---
title: "बालकाण्ड, Sarga 33"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/bala-kanda/sarga-33"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड, Sarga 33

> तस्य तद् वचनं श्रुत्वा कुशनाभस्य धीमतः ।  
> शिरोभिश्चरणौ स्पृष्ट्वा कन्याशतमभाषत ॥ १ ॥

बुद्धिमान् महाराज कुशनाभका वह वचन सुनकर उन सौ कन्याओंने पिताके चरणोंमें सिर रखकर प्रणाम किया और इस प्रकार कहा—॥ १ ॥

> वायुः सर्वात्मको राजन् प्रधर्षयितुमिच्छति ।  
> अशुभं मार्गमास्थाय न धर्मं प्रत्यवेक्षते ॥ २ ॥

राजन् ! सर्वत्र संचार करनेवाले वायुदेव अशुभ मार्गका अवलम्बन करके हमपर बलात्कार करना चाहते थे । धर्मपर उनकी दृष्टि नहीं थी ॥ २ ॥

> पितृमत्यः स्म भद्रं ते स्वच्छन्दे न वयं स्थिताः ।  
> पितरं नो वृणीष्व त्वं यदि नो दास्यते तव ॥ ३ ॥

हमने उनसे कहा—‘देव ! आपका कल्याण हो, हमारे पिता विद्यमान हैं; हम स्वच्छन्द नहीं हैं । आप पिताजीके पास जाकर हमारा वरण कीजिये । यदि वे हमें आपको सौंप देंगे तो हम आपकी हो जायँगी’ ॥ ३ ॥

> तेन पापानुबन्धेन वचनं न प्रतीच्छता ।  
> एवं ब्रुवन्त्यः सर्वाः स्म वायुनाभिहता भृशम् ॥ ४ ॥

परंतु उनका मन तो पापसे बँधा हुआ था । उन्होंने हमारी बात नहीं मानी । हम सब बहिनें ये ही धर्मसंगत बातें कह रही थीं, तो भी उन्होंने हमें गहरी चोट पहुँचायी— बिना अपराधके ही हमें पीडा दी ॥ ४ ॥

> तासां तु वचनं श्रुत्वा राजा परमधार्मिकः ।  
> प्रत्युवाच महातेजाः कन्याशतमनुत्तमम् ॥ ५ ॥

उनकी बात सुनकर परम धर्मात्मा महातेजस्वी राजाने उन अपनी परम उत्तम सौ कन्याओंको इस प्रकार उत्तर दिया—॥ ५ ॥

> क्षान्तं क्षमावतां पुत्र्यः कर्तव्यं सुमहत् कृतम् ।  
> ऐकमत्यमुपागम्य कुलं चावेक्षितं मम ॥ ६ ॥

‘पुत्रियो ! क्षमाशील महापुरुष ही जिसे कर सकते हैं, वही क्षमा तुमने भी की है । यह तुमलोगोंके द्वारा महान् कार्य सम्पन्न हुआ है । तुम सबने एकमत होकर जो मेरे कुलकी मर्यादापर ही दृष्टि रक्खी है—कामभावको अपने मनमें स्थान नहीं दिया है—यह भी तुमने बहुत बड़ा काम किया है ॥६॥

> अलंकारो हि नारीणां क्षमा तु पुरुषस्य वा ।  
> दुष्करं तच्च वै क्षान्तं त्रिदशेषु विशेषतः ॥ ७ ॥  
> यादृशी वः क्षमा पुत्र्यः सर्वासामविशेषतः ।

‘स्त्री हो या पुरुष, उसके लिये क्षमा ही आभूषण है । पुत्रियो ! तुम सब लोगोंमें समानरूपसे जैसी क्षमा या सहिष्णुता है, वह विशेषतः देवताओंके लिये भी दुष्कर ही है ॥ ७½ ॥

> क्षमा दानं क्षमा सत्यं क्षमा यज्ञाश्च पुत्रिकाः ॥ ८ ॥  
> क्षमा यशः क्षमा धर्मः क्षमायां विष्ठितं जगत् ।

‘पुत्रियो ! क्षमा दान है, क्षमा सत्य है, क्षमा यज्ञ है, क्षमा यश है और क्षमा धर्म है, क्षमापर ही यह सम्पूर्ण जगत् टिका हुआ है’॥ ८½ ॥

> विसृज्य कन्याः काकुत्स्थ राजा त्रिदशविक्रमः ॥ ९ ॥  
> मन्त्रज्ञो मन्त्रयामास प्रदानं सह मन्त्रिभिः ।  
> देशे काले च कर्तव्यं सदृशे प्रतिपादनम् ॥ १० ॥

