---
title: "किष्किन्धाकाण्ड, Sarga 16"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/kishkindha-kanda/sarga-16"
lang: "hi"
---

# किष्किन्धाकाण्ड, Sarga 16

> तामेवं ब्रुवतीं तारां ताराधिपनिभाननाम् ।  
> वाली निर्भर्त्सयामास वचनं चेदमब्रवीत् ॥ १ ॥

तारापति चन्द्रमाके समान मुखवाली ताराको ऐसी बातें करती देख वालीने उसे फटकारा और इस प्रकार कहा–॥१॥

> गर्जतोऽस्य सुसंरब्धं भ्रातुः शत्रोर्विशेषतः ।  
> मर्षयिष्यामि केनापि कारणेन वरानने ॥ २ ॥

‘वरानने ! इस गर्जते हुए भाईकी, जो विशेषतः मेरा शत्रु है, यह उत्तेजनापूर्ण चेष्टा मैं किस कारणसे सहन करूँगा ॥ २ ॥

> अधर्षितानां शूराणां समरेष्वनिवर्तिनाम् ।  
> धर्षणामर्षणं भीरु मरणादतिरिच्यते ॥ ३ ॥

‘भीरु ! जो कभी परास्त नहीं हुए और जिन्होंने युद्धके अवसरोंपर कभी पीठ नहीं दिखायी, उन शूरवीरोंके लिये शत्रुकी ललकार सह लेना मृत्युसे भी बढ़कर दुःखदायी होता है ॥ ३ ॥

> सोढुं न च समर्थोऽहं युद्धकामस्य संयुगे ।  
> सुग्रीवस्य च संरम्भं हीनग्रीवस्य गर्जितम् ॥ ४ ॥

‘यह हीन ग्रीवावाला सुग्रीव संग्रामभूमिमें मेरे साथ युद्धकी इच्छा रखता है । मैं इसके रोषावेश और गर्जन-तर्जन-को सहन करनेमें असमर्थ हूँ ॥ ४ ॥

> न च कार्यो विषादस्ते राघवं प्रति मत्कृते ।  
> धर्मज्ञश्च कृतज्ञश्च कथं पापं करिष्यति ॥ ‘५ ॥

‘श्रीरामचन्द्रजीकी बात सोचकर भी तुम्हें मेरे लिये विषाद नहीं करना चाहिये । क्योंकि वे धर्मके ज्ञाता तथा कर्तव्याकर्तव्यको समझनेवाले हैं । अतः पाप कैसे करेंगे ॥५॥

> निवर्तस्व सह स्त्रीभिः कथं भूयोऽनुगच्छसि ।  
> सौहृदं दर्शितं तावन्मयि भक्तिस्त्वया कृता ॥ ६ ॥  
> प्रतियोत्स्याम्यहं गत्वा सुग्रीवं जहि सम्भ्रमम् ।  
> दर्पं चास्य विनेष्यामि न च प्राणैर्वियोक्ष्यते ॥ ७ ॥

‘तुम इन स्त्रियोंके साथ लौट जाओ । क्यों मेरे पीछे बार-बार आ रही हो । तुमने मेरे प्रति अपना स्नेह दिखाया । भक्तिका भी परिचय दे दिया । अब जाओ । घबराहट छोड़ो । मैं आगे बढ़कर सुग्रीवका सामना करूँगा । उसके घमण्डको चूर-चूर कर डालूँगा । किंतु प्राण नहीं लूँगा ॥ ६-७ ॥

> अहंह्याजिस्थितस्यास्य करिष्यामि यदीप्सितम् ।  
> वृक्षैर्मुष्टिप्रहारैश्च पीडितः प्रतियास्यति ॥ ८ ॥

‘युद्धके मैदानमें खड़े हुए सुग्रीवकी जो-जो इच्छा है, उसे मैं पूर्ण करूँगा । वृक्षों और मुक्कोंकी मारसे पीडित होकर वह स्वयं ही भाग जायगा ॥ ८ ॥

