---
title: "बालकाण्ड, Sarga 69"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/bala-kanda/sarga-69"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड, Sarga 69

> ततो राज्यां व्यतीतायां सोपाध्यायः सबान्धवः।  
> राजा दशरथो हृष्टः सुमन्त्रमिदमब्रवीत् ॥ १ ॥

तदनन्तर रात्रि व्यतीत होनेपर उपाध्याय और बन्धु-बान्धवोंसहित राजा दशरथ हर्षमें भरकर सुमन्त्रसे इस प्रकार बोले—॥ १ ॥

> अद्य सर्वे धनाध्यक्षा धनमादाय पुष्कलम् ।  
> व्रजन्त्वग्रे सुविहिता नानारत्नसमन्विताः ॥ २ ॥  
> चतुरङ्गबलं चापि शीघ्रं निर्यातु सर्वशः ।  
> ममाज्ञासमकालं च यानं युग्यमनुत्तमम् ॥ ३ ॥

‘आज हमारे सभी धनाध्यक्ष ( खजांची ) बहुत-सा धन लेकर नाना प्रकारके रत्नोंसे सम्पन्न हो सबसे आगे चलें । उनकी रक्षाके लिये हर तरहकी सुव्यवस्था होनी चाहिये ॥ ‘सारी चतुरङ्गिणी सेना भी यहाँसे शीघ्र ही कूच कर दे । अभी मेरी आज्ञा सुनते ही सुन्दर-सुन्दर पालकियाँ और अच्छे-अच्छे घोड़े आदि वाहन तैयार होकर चल दें ॥ ३ ॥

> वसिष्ठो वामदेवश्च जाबालिरथ कश्यपः ।  
> मार्कण्डेयस्तु दीर्घायुर्ऋषिः कात्यायनस्तथा ॥ ४ ॥  
> एते द्विजाः प्रयान्त्वग्रे स्यन्दनं योजयस्व मे ।  
> यथा कालात्ययो न स्याद् दूता हि त्वरयन्ति माम्॥ ५ ॥

‘वसिष्ठ, वामदेव, जाबालि, कश्यप, दीर्घजीवी मार्कण्डेय मुनि तथा कात्यायन—ये सभी ब्रह्मर्षि आगे-आगे चलें । मेरा रथ भी तैयार करो । देर नहीं होनी चाहिये । राजा जनकके दूत मुझे जल्दी करनेके लिये प्रेरित कर रहे हैं’ ॥ ४-५ ॥

> वचनाच्च नरेन्द्रस्य सेना च चतुरङ्गिणी ।  
> राजानमृषिभिः सार्धं व्रजन्तं पृष्ठतोऽन्वयात् ॥ ६ ॥

राजाकी इस आज्ञाके अनुसार चतुरङ्गिणी सेना तैयार हो गयी और ऋषियोंके साथ यात्रा करते हुए महाराज दशरथके पीछे-पीछे चली ॥ ६ ॥

> गत्वा चतुरहं मार्गं विदेहानभ्युपेयिवान् ।  
> राजा च जनकः श्रीमाञ्श्रुत्वा पूजामकल्पयत्॥ ७ ॥

चार दिनका मार्ग तय करके वे सब लोग विदेह-देशमें जा पहुँचे । उनके आगमनका समाचार सुनकर श्रीमान् राजा जनकने स्वागत-सत्कारकी तैयारी की ॥ ७ ॥

> ततो राजानमासाद्य वृद्धं दशरथं नृपम् ।  
> मुदितो जनको राजा प्रहर्षं परमं ययौ ॥ ८ ॥  
> उवाच वचनं श्रेष्ठो नरश्रेष्ठं मुदान्वितम् ।  
> स्वागतं ते नरश्रेष्ठ दिष्ट्या प्राप्तोऽसि राघव ॥ ९ ॥

तदनन्तर आनन्दमग्न हुए राजा जनक बूढ़े महाराज दशरथके पास पहुँचे । उनसे मिलकर उन्हें बड़ा हर्ष हुआ ॥ राजाओंमें श्रेष्ठ मिथिलानरेशने आनन्दमग्न हुए पुरुषप्रवर राजा दशरथसे कहा—‘नरश्रेष्ठ रघुनन्दन ! आपका स्वागत है। मेरे बड़े भाग्य, जो आप यहाँ पधारे॥ ९ ॥

> पुत्रयोरुभयोः प्रीतिं लप्स्यसे वीर्यनिर्जिताम् ।  
> दिष्ट्या प्राप्तो महातेजा वसिष्ठो भगवानृषिः ॥ १० ॥  
> सह सर्वैर्द्विजश्रेष्ठैर्देवैरिव शतक्रतुः ।

