---
title: "बालकाण्ड, Sarga 20"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/bala-kanda/sarga-20"
lang: "hi"
---

# बालकाण्ड, Sarga 20

> तच्छ्रुत्वा राजशार्दूलो विश्वामित्रस्य भाषितम् ।  
> मुहूर्तमिव निःसंज्ञः संज्ञावानिदमब्रवीत् ॥ १ ॥

विश्वामित्रजीका वचन सुनकर नृपश्रेष्ठ दशरथ दो घड़ीके लिये संज्ञाशून्य-से हो गये । फिर सचेत होकर इस प्रकार बोले—॥ १ ॥

> ऊनषोडशवर्षो मे रामो राजीवलोचनः ।  
> न युद्धयोग्यतामस्य पश्यामि सह राक्षसैः ॥ २ ॥

‘महर्षे ! मेरा कमलनयन राम अभी पूरे सोलह वर्षका भी नहीं हुआ है । मैं इसमें राक्षसोंके साथ युद्ध करनेकी योग्यता नहीं देखता ॥ २ ॥

> इयमक्षौहिणी सेना यस्याहं पतिरीश्वरः ।  
> अनया सहितो गत्वा योद्धाहं तैर्निशाचरैः ॥ ३ ॥

‘यह मेरी अक्षौहिणी सेना है, जिसका मैं पालक और स्वामी भी हूँ । इस सेनाके साथ मैं स्वयं ही चलकर उन निशाचरोंके साथ युद्ध करूँगा ॥ ३ ॥

> इमे शूराश्च विक्रान्ता भृत्या मेऽस्त्रविशारदाः ।  
> योग्या रक्षोगणैर्योद्धुं न रामं नेतुमर्हसि ॥ ४ ॥

‘ये मेरे शूरवीर सैनिक, जो अस्त्रविद्यामें कुशल और पराक्रमी हैं, राक्षसोंके साथ जूझनेकी योग्यता रखते हैं; अतः इन्हें ही ले जाइये; रामको ले जाना उचित नहीं होगा ॥४॥

> अहमेव धनुष्पाणिर्गोप्ता समरमूर्धनि ।  
> यावत्प्राणान् धरिष्यामि तावद् योत्स्ये निशाचरैः ॥५॥

‘मैं स्वयं ही हाथमें धनुष ले युद्धके मुहानेपर रहकर आपके यज्ञकी रक्षा करूँगा और जबतक इस शरीरमें प्राण रहेंगे तबतक निशाचरोंके साथ लड़ता रहूँगा ॥ ५ ॥

> निर्विघ्ना व्रतचर्या सा भविष्यति सुरक्षिता ।  
> अहं तत्र गमिष्यामि न रामं नेतुमर्हसि ॥ ६ ॥

‘मेरे द्वारा सुरक्षित होकर आपका नियमानुष्ठान बिना किसी विघ्न-बाधाके पूर्ण होगा; अतः मैं ही वहाँ आपके साथ चलूँगा । आप रामको न ले जाइये ॥ ६ ॥

> बालो ह्यकृतविद्यश्च न च वेत्ति बलाबलम् ।  
> न चास्त्रबलसंयुक्तो न च युद्धविशारदः ॥ ७ ॥

‘मेरा राम अभी बालक है । इसने अभीतक युद्धकी विद्या ही नहीं सीखी है । यह दूसरेके बलाबलको नहीं जानता है । न तो यह अस्त्र-बलसे सम्पन्न है और न युद्धकी कलामें निपुण ही ॥ ७ ॥

> न चासौ रक्षसां योग्यः कूटयुद्धा हि राक्षसाः ।  
> विप्रयुक्तो हि रामेण मुहूर्तमपि नोत्सहे ॥ ८ ॥  
> जीवितुं मुनिशार्दूलं न रामं नेतुमर्हसि ।  
> यदि वा राघवं ब्रह्मन् नेतुमिच्छसि सुव्रत ॥ ९ ॥  
> चतुरङ्गसमायुक्तं मया सह च तं नय ।

‘अतः यह राक्षसोंसे युद्ध करने योग्य नहीं है; क्योंकि राक्षस मायासे—छल-कपटसे युद्ध करते हैं । इसके सिवा रामसे वियोग हो जानेपर मैं दो घड़ी भी जीवित नहीं रह सकता; मुनिश्रेष्ठ ! इसलिये आप मेरे रामको न ले जाइये । अथवा ब्रह्मन् ! यदि आपकी इच्छा रामको ही ले जानेकी हो तो चतुरङ्गिणी सेनाके साथ मैं भी चलता हूँ । मेरे साथ इसे ले चलिये ॥ ८-९½ ॥