> न मे गर्वितमायस्तं सहिष्यति दुरात्मवान् ।  
> कृतं तारे सहायत्वं दर्शितं सौहृदं मयि ॥ ९ ॥

‘तारे ! दुरात्मा सुग्रीव मेरे युद्धविषयक दर्प और आयास ( उद्योग ) को नहीं सह सकेगा । तुमने मेरी बौद्धिक सहायता अच्छी तरह कर दी और मेरे प्रति अपना सौहार्द भी दिखा दिया ॥ ९ ॥

> शापितासि मम प्राणैर्निवर्तस्व जनेन च ।  
> अलं जित्वा निवर्तिष्ये तमहं भ्रातरं रणे ॥ १० ॥

‘अब मैं प्राणोंकी सौगन्ध दिलाकर कहता हूँ कि अब तुम इन स्त्रियोंके साथ लौट जाओ । अब अधिक कहनेकी आवश्यकता नहीं है, मैं युद्धमें अपने उस भाईको जीतकर लौट आऊँगा’ ॥ १० ॥

> तं तु तारा परिष्वज्य वालिनं प्रियवादिनी ।  
> चकार रुदती मन्दं दक्षिणा सा प्रदक्षिणम् ॥ ११ ॥  
> ततः स्वस्त्ययनं कृत्वा मन्त्रविद् विजयैषिणी ।  
> अन्तःपुरं सह स्त्रीभिः प्रविष्टा शोकमोहिता ॥ १२ ॥

यह सुनकर अत्यन्त उदार स्वभाववाली ताराने वालीका आलिङ्गन करके मन्द स्वरमें रोते-रोते उसकी परिक्रमा की ॥ वह पतिकी विजय चाहती थी और उसे मन्त्रका भी ज्ञान था । इसलिये उसने वालीकी मङ्गल-कामनासे स्वस्तिवाचन किया और शोकसे मोहित हो वह अन्य स्त्रियोंके साथ अन्तःपुरको चली गयी ॥ १२ ॥

> प्रविष्टायां तु तारायां सह स्त्रीभिः स्वमालयम् ।  
> नगर्या निर्ययौ क्रुद्धो महासर्प इव श्वसन् ॥ १३ ॥

स्त्रियोंसहित ताराके अपने महलमें चले जानेपर वाली क्रोधसे भरे हुए महान् सर्पकी भाँति लम्बी साँस खींचता हुआ नगरसे बाहर निकला ॥ १३ ॥

> स निःश्वस्य महारोषो वाली परमवेगवान् ।  
> सर्वतश्चारयन् दृष्टिं शत्रुदर्शनकाङ्क्षया ॥ १४ ॥

महान् रोषसे युक्त और अत्यन्त वेगशाली वाली लम्बी साँस छोड़कर शत्रुको देखनेकी इच्छासे चारों ओर अपनी दृष्टि दौड़ाने लगा ॥ १४ ॥

> स ददर्श ततः श्रीमान् सुग्रीवं हेमपिङ्गलम् ।  
> सुसंवीतमवष्टब्धं दीप्यमानमिवानलम् ॥ १५ ॥

इतनेहीमें श्रीमान् वालीने सुवर्णके समान पिङ्गल वर्णवाले सुग्रीवको देखा, जो लँगोट बाँधकर युद्धके लिये डटकर खड़े थे और प्रज्वलित अग्निके समान प्रकाशित हो रहे थे ॥१५॥

> तं स दृष्ट्वा महाबाहुः सुग्रीवं पर्यवस्थितम् ।  
> गाढं परिदधे वासो वाली परमकोपनः ॥ १६ ॥

सुग्रीवको खड़ा देख महाबाहु वाली अत्यन्त कुपित हो उठा । उसने अपना लँगोट भी दृढ़ताके साथ बाँध लिया ॥ १६ ॥