ककुत्स्थकुलनन्दन श्रीराम ! देवतुल्य पराक्रमी राजा कुशनाभने कन्याओंसे ऐसा कहकर उन्हें अन्तःपुरमें जानेकी आज्ञा दे दी और मन्त्रणाके तत्त्वको जाननेवाले उन नरेशने स्वयं मन्त्रियोंके साथ बैठकर कन्याओंके विवाहके विषयमें विचार आरम्भ किया । विचारणीय विषय यह था कि ‘किस देशमें किस समय और किस सुयोग्य वरके साथ उनका विवाह किया जाय ?’ ॥ ९-१० ॥

> एतस्मिन्नेव काले तु चूली नाम महाद्युतिः ।  
> ऊर्ध्वरेताः शुभाचारो ब्राह्मं तप उपागमत् ॥ ११ ॥

उन्हीं दिनों चूली नामसे प्रसिद्ध एक महातेजस्वी, सदाचारी एवं ऊर्ध्वरेता ( नैष्ठिक ब्रह्मचारी ) मुनि वेदोक्त तपका अनुष्ठान कर रहे थे ( अथवा ब्रह्मचिन्तनरूप तपस्यामें संलग्न थे ) ॥ ११ ॥

> तपस्यन्तमृषिं तत्र गन्धर्वी पर्युपासते ।  
> सोमदा नाम भद्रं ते ऊर्मिलातनया तदा ॥ १२ ॥

श्रीराम ! तुम्हारा भला हो, उस समय एक गन्धर्व-कुमारी वहाँ रहकर उन तपस्वी मुनिकी उपासना ( अनुग्रहकी इच्छासे सेवा ) करती थी । उसका नाम था सोमदा । वह ऊर्मिलाकी पुत्री थी ॥ १२ ॥

> सा च तं प्रणता भूत्वा शुश्रूषणपरायणा ।  
> उवास काले धर्मिष्ठा तस्यास्तुष्टोऽभवद् गुरुः ॥ १३ ॥

वह प्रतिदिन मुनिको प्रणाम करके उनकी सेवामें लगी रहती थी तथा धर्ममें स्थित रहकर समय-समयपर सेवाके लिये उपस्थित होती थी; इससे उसके ऊपर वे गौरवशाली मुनि बहुत संतुष्ट हुए ॥ १३ ॥

> स च तां कालयोगेन प्रोवाच रघुनन्दन ।  
> परितुष्टोऽस्मि भद्रं ते किं करोमि तव प्रियम् ॥ १४ ॥

रघुनन्दन ! शुभ समय आनेपर चूलीने उस गन्धर्व-कन्यासे कहा—‘शुभे ! तुम्हारा कल्याण हो, मैं तुमपर बहुत संतुष्ट हूँ । बोलो, तुम्हारा कौन-सा प्रिय कार्य सिद्ध करूँ’ ॥ १४ ॥

> परितुष्टं मुनिं ज्ञात्वा गन्धर्वी मधुरस्वरम् ।  
> उवाच परमप्रीता वाक्यज्ञा वाक्यकोविदम् ॥ १५ ॥

मुनिको संतुष्ट जानकर गन्धर्व-कन्या बहुत प्रसन्न हुई । वह बोलनेकी कला जानती थी; उसने वाणीके मर्मज्ञ मुनिसे मधुर स्वरमें इस प्रकार कहा—॥ १५ ॥

> लक्ष्म्या समुदितो ब्राह्म्या ब्रह्मभूतो महातपाः ।  
> ब्राह्मेण तपसा युक्तं पुत्रमिच्छामि धार्मिकम् ॥ १६ ॥

‘महर्षे ! आप ब्राह्मी सम्पत्ति ( ब्रह्मतेज ) से सम्पन्न होकर ब्रह्मस्वरूप हो गये हैं, अतएव आप महान् तपस्वी हैं । मैं आपसे ब्राह्म तप ( ब्रह्म-ज्ञान एवं वेदोक्त तप ) से युक्त धर्मात्मा पुत्र प्राप्त करना चाहती हूँ ॥ १६ ॥

> अपतिश्चास्मि भद्रं ते भार्या चासि न कस्यचित् ।  
> ब्राह्मेणोपगतायाश्च दातुमर्हसि मे सुतम् ॥ १७॥

‘मुने ! आपका भला हो । मेरे कोई पति नहीं है । मैं न तो किसीकी पत्नी हुई हूँ और न आगे होऊँगी । आपकी सेवामें आयी हूँ; आप अपने ब्राह्मबल ( तपः-शक्ति ) से मुझे पुत्र प्रदान करें’ ॥ १७ ॥

