---
title: "किष्किन्धाकाण्ड, Sarga 14"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/kishkindha-kanda/sarga-14"
lang: "hi"
---

# किष्किन्धाकाण्ड, Sarga 14

> सर्वे ते त्वरितं गत्वा किष्किन्धां वालिनः पुरीम् ।  
> वृक्षैरात्मानमावृत्य व्यतिष्ठन् गहने वने ॥ १ ॥

वे सब लोग शीघ्रतापूर्वक वालीकी किष्किन्धापुरीमें पहुँचकर एक गहनवनमें वृक्षोंकी ओटमें अपने आपको छिपाकर खड़े हो गये ॥ १ ॥

> विसार्य सर्वतो दृष्टिं कानने काननप्रियः ।  
> सुग्रीवो विपुलग्रीवः क्रोधमाहारयद् भृशम् ॥ २ ॥

वनके प्रेमी विशाल ग्रीवावाले सुग्रीवने उस वनमें चारों ओर दृष्टि दौड़ायी और अपने मनमें अत्यन्त क्रोधका संचय किया ॥ २ ॥

> ततस्तु निनदं घोरं कृत्वा युद्धाय चाह्वयत् ।  
> परिवारैः परिवृतो नादैर्भिन्दन्निवाम्बरम् ॥ ३ ॥

तदनन्तर अपने सहायकोंसे घिरे हुए उन्होंने अपने सिंहनादसे आकाशको फाड़ते हुए-से घोर गर्जना की और वालीको युद्धके लिये ललकारा ॥ ३ ॥

> गर्जन्निव महामेघो वायुवेगपुरःसरः ।  
> अथ बालार्कसदृशो दर्पसिंहगतिस्तदा ॥ ४ ॥

उस समय सुग्रीव वायुके वेगके साथ गर्जते हुए महामेघके समान जान पड़ते थे । अपनी अङ्गकान्ति और प्रतापके द्वारा प्रातःकालके सूर्यकी भाँति प्रकाशित होते थे । उनकी चाल दर्पभरे सिंहके समान प्रतीत होती थी ॥ ४ ॥

> दृष्ट्वा रामं क्रियादक्षं सुग्रीवो वाक्यमब्रवीत् ।  
> हरिवागुरया व्याप्तां तप्तकाञ्चनतोरणाम् ॥ ५ ॥  
> प्राप्ताः स्म ध्वजयन्त्राढ्यां किष्किन्धां वालिनः पुरीम् ।  
> प्रतिज्ञा या कृता वीर त्वया वालिवधे पुरा ॥ ६ ॥  
> सफलां कुरु तां क्षिप्रं लतां काल इवागतः ।  
> एवमुक्तस्तु धर्मात्मा सुग्रीवेण स राघवः ॥ ७ ॥  
> तमेवोवाच वचनं सुग्रीवं शत्रुसूदनः ।  
> कृताभिज्ञानचिह्नस्त्वमनया गजसाह्वया ॥ ८ ॥  
> लक्ष्मणेन समुत्पाट्य एषा कण्ठे कृता तव ।  
> शोभसेऽप्यधिकं वीर लतया कण्ठसक्तया ॥ ९ ॥  
> विपरीत इवाकाशे सूर्यो नक्षत्रमालया ।