> स वाली गाढसंवीतो मुष्टिमुद्यम्य वीर्यवान् ।  
> सुग्रीवमेवाभिमुखो ययौ योद्धुं कृतक्षणः ॥ १७ ॥

लँगोटको मजबूतीके साथ कसकर पराक्रमी वाली प्रहारका अवसर देखता हुआ मुक्का तानकर सुग्रीवकी ओर चला ॥१७॥

> श्लिष्टं मुष्टिं समुद्यम्य संरब्धतरमागतः ।  
> सुग्रीवोऽपि समुद्दिश्य वालिनं हेममालिनम् ॥ १८ ॥

सुग्रीव भी सुवर्णमालाधारी वालीके उद्देश्यसे बँधा हुआ मुक्का ताने बड़े आवेशके साथ उसकी ओर बढ़े ॥ १८ ॥

> तं वाली क्रोधताम्राक्षः सुग्रीवं रणकोविदम् ।  
> आपतन्तं महावेगमिदं वचनमब्रवीत् ॥ १९ ॥

युद्धकलाके पण्डित महावेगशाली सुग्रीवको अपनी ओर आते देख वालीकी आँखें क्रोधसे लाल हो गयीं और वह इस प्रकार बोला—॥ १९ ॥

> एष मुष्टिर्महान् बद्धो गाढः सुनियताङ्गुलिः ।  
> मया वेगविमुक्तस्ते प्राणानादाय यास्यति ॥ २० ॥

‘सुग्रीव ! देख ले । यह बड़ा भारी मुक्का खूब कसकर बँधा हुआ है । इसमें सारी अङ्गुलियाँ सुनियन्त्रितरूपसे परस्पर सटी हुई हैं । मेरे द्वारा वेगपूर्वक चलाया हुआ यह मुक्का तेरे प्राण लेकर ही जायगा’ ॥ २० ॥

> एवमुक्तस्तु सुग्रीवः क्रुद्धो वालिनमब्रवीत् ।  
> तव चैष हरन् प्राणान् मुष्टिः पततु मूर्धनि ॥ २१ ॥

वालीके ऐसा कहनेपर सुग्रीव क्रोधपूर्वक उससे बोले— ‘मेरा यह मुक्का भी तेरे प्राण लेनेके लिये तेरे मस्तकपर गिरे’ ॥ २१ ॥

> ताडितस्तेन तं क्रुद्धः समभिक्रम्य वेगतः ।  
> अभवच्छोणितोद्गारी सापीड इव पर्वतः ॥ २२ ॥

इतनेहीमें वालीने वेगपूर्वक आक्रमण करके सुग्रीवपर मुक्केका प्रहार किया । उस चोटसे घायल एवं कुपित हुए सुग्रीव झरनोंसे युक्त पर्वतकी भाँति मुँहसे रक्त वमन करने लगे ॥ २२ ॥

> सुग्रीवेण तु निःशङ्कं सालमुत्पाट्य तेजसा ।  
> गात्रेष्वभिहतो वाली वज्रेणेव महागिरिः ॥ २३ ॥  
> स तु वृक्षेण निर्भग्नः सालताडनविह्वलः ।  
> गुरुभारभराक्रान्ता नौः ससार्थेव सागरे ॥ २४ ॥

तत्पश्चात् सुग्रीवने भी निःशङ्क होकर बलपूर्वक एक सालवृक्षको उखाड़ लिया और उसे वालीके शरीरपर दे मारा, मानो इन्द्रने किसी विशाल पर्वतपर वज्रका प्रहार किया हो ॥ उस वृक्षकी चोटसे वालीके शरीरमें घाव हो गया । उस आघातसे विह्वल हुआ वाली व्यापारियोंके समूहके चढ़नेसे भारी भारके द्वारा दबकर समुद्रमें डगमगाती हुई नौकाके समान काँपने लगा ॥ २४ ॥

