---
title: "किष्किन्धाकाण्ड, Sarga 13"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/kishkindha-kanda/sarga-13"
lang: "hi"
---

# किष्किन्धाकाण्ड, Sarga 13

> ऋष्यमूकात् स धर्मात्मा किष्किन्धां लक्ष्मणाग्रजः ।  
> जगाम सह सुग्रीवो वालिविक्रमपालिताम् ॥ १ ॥

लक्ष्मणके बड़े भाई धर्मात्मा श्रीराम सुग्रीवको साथ लेकर पुनः ऋष्यमूकसे उस किष्किन्धापुरीकी ओर चले, जो वालीके पराक्रमसे सुरक्षित थी ॥ १ ॥

> समुद्यम्य महच्चापं रामः काञ्चनभूषितम् ।  
> शरांश्चादित्यसंकाशान् गृहीत्वा रणसाधकान् ॥ २ ॥

अपने सुवर्णभूषित विशाल धनुषको उठाकर और युद्धमें सफलता दिखानेवाले सूर्यतुल्य तेजस्वी बाणोंको लेकर श्रीराम वहाँसे प्रस्थित हुए ॥ २ ॥

> अग्रतस्तु ययौ तस्य राघवस्य महात्मनः ।  
> सुग्रीवः संहतग्रीवो लक्ष्मणश्च महाबलः ॥ ३ ॥

महात्मा रघुनाथजीके आगे-आगे सुगठित ग्रीवावाले सुग्रीव और महाबली लक्ष्मण चल रहे थे ॥ ३ ॥

> पृष्ठतो हनुमान् वीरो नलो नीलश्च वीर्यवान् ।  
> तारश्चैव महातेजा हरियूथपयूथपः ॥ ४ ॥

और उनके पीछे वीर हनुमान्, नल, पराक्रमी नील तथा वानर-यूथपोंके भी यूथपति महातेजस्वी तार चल रहे थे ॥४॥

> ते वीक्षमाणा वृक्षांश्च पुष्पभारावलम्बिनः ।  
> प्रसन्नाम्बुवहाश्चैव सरितः सागरंगमाः ॥ ५ ॥  
> कन्दराणि च शैलांश्च निर्दराणि गुहास्तथा ।  
> शिखराणि च मुख्यानि दरीश्च प्रियदर्शनाः ॥ ६ ॥

वे सब लोग फूलोंके भारसे झुके हुए वृक्षों, स्वच्छ जलवाली समुद्रगामिनी नदियों, कन्दराओं, पर्वतों, शिला-विवरों, गुफाओं, मुख्य-मुख्य शिखरों और सुन्दर दिखायी देनेवाली गहन गुफाओंको देखते हुए आगे बढ़ने लगे ॥ ५-६ ॥

> वैदूर्यविमलैस्तोयैः पद्मैश्चाकोशकुड्मलैः ।  
> शोभितान् सजलान् मार्गे तटाकांश्चावलोकयन् ॥७॥

उन्होंने मार्गमें ऐसे सजल सरोवरोंको भी देखा, जो वैदूर्यमणिके समान रंगवाले, निर्मल जल तथा कम खिले हुए मुकुलयुक्त कमलोंसे सुशोभित थे ॥ ७ ॥

> कारण्डैः सारसैर्हंसैर्वञ्जुलैर्जलकुक्कुटैः ।  
> चक्रवाकैस्तथा चान्यैः शकुनैः प्रतिनादितान् ॥ ८ ॥

कारण्डव, सारस, हंस, वञ्जुल, जलमुर्ग, चक्रवाक तथा अन्य पक्षी उन सरोवरोंमें चहचहा रहे थे । उन सबकी प्रतिध्वनि वहाँ गूँज रही थी ॥ ८ ॥

> मृदुशष्पाङ्कुराहारान्निर्भयान् वनगोचरान् ।  
> चरतः सर्वतः पश्यन् स्थलीषु हरिणान् स्थितान् ॥

स्थलोंमें सब ओर हरी-हरी कोमल घासके अङ्कुरोंका आहार करनेवाले वनचारी हरिण कहीं निर्भय होकर चरते थे और कहीं खड़े दिखायी देते थे ( इन सबको देखते हुए श्रीराम आदि किष्किन्धाकी ओर जा रहे थे ) ॥ ९ ॥

> तटाकवैरिणश्चापि शुक्लदन्तविभूषितान् ।  
> घोरानेकचरान् वन्यान् द्विरदान् कूलघातिनः ॥ १० ॥  
> मत्तान् गिरितटोत्कृष्टान् पर्वतानिव जङ्गमान् ।  
> वानरान् द्विरदप्रख्यान् महीरेणुसमुक्षितान् ॥ ११ ॥  
> वने वनचरांश्चान्यान् खेचरांश्च विहंगमान् ।  
> पश्यन्तस्त्वरिता जग्मुः सुग्रीववशवर्तिनः ॥ १२ ॥

