---
title: "अरण्यकाण्ड, Sarga 69"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/aranya-kanda/sarga-69"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड, Sarga 69

> रामः प्रेक्ष्य तु तं गृध्रं भुवि रौद्रेण पातितम्।  
> सौमित्रिं मित्रसम्पन्नमिदं वचनमब्रवीत् ॥ १ ॥

भयंकर राक्षस रावणने जिसे पृथ्वीपर मार गिराया था, उस गृध्रराज जटायुकी ओर दृष्टि डालकर भगवान् श्रीराम मित्रोचित गुणसे सम्पन्न सुमित्राकुमार लक्ष्मणसे बोले—॥१॥

> ममायं नूनमर्थेषु यतमानो विहंगमः।  
> राक्षसेन हतः संख्ये प्राणांस्त्यजति मत्कृते ॥ २ ॥

‘भाई ! यह पक्षी अवश्य मेरा ही कार्य सिद्ध करनेके लिये प्रयत्नशील था, किंतु उस राक्षसके द्वारा युद्धमें मारा गया । यह मेरे ही लिये अपने प्राणोंका परित्याग कर रहा है ॥ २ ॥

> अतिखिन्नः शरीरेऽस्मिन् प्राणो लक्ष्मण विद्यते।  
> तथा स्वरविहीनोऽयं विक्लवं समुदीक्षते ॥ ३ ॥

‘लक्ष्मण ! इस शरीरके भीतर इसके प्राणोंको बड़ी वेदना हो रही है, इसीलिये इसकी आवाज बंद होती जा रही है तथा यह अत्यन्त व्याकुल होकर देख रहा है’ ॥ ३ ॥

> जटायो यदि शक्नोषि वाक्यं व्याहरितुं पुनः।  
> सीतामाख्याहि भद्रं ते वधमाख्याहि चात्मनः ॥ ४ ॥

( लक्ष्मणसे ऐसा कहकर श्रीराम उस पक्षीसे बोले—) ‘जटायो ! यदि आप पुनः बोल सकते हों तो आपका भला हो, बताइये, सीताकी क्या अवस्था है ? और आपका वध किस प्रकार हुआ ? ॥ ४ ॥

> किंनिमित्तो जहारार्यां रावणस्तस्य किं मया।  
> अपराधं तु यं दृष्ट्वा रावणेन हृता प्रिया ॥ ५ ॥

‘जिस अपराधको देखकर रावणने मेरी प्रिय भार्याका अपहरण किया है, उसका वह अपराध क्या है ? और मैंने उसे कब किया ? किस निमित्तको लेकर रावणने आर्या सीताका हरण किया है ? ॥ ५ ॥

> कथं तच्चन्द्रसंकाशं मुखमासीन्मनोहरम्।  
> सीतया कानि चोक्तानि तस्मिन् काले द्विजोत्तम ॥ ६ ॥

‘पक्षिप्रवर ! सीताका चन्द्रमाके समान मनोहर मुख कैसा हो गया था ? तथा उस समय सीताने क्या-क्या बातें कही थीं ? ॥ ६ ॥

> कथंवीर्यः कथंरूपः किंकर्मा स च राक्षसः।  
> क चास्य भवनं तात ब्रूहि मे परिपृच्छतः ॥ ७ ॥

‘तात ! उस राक्षसका बल-पराक्रम तथा रूप कैसा है ? वह क्या काम करता है ? और उसका घर कहाँ है ? मैं जो कुछ पूछ रहा हूँ, वह सब बताइये’ ॥ ७ ॥

> तमुद्वीक्ष्य स धर्मात्मा विलपन्तमनाथवत्।  
> वाचा विक्लवया राममिदं वचनमब्रवीत् ॥ ८ ॥

इस तरह अनाथकी भाँति विलाप करते हुए श्रीरामकी ओर देखकर धर्मात्मा जटायुने लड़खड़ाती जबानसे यों कहना आरम्भ किया—॥ ८ ॥

> सा हृता राक्षसेन्द्रेण रावणेन दुरात्मना।  
> मायामास्थाय विपुलां वातदुर्दिनसंकुलाम् ॥ ९ ॥