> तस्याः प्रसन्नो ब्रह्मर्षिर्ददौ ब्राह्ममनुत्तमम् ।  
> ब्रह्मदत्त इति ख्यातं मानसं चूलिनः सुतम् ॥ १८॥

उस गन्धर्वकन्याकी सेवासे संतुष्ट हुए ब्रह्मर्षि चूलीने उसे परम उत्तम ब्राह्मतपसे सम्पन्न पुत्र प्रदान किया । वह उनके मानसिक संकल्पसे प्रकट हुआ मानस पुत्र था । उसका नाम ‘ब्रह्मदत्त’ हुआ ॥ १८ ॥

> स राजा ब्रह्मदत्तस्तु पुरीमध्यवसत् तदा ।  
> काम्पिल्यां परया लक्ष्म्या देवराजो यथा दिवम्॥१९॥

( कुशनाभके यहाँ जब कन्याओंके विवाहका विचार चल रहा था ) उस समय राजा ब्रह्मदत्त उत्तम लक्ष्मीसे सम्पन्न हो ‘काम्पिल्या’ नामक नगरीमें उसी तरह निवास करते थे, जैसे स्वर्गकी अमरावतीपुरीमें देवराज इन्द्र ॥ १९ ॥

> स बुद्धिं कृतवान् राजा कुशनाभः सुधार्मिकः ।  
> ब्रह्मदत्ताय काकुत्स्थ दातुं कन्याशतं तदा ॥२०॥

ककुत्स्थकुलभूषण श्रीराम ! तब परम धर्मात्मा राजा कुशनाभने ब्रह्मदत्तके साथ अपनी सौ कन्याओंको ब्याह देनेका निश्चय किया ॥ २० ॥

> तमाहूय महातेजा ब्रह्मदत्तं महीपतिः ।  
> ददौ कन्याशतं राजा सुप्रीतेनान्तरात्मना ॥ २१ ॥  
> यथाक्रमं तदा पाणिं जग्राह रघुनन्दन ।  
> ब्रह्मदत्तो महीपालस्तासां देवपतिर्यथा ॥ २२ ॥

महातेजस्वी भूपाल राजा कुशनाभने ब्रह्मदत्तको बुलाकर अत्यन्त प्रसन्न चित्तसे उन्हें अपनी सौ कन्याएँ सौंप दीं ॥ रघुनन्दन ! उस समय देवराज इन्द्रके समान तेजस्वी पृथ्वीपति ब्रह्मदत्तने क्रमशः उन सभी कन्याओंका पाणिग्रहण किया ॥ २२ ॥

> स्पृष्टमात्रे तदा पाणौ विकुब्जा विगतज्वराः ।  
> युक्तं परमया लक्ष्म्या बभौ कन्याशतं तदा ॥ २३ ॥

विवाहकालमें उन कन्याओंके हाथोंका ब्रह्मदत्तके हाथसे स्पर्श होते ही वे सब-की-सब कन्याएँ कुब्जत्वदोषसे रहित, नीरोग तथा उत्तम शोभासे सम्पन्न प्रतीत होने लगीं ॥२३॥

> स दृष्ट्वा वायुना मुक्ताः कुशनाभो महीपतिः ।  
> बभूव परमप्रीतो हर्षं लेभे पुनः पुनः ॥ २४ ॥

वातरोगके रूपमें आये हुए वायुदेवने उन कन्याओंको छोड़ दिया—यह देख पृथ्वीपनि राजा कुशनाभ बड़े प्रसन्न हुए और बारंबार हर्षका अनुभव करने लगे ॥ २४ ॥

> कृतोद्वाहं तु राजानं ब्रह्मदत्तं महीपतिम् ।  
> सदारं प्रेषयामास सोपाध्यायगणं तदा ॥ २५ ॥

भूपाल राजा ब्रह्मदत्तका विवाह-कार्य सम्पन्न हो जानेपर महाराज कुशनाभने उन्हें पत्नियों तथा पुरोहितोंसहित आदरपूर्वक विदा किया ॥ २५ ॥

> सोमदापि सुतं दृष्ट्वा पुत्रस्य सदृशीं क्रियाम् ।  
> यथान्यायं च गन्धर्वी स्नुषास्ताः प्रत्यनन्दत ।  
> स्पृष्ट्वा स्पृष्ट्वा च ताः कन्याः कुशनाभं प्रशस्य चा॥२६॥

गन्धर्वी सोमदाने अपने पुत्रको तथा उसके योग्य विवाह-सम्बन्धको देखकर अपनी उन पुत्रवधुओंका यथोचितरूपसे अभिनन्दन किया । उसने एक-एक करके उन सभी राजकन्याओंको हृदयसे लगाया और महाराज कुशनाभकी सराहना करके वहाँसे प्रस्थान किया ॥ २६ ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