कार्यकुशल श्रीरामचन्द्रजीकी ओर देखकर सुग्रीवने कहा—‘भगवन् ! वालीकी यह किष्किन्धापुरी तपाये हुए सुवर्णके द्वारा निर्मित नगरद्वारसे सुशोभित है । इसमें सब ओर वानरोंका जाल-सा बिछा हुआ है तथा यह ध्वजों और यन्त्रोंसे सम्पन्न है । हम सब लोग इस पुरीमें आ पहुँचे हैं । वीर ! आपने पहले वाली-वधके लिये जो प्रतिज्ञा की थी, उसे अब शीघ्र सफल कीजिये । ठीक उसी तरह जैसे आया हुआ अनुकूल समय लताको फल-फूलसे सम्पन्न कर देता है’ ॥ सुग्रीवके ऐसा कहनेपर शत्रुसूदन धर्मात्मा श्रीरघुनाथजीने फिर अपनी पूर्वोक्त बातको दुहराते हुए ही सुग्रीवसे कहा—॥ ‘वीर ! अब तो इस गजपुष्पी लताके द्वारा तुमने अपनी पहचानके लिये चिह्न धारण कर ही लिया है । लक्ष्मणने इसे उखाड़कर तुम्हारे कण्ठमें पहना ही दिया है । तुम कण्ठमें धारण की हुई इस लताके द्वारा बड़ी शोभा पा रहे हो । यदि आकाशमें यह विपरीत घटना हो कि सूर्य-मण्डल नक्षत्र-मालासे घिर जाय, तभी इस कण्ठ-लम्बिनी लतासे सुशोभित होनेवाले तुम्हारी उस सूर्यसे तुलना हो सकती है ॥ ८-९½ ॥

> अद्य वालिसमुत्थं ते भयं वैरं च वानर ॥ १० ॥  
> एकेनाहं प्रमोक्ष्यामि बाणमोक्षेण संयुगे ।

‘वानरराज ! आज मैं वालीसे उत्पन्न हुए तुम्हारे भय और वैर दोनोंको युद्धस्थलमें एक ही बार बाण छोड़कर मिटा दूँगा ॥ १०½ ॥

> मम दर्शय सुग्रीव वैरिणं भ्रातृरूपिणम् ॥ ११ ॥  
> वाली विनिहतो यावद्वने पांसुषु चेष्टते ।

‘सुग्रीव ! तुम मुझे अपने उस भ्रातारूपी शत्रुको दिखा तो दो । फिर वाली मारा जाकर वनके भीतर धूलमें लोटता दिखायी देगा ॥ ११½ ॥

> यदि दृष्टिपथं प्राप्तो जीवन् स विनिवर्तते ॥ १२ ॥  
> ततो दोषेण मा गच्छेत् सद्यो गर्हेच्च मां भवान् ।

‘यदि मेरी दृष्टिमें पड़ जानेपर भी वह जीवित लौट जाय तो तुम मुझे दोषी समझना और तत्काल जी भरकर मेरी निन्दा करना ॥ १२½ ॥

> प्रत्यक्षं सप्त ते साला मया बाणेन दारिताः ॥ १३ ॥  
> तेनावेहि बलेनाद्य वालिनं निहतं रणे ।

‘तुम्हारी आँखोंके सामने मैंने अपने एक ही बाणसे सात सालके वृक्ष विदीर्ण किये थे, मेरे उसी बलसे आज समराङ्गणमें ( एक बाणसे ही ) तुम वालीको मारा गया समझो ॥ १३½ ॥

> अनृतं नोक्तपूर्वं मे चिरं कृच्छ्रेऽपि तिष्ठता ॥ १४ ॥  
> धर्मलोभपरीतेन न च वक्ष्ये कथंचन ।  
> सफलां च करिष्यामि प्रतिज्ञां जहि संभ्रमम् ॥ १५ ॥

‘बहुत समयसे संकट झेलते रहनेपर भी मैं कभी झूठ नहीं बोला हूँ। मेरे मनमें धर्मका लोभ है। इसलिये किसी तरह मैं झूठ तो बोलूँगा ही नहीं । साथ ही अपनी प्रतिज्ञाको भी अवश्य सफल करूँगा । अतः तुम भय और घबराहटको अपने हृदयसे निकाल दो ॥ १४-१५ ॥

> प्रसूतं कलमक्षेत्रं वर्षेणेव शतक्रतुः ।  
> तदाह्वाननिमित्तं च वालिनो हेममालिनः ॥ १६ ॥  
> सुग्रीव कुरु तं शब्दं निष्पतेद् येन वानरः ।