> तौ भीमबलविक्रान्तौ सुपर्णसमवेगितौ ।  
> प्रवृद्धौ घोरवपुषौ चन्द्रसूर्याविवाम्बरे ॥ २५ ॥

उन दोनों भाइयोंका बल और पराक्रम भयंकर था । दोनोंके ही वेग गरुड़के समान थे । वे दोनों भयंकर रूप धारण करके बड़े जोरसे जूझ रहे थे और पूर्णिमाके आकाशमें चन्द्रमा और सूर्यके समान दिखायी देते थे ॥२५॥

> परस्परममित्रघ्नौ छिद्रान्वेषणतत्परौ ।  
> ततोऽवर्धत वाली तु बलवीर्यसमन्वितः ॥ २६ ॥  
> सूर्यपुत्रो महावीर्यः सुग्रीवः परिहीयत ।

वे शत्रुसूदन वीर अपने विपक्षीको मार डालनेकी इच्छासे एक-दूसरेकी दुर्बलता ढूँढ़ रहे थे; परंतु उस युद्धमें बल-विक्रमसम्पन्न वाली बढ़ने लगा और महापराक्रमी सूर्यपुत्र सुग्रीवकी शक्ति क्षीण होने लगी ॥ २६½ ॥

> वालिना भग्नदर्पस्तु सुग्रीवो मन्दविक्रमः ॥ २७ ॥  
> वालिनं प्रति सामर्षो दर्शयामास राघवम् ।

वालीने सुग्रीवका घमण्ड चूर्ण कर दिया । उनका पराक्रम मन्द पड़ने लगा । तब वालीके प्रति अमर्षमें भरे हुए सुग्रीवने श्रीरामचन्द्रजीको अपनी अवस्थाका लक्ष्य कराया ॥२७½॥

> वृक्षैः सशाखैः शिखरैर्वज्रकोटिनिभैर्नखैः ॥ २८ ॥  
> मुष्टिभिर्जानुभिः पद्भिर्बाहुभिश्च पुनः पुनः ।  
> तयोर्युद्धमभूद्घोरं वृत्रवासवयोरिव ॥ २९ ॥

इसके बाद डालियोंसहित वृक्षों, पर्वतके शिखरों, वज्रके समान भयंकर नखों, मुक्कों, घुटनों, लातों और हाथोंकी मारसे उन दोनोंमें इन्द्र और वृत्रासुरकी भाँति भयंकर संग्राम होने लगा ॥ २८-२९ ॥

> तौ शोणिताक्तौ युध्येतां वानरौ वनचारिणौ ।  
> मेघाविव महाशब्दैस्तर्जमानौ परस्परम् ॥ ३० ॥

वे दोनों वनचारी वानर लहूलुहान होकर लड़ रहे थे और दो बादलोंकी तरह अत्यन्त भयंकर गर्जना करते हुए एक-दूसरेको डाँट रहे थे ॥ ३० ॥

> हीयमानमथापश्यत् सुग्रीवं वानरेश्वरम् ।  
> प्रेक्षमाणं दिशश्चैव राघवः स मुहुर्मुहुः ॥ ३१ ॥

श्रीरघुनाथजीने देखा, वानरराज सुग्रीव कमजोर पड़ रहे हैं और बारंबार इधर-उधर दृष्टि दौड़ा रहे हैं ॥ ३१ ॥

> ततो रामो महातेजा आर्तं दृष्ट्वा हरीश्वरम् ।  
> स शरं वीक्षते वीरो वालिनो वधकाङ्क्षया ॥ ३२ ॥

वानरराजको पीड़ित देख महातेजस्वी श्रीरामने वालीके वधकी इच्छासे अपने बाणपर दृष्टिपात किया ॥ ३२ ॥

> ततो धनुषि संधाय शरमाशीविषोपमम् ।  
> पूरयामास तच्चापं कालचक्रमिवान्तकः ॥ ३३ ॥

उन्होंने अपने धनुषपर विषधर सर्पके समान भयंकर बाण रक्खा और उसे जोरसे खींचा, मानो यमराजने कालचक्र उठा लिया हो ॥ ३३ ॥