> षष्टिर्वर्षसहस्राणि जातस्य मम कौशिक ॥ १०॥  
> कृच्छ्रेणोत्पादितश्चायं न रामं नेतुमर्हसि ।

‘कुशिकनन्दन ! मेरी अवस्था साठ हजार वर्षकी हो गयी । इस बुढ़ापेमें बड़ी कठिनाईसे मुझे पुत्रकी प्राप्ति हुई है, अतः आप रामको न ले जाइये ॥ १०½ ॥

> चतुर्णामात्मजानां हि प्रीतिः परमिका मम ॥ ११ ॥  
> ज्येष्ठे धर्मप्रधाने च न रामं नेतुमर्हसि ।  
> किंवीर्या राक्षसास्ते च कस्य पुत्राश्च के च ते ॥१२॥  
> कथंप्रमाणाः के चैतान् रक्षन्ति मुनिपुङ्गव ।  
> कथं च प्रतिकर्तव्यं तेषां रामेण रक्षसाम् ॥ १३ ॥

‘धर्मप्रधान राम मेरे चारों पुत्रोंमें ज्येष्ठ है; इसलिये उसपर मेरा प्रेम सबसे अधिक है; अतः आप रामको न ले जाइये ॥ ‘वे राक्षस कैसे पराक्रमी हैं, किसके पुत्र हैं और कौन हैं ? उनका डीलडौल कैसा है ? मुनीश्वर ! उनकी रक्षा कौन करते हैं ? राम उन राक्षसोंका सामना कैसे कर सकता है ? ॥ १२-१३ ॥

> मामकैर्वा बलैर्ब्रह्मन् मया वा कूटयोधिनाम् ।  
> सर्वं मे शंस भगवन् कथं तेषां मया रणे ॥ १४ ॥  
> स्थातव्यं दुष्टभावानां वीर्योत्सिक्ता हि राक्षसाः ।

‘ब्रह्मन् ! मेरे सैनिकोंको या स्वयं मुझे ही उन माया-योधी राक्षसोंका प्रतीकार कैसे करना चाहिये ? भगवन् ! ये सारी बातें आप मुझे बताइये । उन दुष्टोंके साथ युद्धमें मुझे कैसे खड़ा होना चाहिये ? क्योंकि राक्षस बड़े बलाभिमानी होते हैं’ ॥ १४½ ॥

> तस्य तद् वचनं श्रुत्वा विश्वामित्रोऽभ्यभाषत ॥१५॥  
> पौलस्त्यवंशप्रभवो रावणो नाम राक्षसः ।  
> स ब्रह्मणा दत्तवरस्त्रैलोक्यं बाधते भृशम् ॥ १६ ॥  
> महाबलो महावीर्यो राक्षसैर्बहुभिर्वृतः ।  
> श्रूयते च महाराज रावणो राक्षसाधिपः ॥ १७ ॥  
> साक्षाद्वैश्रवणभ्राता पुत्रो विश्रवसो मुनेः ।

राजा दशरथकी इस बातको सुनकर विश्वामित्रजी बोले—‘महाराज ! रावण नामसे प्रसिद्ध एक राक्षस है, जो महर्षि पुलस्त्यके कुलमें उत्पन्न हुआ है । उसे ब्रह्माजीसे मुहमाँगा वरदान प्राप्त हुआ है; जिससे महान् बलशाली और महापराक्रमी होकर बहुसंख्यक राक्षसोंसे घिरा हुआ वह निशाचर तीनों लोकोंके निवासियोंको अत्यन्त कष्ट दे रहा है । सुना जाता है कि राक्षसराज रावण विश्रवा मुनिका औरस पुत्र तथा साक्षात् कुबेरका भाई है ॥ १५—१७½ ॥

> यदा न खलु यज्ञस्य विघ्नकर्ता महाबलः ॥ १८ ॥  
> तेन संचोदितौ तौ तु राक्षसौ च महाबलौ ।  
> मारीचश्च सुबाहुश्च यज्ञविघ्नं करिष्यतः ॥ १९ ॥

‘वह महाबली निशाचर इच्छा रहते हुए भी स्वयं आकर यज्ञमें विघ्न नहीं डालता ( अपने लिये इसे तुच्छ कार्य समझता है ); इसलिये उसीकी प्रेरणासे दो महान् बलवान् राक्षस मारीच और सुबाहु यज्ञोंमें विघ्न डाला करते हैं’ ॥ १८-१९ ॥

> इत्युक्तो मुनिना तेन राजोवाच मुनिं तदा ।  
> नहि शक्तोऽस्मि संग्रामे स्थातुं तस्य दुरात्मनः ॥२०॥

