---
title: "सुन्दरकाण्ड, Sarga 34"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/sundara-kanda/sarga-34"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड, Sarga 34

> तस्यास्तद् वचनं श्रुत्वा हनुमान् हरिपुङ्गवः ।  
> दुःखाद् दुःखाभिभूतायाः सान्त्वमुत्तरमब्रवीत् ॥ १ ॥

दुःख-पर-दुःख उठानेके कारण पीड़ित हुई सीताका उपर्युक्त वचन सुनकर वानरशिरोमणि हनुमान्जीने उन्हें सान्त्वना देते हुए कहा—॥ १ ॥

> अहं रामस्य संदेशाद् देवि दूतस्त्वागतः ।  
> वैदेहि कुशली रामः स त्वां कौशलमब्रवीत् ॥ २ ॥

‘देवि ! मैं श्रीरामचन्द्रजीका दूत हूँ और आपके लिये उनका संदेश लेकर आया हूँ । विदेहनन्दिनी!श्रीरामचन्द्रजी सकुशल हैं और उन्होंने आपका कुशल-समाचार पूछा है ॥ २ ॥

> यो ब्राह्ममस्त्रं वेदांश्च वेद वेदविदां वरः ।  
> स त्वां दाशरथी रामो देवि कौशलमब्रवीत् ॥ ३ ॥

‘देवि ! जिन्हें ब्रह्मास्त्र और वेदोंका भी पूर्ण ज्ञान है, वे वेदवेत्ताओंमें श्रेष्ठ दशरथनन्दन श्रीराम स्वयं सकुशल रहकर आपकी भी कुशल पूछ रहे हैं ॥ ३ ॥

> लक्ष्मणश्च महातेजा भर्तुस्तेऽनुचरः प्रियः ।  
> कृतवाञ्छोकसंतप्तः शिरसा तेऽभिवादनम् ॥ ४ ॥

‘आपके पतिके अनुचर तथा प्रिय महातेजस्वी लक्ष्मणने भी शोकसे संतप्त हो आपके चरणोंमें मस्तक झुकाकर प्रणाम कहलाया है’ ॥ ४ ॥

> सा तयोः कुशलं देवी निशम्य नरसिंहयोः ।  
> प्रतिसंहृष्टसर्वाङ्गी हनूमन्तमथाब्रवीत् ॥ ५ ॥

पुरुषसिंह श्रीराम और लक्ष्मणका समाचार सुनकर देवी सीताके सम्पूर्ण अङ्गोंमें हर्षजनित रोमाञ्च हो आया और वे हनुमान्जीसे बोलीं—॥ ५ ॥

> कल्याणी बत गाथेयं लौकिकी प्रतिभाति मा ।  
> पति जीवन्तमानन्दो नरं वर्षशतादपि ॥ ६ ॥

‘यदि मनुष्य जीवित रहे तो उसे सौ वर्ष बाद भी आनन्द प्राप्त होता ही है, यह लौकिक कहावत आज मुझे बिल्कुल सत्य एवं कल्याणमयी जान पड़ती है’ ॥ ६ ॥

> तयोः समागमे तस्मिन् प्रीतिरुत्पादिताद्भुता ।  
> परस्परेण चालापं विश्वस्तौ तौ प्रचक्रतुः ॥ ७ ॥

सीता और हनुमान्के इस मिलाप ( परस्पर दर्शन ) से दोनोंको ही अद्भुत प्रसन्नता प्राप्त हुई । वे दोनों विश्वस्त होकर एक-दूसरेसे वार्तालाप करने लगे ॥ ७ ॥

> तस्यास्तद् वचनं श्रुत्वा हनूमान् मारुतात्मजः ।  
> सीतायाः शोकतप्तायाः समीपमुपचक्रमे ॥ ८ ॥

शोकसंतप्त सीताकी वे बातें सुनकर पवनकुमार हनुमान्जी उनके कुछ निकट चले गये ॥ ८ ॥

> यथा यथा समीपं स हनूमानुपसर्पति ।  
> तथा तथा रावणं सा तं सीता परिशङ्कते ॥ ९ ॥

हनुमान्जी ज्यों-ज्यों निकट आते, त्यों-ही-त्यों सीताको यह शङ्का होती कि यह कहीं रावण न हो ॥ ९ ॥

> अहो धिग् धिक्कृतमिदं कथितं हि यदस्य मे ।  
> रूपान्तरमुपागम्य स एवायं हि रावणः ॥ १० ॥

ऐसा विचार आते ही वे मन-ही-मन कहने लगीं— ‘अहो ! धिक्कार है, जो इसके सामने मैंने अपने मनकी बात कह दी । यह दूसरा रूप धारण करके आया हुआ वह रावण ही है’ ॥ १० ॥