> तस्य ज्यातलघोषेण त्रस्ताः पत्ररथेश्वराः ।  
> प्रदुद्रुवुर्मृगाश्चैव युगान्त इव मोहिताः ॥ ३४ ॥

उसकी प्रत्यञ्चाकी टङ्कारध्वनिसे भयभीत हो बड़े-बड़े पक्षी और मृग भाग खड़े हुए । वे प्रलयकालके समय मोहित हुए जीवोंके समान किंकर्तव्यविमूढ़ हो गये ॥ ३४ ॥

> मुक्तस्तु वज्रनिर्घोषः प्रदीप्ताशनिसंनिभः ।  
> राघवेण महाबाणो वालिवक्षसि पातितः ॥ ३५ ॥  
> ततस्तेन महातेजा वीर्ययुक्तः कपीश्वरः ।  
> वेगेनाभिहतो वाली निपपात महीतले ॥ ३६ ॥

श्रीरघुनाथजीने वज्रकी भाँति गड़गड़ाहट और प्रज्वलित अशनिकी भाँति प्रकाश पैदा करनेवाला वह महान् बाण छोड़ दिया तथा उसके द्वारा वालीके वक्षःस्थलपर चोट पहुँचायी ॥ उस बाणसे वेगपूर्वक आहत हो महातेजस्वी पराक्रमी वानरराज वाली तत्काल पृथ्वीपर गिर पड़ा ॥ ३६ ॥

> इन्द्रध्वज इवोद्धूतः पौर्णमास्यां महीतले ।  
> आश्वयुक्समये मासि गतश्रीको विचेतनः ।  
> बाष्पसंरुद्धकण्ठस्तु वाली चार्तस्वरः शनैः ॥ ३७ ॥

आश्विनकी पूर्णिमाके दिन इन्द्रध्वजोत्सवके अन्तमें ऊपर फेंका गया इन्द्रध्वज जैसे पृथ्वीपर गिर पड़ता है, उसी प्रकार वाली ग्रीष्मऋतुके अन्तमें श्रीहीन, अचेत और आँसुओंसे गद्गदकण्ठ हो धराशायी हो गया और धीरे-धीरे आर्तनाद करने लगा ॥ ३७ ॥

> नरोत्तमः काल युगान्तकोपमं  
> शरोत्तमं काञ्चनरूप्यभूषितम् ।  
> ससर्ज दीप्तं तममित्रमर्दनं  
> सधूममग्निं मुखतो यथा हरः ॥ ३८ ॥

श्रीरामका वह उत्तम बाण युगान्तकालके समान भयंकर तथा सोने-चाँदीसे विभूषित था । पूर्वकालमें महादेवजीने जैसे अपने मुखसे ( मुख-मण्डलके अन्तर्गत ललाटवर्ती नेत्रसे ) शत्रुभूत कामदेवका नाश करनेके लिये धूमयुक्त अग्निकी सृष्टि की थी, उसी प्रकार पुरुषोत्तम श्रीरामने सुग्रीवशत्रु वालीका मर्दन करनेके लिये उस प्रज्वलित बाणको छोड़ा था ॥ ३८ ॥

> अथोक्षितः शोणिततोयविस्रवैः  
> सुपुष्पिताशोक इवानिलोद्धतः।  
> विचेतनो वासवसूनुराहवे  
> प्रभ्रंशितेन्द्रध्वजवत् क्षितिं गतः ॥ ३९ ॥

इन्द्रकुमार वालीके शरीरसे पानीके समान रक्तकी धारा बहने लगी । वह उससे नहा गया और अचेत हो वायुके उखाड़े हुए पुष्पित अशोकवृक्ष एवं आकाशसे नीचे गिरे हुए इन्द्रध्वजके समान समराङ्गणमें पृथ्वीपर गिर पड़ा ॥३९॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