‘रघुनन्दन ! दुरात्मा राक्षसराज रावणने विपुल मायाका आश्रय ले आँधी-पानीकी सृष्टि करके (घबराहटकी अवस्थामें) सीताका हरण किया था ॥ ९ ॥

> परिक्रान्तस्य मे तात पक्षौ छित्त्वा निशाचरः।  
> सीतामादाय वैदेहीं प्रयातो दक्षिणामुखः ॥ १० ॥

‘तात ! जब मैं उससे लड़ता लड़ता थक गया, उस अवस्थामें मेरे दोनों पंख काटकर वह निशाचर विदेहनन्दिनी सीताको साथ लिये यहाँसे दक्षिण दिशाकी ओर गया था ॥१०॥

> उपरुध्यन्ति मे प्राणा दृष्टिर्भ्रमति राघव।  
> पश्यामि वृक्षान् सौवर्णानुशीरकृतमूर्धजान् ॥ ११ ॥

‘रघुनन्दन ! अब मेरे प्राणोंकी गति बंद हो रही है, दृष्टि घूम रही है और समस्त वृक्ष मुझे सुनहरे रंगके दिखायी देते हैं । ऐसा जान पड़ता है कि उन वृक्षोंपर खशके केश जमे हुए हैं ॥ ११ ॥

> येन याति मुहूर्तेन सीतामादाय रावणः ।  
> विप्रणष्टं धनं क्षिप्रं तत्स्वामी प्रतिपद्यते ॥ १२ ॥  
> विन्दो नाम मुहूर्तोऽसौ न च काकुत्स्थ सोऽबुधत् ।  
> त्वत्प्रियां जानकीं हृत्वा रावणो राक्षसेश्वरः ।  
> झषवद् बडिशं गृह्य क्षिप्रमेव विनश्यति ॥ १३ ॥

‘रावण सीताको जिस मुहूर्तमें ले गया है, उसमें खोया हुआ धन शीघ्र ही उसके स्वामीको मिल जाता है । काकुत्स्थ ! वह ‘विन्द’ नामक मुहूर्त था, किंतु उस राक्षसको इसका पता नहीं था । जैसे मछली मौतके लिये ही बंसी पकड़ लेती है, उसी प्रकार वह भी सीताको ले जाकर शीघ्र ही नष्ट हो जायगा ॥ १२-१३ ॥

> न च त्वया व्यथा कार्या जनकस्य सुतां प्रति ।  
> वैदेह्या रंस्यसे क्षिप्रं हत्वा तं रणमूर्धनि ॥ १४ ॥

‘अतः अब तुम जनकनन्दिनीके लिये अपने मनमें खेद न करो । संग्रामके मुहानेपर उस निशाचरका वध करके तुम शीघ्र ही पुनः विदेहराजकुमारीके साथ विहार करोगे’ ॥१४॥

> असम्मूढस्य गृध्रस्य रामं प्रत्यनुभाषतः ।  
> आस्यात् सुस्राव रुधिरं म्रियमाणस्य सामिषम् ॥ १५ ॥

गृध्रराज जटायु यद्यपि मर रहे थे तो भी उनके मनपर मोह या भ्रम नहीं छाया था ( उनके होश-हवास ठीक थे ) । वे श्रीरामचन्द्रजीको उनकी बातका उत्तर दे ही रहे थे कि उनके मुखसे मांसयुक्त रुधिर निकलने लगा ॥ १५ ॥

> पुत्रो विश्रवसः साक्षाद् भ्राता वैश्रवणस्य च ।  
> इत्युक्त्वा दुर्लभान् प्राणान् मुमोच पतगेश्वरः ॥ १६ ॥

वे बोले—‘रावण विश्रवाका पुत्र और कुबेरका सगा भाई है’ इतना कहकर उन पक्षिराजने दुर्लभ प्राणोंका परित्याग कर दिया ॥ १६ ॥

> ब्रूहि ब्रूहीति रामस्य ब्रुवाणस्य कृताञ्जलेः ।  
> त्यक्त्वा शरीरं गृध्रस्य प्राणा जग्मुर्विहायसम् ॥ १७ ॥