> तामशोकस्य शाखां तु विमुक्त्वा शोककर्शिता ।  
> तस्यामेवानवद्याङ्गी धरण्यां समुपाविशत् ॥ ११ ॥  
> अवन्दत महाबाहुस्ततस्तां जनकात्मजाम् ।  
> सा चैनं भयसंत्रस्ता भूयो नैनमुदैक्षत ॥ १२ ॥

फिर तो निर्दोष अङ्गोंवाली सीता उस अशोक वृक्षकी शाखाको छोड़ शोकसे कातर हो वहीं जमीनपर बैठ गयीं ॥ तत्पश्चात् महाबाहु हनुमान्ने जनकनन्दिनी सीताके चरणोंमें प्रणाम किया; किंतु वे भयभीत होनेके कारण फिर उनकी ओर देख न सकीं ॥ १२ ॥

> तं दृष्ट्वा वन्दमानं च सीता शशिनिभानना ।  
> अब्रवीद् दीर्घमुच्छ्वस्य वानरं मधुरस्वरा ॥ १३ ॥

वानर हनुमान्को बारंबार वन्दना करते देख चन्द्रमुखी सीता लंबी साँस खींचकर उनसे मधुर वाणीमें बोलीं—॥ १३ ॥

> मायां प्रविष्टो मायावी यदि त्वं रावणः स्वयम् ।  
> उत्पादयसि मे भूयः संतापं तत्र शोभनम् ॥ १४ ॥

‘यदि तुम स्वयं मायावी रावण हो और मायामय शरीरमें प्रवेश करके फिर मुझे कष्ट दे रहे हो तो यह तुम्हारे लिये अच्छी बात नहीं है ॥ १४ ॥

> स्वं परित्यज्य रूपं यः परिव्राजकरूपवान् ।  
> जनस्थाने मया दृष्टस्त्वं स एव हि रावणः ॥ १५ ॥

‘जिसे मैंने जनस्थानमें देखा था तथा जो अपने यथार्थ रूपको छोड़कर संन्यासीका रूप धारण करके आया था, तुम वही रावण हो ॥ १५ ॥

> उपवासकृशां दीनां कामरूप निशाचर ।  
> संतापयसि मां भूयः संतापं तत्र शोभनम् ॥ १६ ॥

‘इच्छानुसार रूप धारण करनेवाले निशाचर ! मैं उपवास करते-करते दुबली हो गयी हूँ और मन-ही-मन दुखी रहती हूँ । इतनेपर भी जो तुम फिर मुझे संताप दे रहे हो, यह तुम्हारे लिये अच्छी बात नहीं है ॥ १६ ॥

> अथवा नैतदेवं हि यन्मया परिशङ्कितम् ।  
> मनसो हि मम प्रीतिरुत्पन्ना तव दर्शनात् ॥ १७ ॥  
> यदि रामस्य दूतस्त्वमागतो भद्रमस्तु ते ।  
> पृच्छामि त्वां हरिश्रेष्ठ प्रिया रामकथा हि मे ॥ १८ ॥

‘अथवा जिस बातकी मेरे मनमें शङ्का हो रही है, वह न भी हो; क्योंकि तुम्हें देखनेसे मेरे मनमें प्रसन्नता हुई है॥ ‘वानरश्रेष्ठ ! सचमुच ही यदि तुम भगवान् श्रीरामके दूत हो तो तुम्हारा कल्याण हो । मैं तुमसे उनकी बातें पूछती हूँ; क्योंकि श्रीरामकी चर्चा मुझे बहुत ही प्रिय है ॥ १८ ॥

> गुणान् रामस्य कथय प्रियस्य मम वानर ।  
> चित्तं हरसि मे सौम्य नदीकूलं यथा रयः ॥ १९ ॥  
> अहो स्वप्नस्य सुखता याद्दमेव चिराहृता ।  
> प्रेषितं नाम पश्यामि राघवेण वनौकसम् ॥ २० ॥

‘वानर ! मेरे प्रियतम श्रीरामके गुणोंका वर्णन करो । सौम्य ! जैसे जलका वेग नदीके तटको हर लेता है, उसी प्रकार तुम श्रीरामकी चर्चासे मेरे चित्तको चुराये लेते हो ॥ ‘अहो ! यह स्वप्न कैसा सुखद हुआ ? जिससे यहाँ चिरकालसे हरकर लायी गयी मैं आज भगवान् श्रीरामके भेजे हुए दूत वानरको देख रही हूँ ॥ २० ॥

> स्वप्नेऽपि यद्यहं वीरं राघवं सहलक्ष्मणम् ।  
> पश्येयं नावसीदेयं स्वप्नोऽपि मम मत्सरी ॥ २१ ॥

‘यदि मैं लक्ष्मणसहित वीरवर श्रीरघुनाथजीको स्वप्नमें भी देख लिया करूँ तो मुझे इतना कष्ट न हो; परंतु स्वप्न भी मुझसे डाह करता है ॥ २१ ॥