विश्वामित्र मुनिके ऐसा कहनेपर राजा दशरथ उनसे इस प्रकार बोले—‘मुनिवर ! मैं उस दुरात्मा रावणके सामने युद्धमें नहीं ठहर सकता ॥ २० ॥

> स त्वं प्रसादं धर्मज्ञ कुरुष्व मम पुत्रके ।  
> मम चैवाल्पभाग्यस्य दैवतं हि भवान् गुरुः ॥ २१ ॥  
> देवदानवगन्धर्वा यक्षाः पतगपन्नगाः ।  
> न शक्ता रावणं सोढुं किं पुनर्मानवा युधि ॥ २२ ॥

‘धर्मज्ञ महर्षे ! आप मेरे पुत्रपर तथा मुझ मन्दभागी दशरथपर भी कृपा कीजिये; क्योंकि आप मेरे देवता तथा गुरु हैं ॥ ‘युद्धमें रावणका वेग तो देवता, दानव, गन्धर्व, यक्ष, गरुड़ और नाग भी नहीं सह सकते; फिर मनुष्योंकी तो बात ही क्या है ॥ २२ ॥

> स तु वीर्यवतां वीर्यमादत्ते युधि रावणः ।  
> तेन चाहं न शक्तोऽस्मि संयोद्धुं तस्य वा बलैः ॥२३॥  
> सबलो वा मुनिश्रेष्ठ सहितो वा ममात्मजैः ।

‘मुनिश्रेष्ठ ! रावण समराङ्गणमें बलवानोंके बलका अपहरण कर लेता है, अतः मैं अपनी सेना और पुत्रोंके साथ रहकर भी उससे तथा उसके सैनिकोंसे युद्ध करनेमें असमर्थ हूँ ॥ २३½ ॥

> कथमप्यमरप्रख्यं संग्रामाणामकोविदम् ॥ २४ ॥  
> बालं मे तनयं ब्रह्मन् नैव दास्यामि पुत्रकम् ।

‘ब्रह्मन् ! यह मेरा देवोपम पुत्र युद्धकी कलासे सर्वथा अनभिज्ञ है । इसकी अवस्था भी अभी बहुत थोड़ी है; इसलिये मैं इसे किसी तरह नहीं दूँगा ॥ २४½ ॥

> अथ कालोपमौ युद्धे सुतौ सुन्दोपसुन्दयोः ॥ २५ ॥  
> यज्ञविघ्नकरौ तौ ते नैव दास्यामि पुत्रकम् ।  
> मारीचश्च सुबाहुश्च वीर्यवन्तौ सुशिक्षितौ ॥ २६ ॥

‘मारीच और सुबाहु सुप्रसिद्ध दैत्य सुन्द और उपसुन्द-के पुत्र हैं । वे दोनों युद्धमें यमराजके समान हैं । यदि वे ही आपके यज्ञमें विघ्न डालनेवाले हैं तो मैं उनका सामना करनेके लिये अपने पुत्रको नहीं दूँगा; क्योंकि वे दोनों प्रबल पराक्रमी और युद्धविषयक उत्तम शिक्षासे सम्पन्न हैं ॥ २५-२६ ॥

> तयोरन्यतरं योद्धुं यास्यामि ससुहृद्गणः ।  
> अन्यथा त्वनुनेष्यामि भवन्तं सहबान्धवः ॥ २७ ॥

‘मैं उन दोनोंमेंसे किसी एकके साथ युद्ध करनेके लिये अपने सुहृदोंके साथ चलूँगा; अन्यथा—यदि आप मुझे न ले जाना चाहें तो मैं भाई-बन्धुओंसहित आपसे अनुनय-विनय करूँगा कि आप रामको छोड़ दें’ ॥ २७ ॥

> इति नरपतिजल्पनाद् द्विजेन्द्रं  
> कुशिकसुतं सुमहान् विवेश मन्युः।  
> सुहुत इव मखेऽग्निराज्यसिक्तः  
> समभवदुज्ज्वलितो महर्षिवह्निः ॥२८॥

राजा दशरथके ऐसे वचन सुनकर विप्रवर कुशिकनन्दन विश्वामित्रके मनमें महान् क्रोधका आवेश हो आया, जैसे यज्ञशालामें अग्निको भली-भाँति आहुति देकर घीकी धारासे अभिषिक्त कर दिया जाय और वह प्रज्वलित हो उठे, उसी तरह अग्नितुल्य तेजस्वी महर्षि विश्वामित्र भी क्रोधसे जल उठे ॥ २८ ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