‘आप यहाँ अपने दोनों पुत्रोंकी प्रीति प्राप्त करेंगे, जो उन्होंने अपने पराक्रमसे जीतकर पायी है । महातेजस्वी भगवान् वसिष्ठ मुनिने भी हमारे सौभाग्यसे ही यहाँ पदार्पण किया है । ये इन सभी श्रेष्ठ ब्राह्मणोंके साथ वैसी ही शोभा पा रहे हैं, जैसे देवताओंके साथ इन्द्र सुशोभित होते हैं ॥ १०½ ॥

> दिष्ट्या मे निर्जिता विघ्ना दिष्ट्या मे पूजितं कुलम् ॥ ११ ॥  
> राघवैः सह सम्बन्धाद् वीर्यश्रेष्ठैर्महाबलैः ।

‘सौभाग्यसे मेरी सारी विघ्न-बाधाएँ पराजित हो गयीं । रघुकुलके महापुरुष महान् बलसे सम्पन्न और पराक्रममें सबसे श्रेष्ठ होते हैं । इस कुलके साथ सम्बन्ध होनेके कारण आज मेरे कुलका सम्मान बढ़ गया ॥ ११½ ॥

> श्वः प्रभाते नरेन्द्र त्वं संवर्तयितुमर्हसि ॥ १२ ॥  
> यज्ञस्यान्ते नरश्रेष्ठ विवाहमृषिसत्तमैः ।

‘नरश्रेष्ठ नरेन्द्र ! कल सवेरे इन सभी महर्षियोंके साथ उपस्थित हो मेरे यज्ञकी समाप्तिके बाद आप श्रीरामके विवाहका शुभकार्य सम्पन्न करें’ ॥ १२½ ॥

> तस्य तद् वचनं श्रुत्वा ऋषिमध्ये नराधिपः ॥ १३ ॥  
> वाक्यं वाक्यविदां श्रेष्ठः प्रत्युवाच महीपतिम् ।  
> प्रतिग्रहो दातृवशः श्रुतमेतन्मया पुरा ॥ १४ ॥  
> यथा वक्ष्यसि धर्मज्ञ तत् करिष्यामहे वयम् ।

ऋषियोंकी मण्डलीमें राजा जनककी यह बात सुनकर बोलनेकी कला जाननेवाले विद्वानोंमें श्रेष्ठ एवं वाक्यमर्मज्ञ महाराज दशरथने मिथिलानरेशको इस प्रकार उत्तर दिया–॥ ‘धर्मज्ञ ! मैंने पहलेसे यह सुन रक्खा है कि प्रतिग्रह दाताके अधीन होता है । अतः आप जैसा कहेंगे, हम वैसा ही करेंगे’ ॥ १४½ ॥

> तद् धर्मिष्ठं यशस्यं च वचनं सत्यवादिनः ॥ १५ ॥  
> श्रुत्वा विदेहाधिपतिः परं विस्मयमागतः ।

सत्यवादी राजा दशरथका वह धर्मानुकूल तथा यशोवर्धक वचन सुनकर विदेहराज जनकको बड़ा विस्मय हुआ ॥१५½॥

> ततः सर्वे मुनिगणाः परस्परसमागमे ॥ १६ ॥  
> हर्षेण महता युक्तास्तां रात्रिमवसन् सुखम् ।

तदनन्तर सभी महर्षि एक-दूसरेसे मिलकर बहुत प्रसन्न हुए और सबने बड़े सुखसे वह रात बितायी ॥ १६½ ॥

> अथ रामो महातेजा लक्ष्मणेन समं ययौ ॥१७॥  
> विश्वामित्रं पुरस्कृत्य पितुः पादावुपस्पृशन् ।

इधर महातेजस्वी श्रीराम विश्वामित्रजीको आगे करके लक्ष्मणके साथ पिताजीके पास गये और उनके चरणोंका स्पर्श किया ॥१७½॥

> राजा च राघवौ पुत्रौ निशाम्य परिहर्षितः ॥ १८ ॥  
> उवास परमप्रीतो जनकेनाभिपूजितः ।

राजा दशरथने भी जनकके द्वारा आदर-सत्कार पाकर बड़ी प्रसन्नताका अनुभव किया तथा अपने दोनों रघुकुल-रत्न पुत्रोंको सकुशल देखकर उन्हें अपार हर्ष हुआ। वे रातमें बड़े सुखसे वहाँ रहे ॥ १८½ ॥

> जनकोऽपि महातेजाः क्रिया धर्मेण तत्त्ववित् ।  
> यज्ञस्य च सुताभ्यां च कृत्वा रात्रिमुवास ह ॥ १९ ॥

महातेजस्वी तत्त्वज्ञ राजा जनकने भी धर्मके अनुसार यज्ञकार्य सम्पन्न किया तथा अपनी दोनों कन्याओंके लिये मङ्गला-चारका सम्पादन करके सुखसे वह रात्रि व्यतीत की ॥ १९ ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
