरोंका संहार करनेवाले श्रीरघुनाथजीने परम प्रीति और महान् सम्मानके साथ हनुमान्जीकी ओर देखा ॥४५॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