जो सफेद दाँतोंसे सुशोभित थे, देखनेमें भयंकर थे, अकेले विचरते थे और किनारोंको खोदकर नष्ट कर देनेके कारण सरोवरोंके शत्रु समझे जाते थे, ऐसे दो दाँतोंवाले मदमत्त जङ्गली हाथी चलते-फिरते पर्वतोंके समान जाते दिखायी देते थे । उन्होंने अपने दाँतोंसे पर्वतके तटप्रान्तको विदीर्ण कर दिया था । कहीं हाथी-जैसे विशालकाय वानर दृष्टिगोचर होते थे, जो धरतीकी धूलसे नहा उठे थे । इनके सिवा उस वनमें और भी बहुत-से जंगली जीव-जन्तु तथा आकाशचारी पक्षी विचरते देखे जाते थे । इन सबको देखते हुए श्रीराम आदि सब लोग सुग्रीवके वशवर्ती हो तीव्र गतिसे आगे बढ़ने लगे ॥ १०–१२ ॥

> तेषां तु गच्छतां तत्र त्वरितं रघुनन्दनः ।  
> द्रुमषण्डवनं दृष्ट्वा रामः सुग्रीवमब्रवीत् ॥ १३ ॥

उन यात्रा करनेवाले लोगोंमें वहाँ रघुकुलनन्दन श्रीरामने वृक्षसमूहोंसे सघन वनको देखकर सुग्रीवसे पूछा–॥१३॥

> एष मेघ इवाकाशे वृक्षषण्डः प्रकाशते ।  
> मेघसंघातविपुलः पर्यन्तकदलीवृतः ॥ १४ ॥

‘वानरराज ! आकाशमें मेघकी भाँति जो यह वृक्षोंका समूह प्रकाशित हो रहा है, क्या है ? यह इतना विस्तृत है कि मेघोंकी घटाके समान छा रहा है । इसके किनारे-किनारे केलेके वृक्ष लगे हुए हैं, जिनसे यह घिरा वृक्ष-समूह घिर गया है ॥ १४ ॥

> किमेतज्ज्ञातुमिच्छामि सखे कौतूहलं मम ।  
> कौतूहलापनयनं कर्तुमिच्छाम्यहं त्वया ॥ १५ ॥

‘सखे ! यह कौन-सा वन है, यह मैं जानना चाहता हूँ । इसके लिये मेरे मनमें बड़ा कौतूहल है । मैं चाहता हूँ कि तुम्हारे द्वारा मेरे इस कौतूहलका निवारण हो’ ॥१५॥

> तस्य तद्वचनं श्रुत्वा राघवस्य महात्मनः ।  
> गच्छन्नेवाचचक्षेऽथ सुग्रीवस्तन्महद् वनम् ॥ १६ ॥

महात्मा रघुनाथजीकी यह बात सुनकर सुग्रीवने चलते-चलते ही उस विशाल वनके विषयमें बताना आरम्भ किया ॥ १६ ॥

> एतद् राघव विस्तीर्णमाश्रमं श्रमनाशनम् ।  
> उद्यानवनसम्पन्नं स्वादुमूलफलोदकम् ॥ १७ ॥

‘रघुनन्दन ! यह एक विस्तृत आश्रम है, जो सबके श्रमका निवारण करनेवाला है । यह उद्यानों और उपवनोंसे युक्त है । यहाँ स्वादिष्ट फल-मूल और जल सुलभ होते हैं ॥ १७ ॥

> अत्र सप्तजना नाम मुनयः संशितव्रताः ।  
> सप्तैवासन्नधःशीर्षा नियतं जलशायिनः ॥ १८ ॥

‘इस आश्रममें सप्तजन नामसे प्रसिद्ध सात ही मुनि रहते थे, जो कठोर व्रतके पालनमें तत्पर थे । वे नीचे सिर करके तपस्या करते थे । नियमपूर्वक रहकर जलमें शयन करनेवाले थे ॥ १८ ॥

> सप्तरात्रे कृताहारा वायुनाचलवासिनः ।  
> दिवं वर्षशतैर्याताः सप्तभिः सकलेवराः ॥ १९ ॥

‘सात दिन और सात रात व्यतीत करके वे केवल वायुका आहार करते थे तथा एक स्थानपर निश्चल भावसे रहते थे । इस प्रकार सात सौ वर्षोंतक तपस्या करके वे सशरीर स्वर्गलोकको चले गये ॥ १९ ॥

> तेषामेतत्प्रभावेण द्रुमप्राकारसंवृतम् ।  
> आश्रमं सुदुराधर्षमपि सेन्द्रैः सुरासुरैः ॥ २० ॥

‘उन्हींके प्रभावसे सघन वृक्षोंकी चहारदीवारीसे घिरा हुआ यह आश्रम इन्द्रसहित सम्पूर्ण देवताओं और असुरोंके लिये भी अत्यन्त दुर्धर्ष बना हुआ है ॥ २० ॥