श्रीरामचन्द्रजी हाथ जोड़े कह रहे थे, ‘कहिये, कहिये, कुछ और कहिये !’ किंतु उस समय गृध्रराजके प्राण उनका शरीर छोड़कर आकाशमें चले गये ॥ १७ ॥

> स निक्षिप्य शिरो भूमौ प्रसार्य चरणौ तथा ।  
> विक्षिप्य च शरीरं स्वं पपात धरणीतले ॥ १८ ॥

उन्होंने अपना मस्तक भूमिपर डाल दिया, दोनों पैर फैला दिये और अपने शरीरको भी पृथ्वीपर ही डालते हुए वे घराशायी हो गये ॥ १८ ॥

> तं गृध्रं प्रेक्ष्य ताम्राक्षं गतासुमचलोपमम् ।  
> रामः सुबहुभिर्दुःखैर्दीनः सौमित्रिमब्रवीत् ॥ १९ ॥

गृध्रराज जटायुकी आँखें लाल दिखायी देती थीं । प्राण निकल जानेसे वे पर्वतके समान अविचल हो गये । उन्हें इस अवस्थामें देखकर बहुत-से दुःखोंसे दुखी हुए श्रीरामचन्द्रजीने सुमित्राकुमारसे कहा—॥ १९ ॥

> बहूनि रक्षसां वासे वर्षाणि वसता सुखम् ।  
> अनेन दण्डकारण्ये विशीर्णमिह पक्षिणा ॥ २० ॥

‘लक्ष्मण ! राक्षसोंके निवासस्थान इस दण्डकारण्यमें बहुत वर्षोंतक सुखपूर्वक रहकर इन पक्षिराजने यहीं अपने शरीरका त्याग किया है ॥ २० ॥

> अनेकवार्षिको यस्तु चिरकालसमुत्थितः ।  
> सोऽयमद्य हतः शेते कालो हि दुरतिक्रमः ॥ २१ ॥

‘इनकी अवस्था बहुत वर्षोंकी थी । इन्होंने सुदीर्घ कालतक अपना अभ्युदय देखा है; किंतु आज इस वृद्धा-वस्थामें उस राक्षसके द्वारा मारे जाकर ये पृथ्वीपर सो रहे हैं; क्योंकि कालका उल्लङ्घन करना सबके ही लिये कठिन है ॥२१॥

> पश्य लक्ष्मण गृध्रोऽयमुपकारी हतश्च मे ।  
> सीतामभ्यवपन्नो हि रावणेन बलीयसा ॥ २२ ॥

‘लक्ष्मण ! देखो, ये, जटायु मेरे बड़े उपकारी थे, किंतु आज मारे गये । सीताकी रक्षाके लिये युद्धमें प्रवृत्त होनेपर अत्यन्त बलवान् रावणके हाथसे इनका वध हुआ है ॥२२॥

> गृध्रराज्यं परित्यज्य पितृपैतामहं महत् ।  
> मम हेतोरयं प्राणान् मुमोच पतगेश्वरः ॥ २३ ॥

‘बाप-दादोंके द्वारा प्राप्त हुए गीधोंके विशाल राज्यका त्याग करके इन पक्षिराजने मेरे ही लिये अपने प्राणोंकी आहुति दी है ॥ २३ ॥

> सर्वत्र खलु दृश्यन्ते साधवो धर्मचारिणः ।  
> शूराः शरण्याः सौमित्रे तिर्यग्योनिगतेष्वपि ॥ २४ ॥

‘शूर, शरणागतरक्षक, धर्मपरायण श्रेष्ठ पुरुष सभी जगह देखे जाते हैं । पशु-पक्षीकी योनियोंमें भी उनका अभाव नहीं है ॥ २४ ॥

> सीताहरणजं दुःखं न मे सौम्य तथागतम् ।  
> यथा विनाशो गृध्रस्य मत्कृते च परंतप ॥ २५ ॥