‘जैसे इन्द्र वर्षा करके उगे हुए धानके खेतको फलसे सम्पन्न करते हैं, उसी तरह मैं भी बाणका प्रयोग करके वालीके वधद्वारा तुम्हारा मनोरथ पूर्ण करूँगा । इसलिये सुग्रीव ! तुम सुवर्णमालाधारी वालीको बुलानेके लिये इस समय ऐसी गर्जना करो, जिससे तुम्हारा सामना करनेके लिये वह वामर नगरसे बाहर निकल आये ॥ १६½ ॥

> जितकाशी जयश्लाघी त्वया चाधर्षितः पुरात् ॥ १७ ॥  
> निष्पतिष्यत्यसङ्गेन वाली स प्रियसंयुगः ।

‘वह अनेक युद्धोंमें विजय पाकर विजयश्रीसे सुशोभित हुआ है । सबपर विजय पानेकी इच्छा रखता है और उसने कभी तुमसे हार नहीं खायी है । इसके अलावे युद्धसे उसका बड़ा प्रेम है, अतः वाली कहीं भी आसक्त न होकर नगरके बाहर अवश्य निकलेगा ॥ १७½ ॥

> रिपूणां धर्षितं श्रुत्वा मर्षयन्ति न संयुगे ॥ १८ ॥  
> जानन्तस्तु स्वकं वीर्यं स्त्रीसमक्षं विशेषतः ।

‘क्योंकि अपने पराक्रमको जाननेवाले वीर पुरुष, विशेषतः स्त्रियोंके सामने, युद्धके लिये शत्रुओंके तिरस्कारपूर्ण शब्द सुनकर कदापि सहन नहीं करते हैं’ ॥ १८½ ॥

> स तु रामवचः श्रुत्वा सुग्रीवो हेमपिङ्गलः ॥ १९ ॥  
> ननर्द क्रूरनादेन विनिर्भिन्दन्निवाम्बरम् ।

श्रीरामचन्द्रजीकी यह बात सुनकर सुवर्णके समान पिङ्गलवर्णवाले सुग्रीवने आकाशको विदीर्ण-सा करते हुए कठोर स्वरमें बड़ी भयंकर गर्जना की ॥ १९½ ॥

> तत्र शब्देन वित्रस्ता गावो यान्ति हतप्रभाः ॥ २० ॥  
> राजदोषपरामृष्टाः कुलस्त्रिय इवाकुलाः ।

उस सिंहनादसे भयभीत हो बड़े-बड़े बैल शक्तिहीन हो राजाके दोषसे परपुरुषोंद्वारा पकड़ी जानेवाली कुलाङ्गनाओंके समान व्याकुलचित्त हो सब ओर भाग चले ॥ २०½ ॥

> द्रवन्ति च मृगाः शीघ्रं भग्ना इव रणे हयाः ।  
> पतन्ति च खगा भूमौ क्षीणपुण्या इव ग्रहाः ॥ २१ ॥

मृग युद्धस्थलमें अस्त्र-शस्त्रोंकी चोट खाकर भागे हुए घोड़ोंके समान तीव्र गतिसे भागने लगे और पक्षी जिनके पुण्य नष्ट हो गये हैं, ऐसे ग्रहोंके समान आकाशसे पृथ्वीपर गिरने लगे ॥ २१ ॥

> ततः स जीमूतकृतप्रणादो  
> नादं हमुञ्चत् त्वरया प्रतीतः ।  
> सूर्यात्मजः शौर्यविवृद्धतेजाः  
> सरित्पतिर्वानिलचञ्चलोर्मिः ॥ २२ ॥

तदनन्तर जिनका सिंहनाद मेघकी गर्जनाके समान गम्भीर था और शौर्यके द्वारा जिनका तेज बढ़ा हुआ था, वे सुविख्यात सूर्यकुमार सुग्रीव बड़ी उतावलीके साथ बारंबार गर्जना करने लगे; मानो वायुके वेगसे चञ्चल हुई उत्ताल तरङ्गमालाओंसे सुशोभित सरिताओंका स्वामी समुद्र कोलाहल कर रहा हो ॥ २२ ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