> नाहं स्वप्नमिमं मन्ये स्वप्ने दृष्ट्वा हि वानरम् ।  
> न शक्योऽभ्युदयः प्राप्तुं प्राप्तश्चाभ्युदयो मम ॥ २२ ॥

‘मैं इसे स्वप्न नहीं समझती; क्योंकि स्वप्नमें वानरको देख लेनेपर किसीका अभ्युदय नहीं हो सकता और मैंने यहाँ अभ्युदय प्राप्त किया है (अभ्युदयकालमें जैसी प्रसन्नता होती है, वैसी ही प्रसन्नता मेरे मनमें छा रही है । ) ॥२२॥

> किं नु स्याच्चित्तमोहोऽयं भवेद् वातगतिस्त्वियम् ।  
> उन्मादजो विकारो वा स्यादयं मृगतृष्णिका ॥ २३ ॥

‘अथवा यह मेरे चित्तका मोह तो नहीं है । वात-विकारसे होनेवाला भ्रम तो नहीं है । उन्मादका विकार तो नहीं उमड़ आया अथवा यह मृगतृष्णा तो नहीं है ॥ २३ ॥

> अथवा नायमुन्मादो मोहोऽप्युन्मादलक्षणः ।  
> सम्बुध्ये चाहमात्मानमिमं चापि वनौकसम् ॥ २४ ॥

‘अथवा यह उन्मादजनित विकार नहीं है । उन्मादके समान लक्षणवाला मोह भी नहीं है; क्योंकि मैं अपने-आपको देख और समझ रही हूँ तथा इस वानरको भी ठीक-ठीक देखती और समझती हूँ ( उन्माद आदिकी अवस्थाओंमें इस तरह ठीक-ठीक ज्ञान होना सम्भव नहीं है । )’ ॥२४॥

> इत्येवं बहुधा सीता सम्प्रधार्य बलाबलम् ।  
> रक्षसां कामरूपत्वान्मेने तं राक्षसाधिपम् ॥ २५ ॥  
> पतां बुद्धिं तदा कृत्वा सीता सा तनुमध्यमा ।  
> न प्रतिव्याजहाराथ वानरं जनकात्मजा ॥ २६ ॥  
> सीताया निश्चितं बुद्ध्वा हनूमान् मारुतात्मजः ।  
> श्रोत्रानुकूलैर्वचनैस्तदा तां सम्प्रहर्षयन् ॥ २७ ॥

इस तरह सीता अनेक प्रकारसे राक्षसोंकी प्रबलता और वानरकी निर्बलताका निश्चय करके उन्हें राक्षसराज रावण ही माना; क्योंकि राक्षसोंमें इच्छानुसार रूप धारण करनेकी शक्ति होती है । ऐसा विचारकर सूक्ष्म कटिप्रदेशवाली जनककुमारी सीताने कपिवर हनुमान्जीसे फिर कुछ नहीं कहा ॥ सीताके इस निश्चयको समझकर पवनकुमार हनुमान्जी उस समय कानोंको सुख पहुँचानेवाले अनुकूल वचनोंद्वारा उनका हर्ष बढ़ाते हुए बोले—॥ २७ ॥

> आदित्य इव तेजस्वी लोककान्तः शशी यथा ।  
> राजा सर्वस्य लोकस्य देवो वैश्रवणो यथा ॥ २८ ॥

‘भगवान् श्रीराम सूर्यके समान तेजस्वी, चन्द्रमाके समान लोककमनीय तथा देव कुबेरकी भाँति सम्पूर्ण जगत्के राजा हैं ॥ २८ ॥

> विक्रमेणोपपन्नश्च यथा विष्णुर्महायशाः ।  
> सत्यवादी मधुरवाग् देवो वाचस्पतिर्यथा ॥ २९ ॥  
> रूपवान् सुभगः श्रीमान् कंदर्प इव मूर्तिमान् ।  
> स्थानक्रोधे प्रहर्ता च श्रेष्ठो लोके महारथः ॥ ३० ॥

‘महायशस्वी भगवान् विष्णुके समान पराक्रमी तथा बृहस्पतिजीकी भाँति सत्यवादी एवं मधुरभाषी हैं ॥ ‘रूपवान्, सौभाग्यशाली और कान्तिमान् तो वे इतने हैं, मानो मूर्तिमान् कामदेव हों । वे क्रोधके पात्रपर ही प्रहार करनेमें समर्थ और संसारके श्रेष्ठ महारथी हैं ॥ ३० ॥

> बाहुच्छायामवष्टब्धो यस्य लोको महात्मनः ।  
> अपक्रम्याश्रमपदान्मृगरूपेण राघवम् ॥ ३१ ॥  
> शून्ये येनापनीतासि तस्य द्रक्ष्यसि तत्फलम् ॥