> पक्षिणो वर्जयन्त्येतत् तथान्ये वनचारिणः ।  
> विशन्ति मोहाद् येऽप्यत्र न निवर्तन्ति ते पुनः ॥ २१ ॥

‘पक्षी तथा दूसरे वनचर जीव इसे दूरसे ही त्याग देते हैं। जो मोहवश इसके भीतर प्रवेश करते हैं, वे फिर कभी नहीं लौटते हैं ॥ २१ ॥

> विभूषणरवाश्चात्र श्रूयन्ते सकलाक्षराः ।  
> तूर्यगीतस्वनश्चापि गन्धो दिव्यश्च राघव ॥ २२ ॥

‘रघुनन्दन ! यहाँ मधुर अक्षरवाली वाणीके साथ-साथ आभूषणोंकी झनकारें भी सुनी जाती हैं । वाद्य और गीतकी मधुर ध्वनि भी कानोंमें पड़ती है और दिव्य सुगन्धका भी अनुभव होता है ॥ २२ ॥

> त्रेताग्नयोऽपि दीप्यन्ते धूमो ह्येष प्रदृश्यते ।  
> वेष्टयन्निव वृक्षाग्रान् कपोताङ्गारुणो घनः ॥ २३ ॥

‘यहाँ आहवनीय आदि त्रिविध अग्नियाँ भी प्रज्वलित होती हैं । यह कबूतरके अंगोंकी भाँति धूसर रंगवाला घना धूम उठता दिखायी देता है, जो वृक्षोंकी शिखाओंको आवेष्टित-सा कर रहा है ॥ २३ ॥

> एते वृक्षाः प्रकाशन्ते धूमसंसक्तमस्तकाः ।  
> मेघजालप्रतिच्छन्ना वैदूर्यगिरयो यथा ॥ २४ ॥

‘जिनके शिखाओंपर होम-धूम छा रहे हैं, वे ये वृक्ष मेघसमूहोंसे आच्छादित हुए नीलमके पर्वतोंकी भाँति प्रकाशित हो रहे हैं ॥ २४ ॥

> कुरु प्रणामं धर्मात्मंस्तेषामुद्दिश्य राघव ।  
> लक्ष्मणेन सह भ्रात्रा प्रयतः संहताञ्जलिः ॥ २५ ॥

‘धर्मात्मा रघुनन्दन ! आप मनको एकाग्र करके दोनों हाथ जोड़कर भाई लक्ष्मणके साथ उन मुनियोंके उद्देश्यसे प्रणाम कीजिये ॥ २५ ॥

> प्रणमन्ति हि ये तेषामृषीणां भावितात्मनाम् ।  
> न तेषामशुभं किंचिच्छरीरे राम विद्यते ॥ २६ ॥

‘श्रीराम ! जो उन पवित्र अन्तःकरणवाले ऋषियोंको प्रणाम करते हैं, उनके शरीरमें किंचिन्मात्र भी अशुभ नहीं रह जाता है’ ॥ २६ ॥

> ततो रामः सह भ्रात्रा लक्ष्मणेन कृताञ्जलिः ।  
> समुद्दिश्य महात्मानस्तानृषीनभ्यवादयत् ॥ २७ ॥

तब भाई लक्ष्मणसहित श्रीरामने हाथ जोड़कर उन महात्मा ऋषियोंके उद्देश्यसे प्रणाम किया ॥ २७ ॥

> अभिवाद्य च धर्मात्मा रामो भ्राता च लक्ष्मणः ।  
> सुग्रीवो वानराश्चैव जग्मुः संहृष्टमानसाः ॥ २८ ॥

धर्मात्मा श्रीराम, उनके छोटे भाई लक्ष्मण, सुग्रीव तथा अन्य सभी वानर उन ऋषियोंको प्रणाम करके प्रसन्नचित्त हो आगे बढ़े ॥ २८ ॥

> ते गत्वा दूरमध्वानं तस्मात् सप्तजनाश्रमात् ।  
> दद्दशुस्तां दुराधर्षां किष्किन्धां वालिपालिताम् ॥ २९ ॥

उस सप्तजनाश्रमसे दूरतकका मार्ग तय कर लेनेके पश्चात् उन सबने वालीद्वारा सुरक्षित किष्किन्धापुरीको देखा ॥ २९ ॥

> ततस्तु रामानुजरामवानराः  
> प्रगृह्य शस्त्राण्युदितोग्रतेजसः ।  
> पुरीं सुरेशात्मजवीर्यपालितां  
> वधाय शत्रोः पुनरागतास्त्विह ॥ ३० ॥

तदनन्तर श्रीरामके छोटे भाई लक्ष्मण, श्रीराम तथा वानर, जिनका उग्रतेज उदित हुआ था, हाथोंमें अस्त्र-शस्त्र लेकर इन्द्रकुमार वालीके पराक्रमसे पालित किष्किन्धापुरीमें शत्रुवधके निमित्त पुनः आ पहुँचे ॥ ३० ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