‘सम्पूर्ण विश्व उन महात्माकी भुजाओंके आश्रयमें— उन्हींकी छत्रछायामें विश्राम करता है । मृगरूपधारी निशाचरद्वारा श्रीरघुनाथजीको आश्रमसे दूर हटाकर जिसने सूने आश्रममें पहुँचकर आपका अपहरण किया है, उसे उस पापका जो फल मिलनेवाला है, उसको आप अपनी आँखों देखेंगी ॥ ३१½ ॥

> अचिराद् रावणं संख्ये यो वधिष्यति वीर्यवान् ॥ ३२ ॥  
> क्रोधप्रमुक्तैरिषुभिर्ज्वलद्भिरिव पावकैः ।

‘पराक्रमी श्रीरामचन्द्रजी क्रोधपूर्वक छोड़े गये प्रज्वलित अग्निके समान तेजस्वी बाणोंद्वारा समराङ्गणमें शीघ्र ही रावणका वध करेंगे ॥ ३२½ ॥

> तेनाहं प्रेषितो दूतस्त्वत्सकाशमिहागतः ॥ ३३ ॥  
> त्वद्वियोगेन दुःखार्तः स त्वां कौशलमब्रवीत् ।

‘मैं उन्हींका भेजा हुआ दूत होकर यहाँ आपके पास आया हूँ । भगवान् श्रीराम आपके वियोगजनित दुःखसे पीड़ित हैं । उन्होंने आपके पास अपनी कुशल कहलायी है और आपकी भी कुशल पूछी है ॥ ३३½ ॥

> लक्ष्मणश्च महातेजाः सुमित्रानन्दवर्धनः ॥ ३४ ॥  
> अभिवाद्य महाबाहुः स त्वां कौशलमब्रवीत् ।  
> रामस्य च सखा देवि सुग्रीवो नाम वानरः ॥ ३५ ॥  
> राजा वानरमुख्यानां स त्वां कौशलमब्रवीत् ।  
> नित्यं स्मरति ते रामः ससुग्रीवः सलक्ष्मणः ॥ ३६ ॥

‘सुमित्राका आनन्द बढ़ानेवाले महातेजस्वी महाबाहु लक्ष्मणने भी आपको प्रणाम करके आपकी कुशल पूछी है ॥ ‘देवि ! श्रीरघुनाथजीके सखा एक सुग्रीव नामक वानर हैं, जो मुख्य-मुख्य वानरोंके राजा हैं, उन्होंने भी आपसे कुशल पूछी है । सुग्रीव और लक्ष्मणसहित श्रीरामचन्द्रजी प्रतिदिन आपका स्मरण करते हैं ॥ ३५-३६ ॥

> दिष्ट्या जीवसि वैदेहि राक्षसीवशमागता ।  
> नचिराद् द्रक्ष्यसे रामं लक्ष्मणं च महारथम् ॥ ३७ ॥  
> मध्ये वानरकोटीनां सुग्रीवं चामितौजसम् ।  
> अहं सुग्रीवसचिवो हनूमान् नाम वानरः ॥ ३८ ॥

‘विदेहनन्दिनि ! राक्षसियोंके चंगुलमें फँसकर भी आप अभीतक जीवित हैं, यह बड़े सौभाग्यकी बात है । अब आप शीघ्र ही महारथी श्रीराम और लक्ष्मणका दर्शन करेंगी ॥ ‘साथ ही करोड़ों वानरोंसे घिरे हुए अमिततेजस्वी सुग्रीवको भी आप देखेंगी । मैं सुग्रीवका मन्त्री हनुमान् नामक वानर हूँ ॥ ३८ ॥

> प्रविष्टो नगरीं लङ्कां लङ्घयित्वा महोदधिम् ।  
> कृत्वा मूर्ध्नि पदन्यासं रावणस्य दुरात्मनः ॥ ३९ ॥

‘मैंने महासागरको लाँघकर और दुरात्मा रावणके सिरपर पैर रखकर लङ्कापुरीमें प्रवेश किया है ॥ ३९ ॥

> त्वां द्रष्टुमुपयातोऽहं समाश्रित्य पराक्रमम् ।  
> नाहमस्मि तथा देवि यथा मामवगच्छसि ।  
> विशङ्का त्यज्यतामेषा श्रद्धत्स्व वदतो मम ॥ ४० ॥

‘मैं अपने पराक्रमका भरोसा करके आपका दर्शन करनेके लिये यहाँ उपस्थित हुआ हूँ । देवि ! आप मुझे जैसा समझ रही हैं, मैं वैसा नहीं हूँ । आप यह विपरीत आशङ्का छोड़ दीजिये और मेरी बातपर विश्वास कीजिये’ ॥ ४० ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