‘सौम्य ! शत्रुओंको संताप देनेवाले लक्ष्मण ! इस समय मुझे सीताके हरणका उतना दुःख नहीं है, जितना कि मेरे लिये प्राणत्याग करनेवाले जटायुकी मृत्युसे हो रहा है ॥२५॥

> राजा दशरथः श्रीमान् यथा मम महायशाः ।  
> पूजनीयश्च मान्यश्च तथायं पतगेश्वरः ॥ २६ ॥

‘महायशस्वी श्रीमान् राजा दशरथ जैसे मेरे माननीय और पूज्य थे, वैसे ही ये पक्षिराज जटायु भी हैं ॥ २६ ॥

> सौमित्रे हर काष्ठानि निर्मथिष्यामि पावकम् ।  
> गृध्रराजं दिधक्ष्यामि मत्कृते निधनं गतम् ॥ २७ ॥

‘सुमित्रानन्दन ! तुम सूखे काष्ठ ले आओ, मैं मथकर आग निकालूँगा और मेरे लिये मृत्युको प्राप्त हुए इन गृध्र-राजका दाह-संस्कार करूँगा ॥ २७ ॥

> नाथं पतगलोकस्य चितिमारोपयाम्यहम् ।  
> इमं धक्ष्यामि सौमित्रे हतं रौद्रेण रक्षसा ॥ २८ ॥

‘सुमित्राकुमार ! उस भयंकर राक्षसके द्वारा मारे गये इन पक्षिराजको मैं चितापर चढ़ाऊँगा और इनका दाहसंस्कार करूँगा’ ॥ २८ ॥

> या गतिर्यज्ञशीलानामाहिताग्नेश्च या गतिः ।  
> अपरावर्तिनां या च या च भूमिप्रदायिनाम् ॥ २९ ॥  
> मया त्वं समनुज्ञातो गच्छ लोकाननुत्तमान् ।  
> गृध्रराज महासत्त्व संस्कृतश्च मया व्रज ॥ ३० ॥

( फिर वे जटायुको सम्बोधित करके बोले—) ‘महान् बलशाली गृध्रराज ! यज्ञ करनेवाले, अग्निहोत्री, युद्धमें पीठ न दिखानेवाले और भूमिदान करनेवाले पुरुषोंको जिस गतिकी—जिन उत्तम लोकोंकी प्राप्ति होती है, मेरी आज्ञासे उन्हीं सर्वोत्तम लोकोंमें तुम भी जाओ । मेरे द्वारा दाह-संस्कार किये जानेपर तुम्हारी सद्गति हो’ ॥ २९-३० ॥

> एवमुक्त्वा चितां दीप्तामारोप्य पतगेश्वरम् ।  
> ददाह रामो धर्मात्मा स्वबन्धुमिव दुःखितः ॥ ३१ ॥

ऐसा कहकर धर्मात्मा श्रीरामचन्द्रजीने दुःखित हो पक्षिराजके शरीरको चितापर रक्खा और उसमें आग लगाकर अपने बन्धुकी भाँति उनका दाह-संस्कार किया ॥ ३१ ॥

> रामोऽथ सहसौमित्रिर्वनं गत्वा स वीर्यवान् ।  
> स्थूलान् हत्वा महारोहीननुतस्तार तं द्विजम् ॥ ३२ ॥  
> रोहिमांसानि चोद्धृत्य पेशीकृत्वा महायशाः ।  
> शकुनाय ददौ रामो रम्ये हरितशाद्वले ॥ ३३ ॥

तदनन्तर लक्ष्मणसहित पराक्रमी श्रीराम वनमें जाकर मोटे-मोटे महारोही ( कन्दमूल विशेष ) काट लाये और उन्हें जटायुके लिये अर्पित करनेके उद्देश्यसे उन्होंने पृथ्वीपर कुश बिछाये । महायशस्वी श्रीरामने रोहीके गूदे निकालकर उनका पिण्ड बनाया और उन सुन्दर हरित कुशाओंपर जटायुको पिण्डदान किया ॥ ३२-३३ ॥

> यत् तत् प्रेतस्य मर्त्यस्य कथयन्ति द्विजातयः ।  
> तत् स्वर्गगमनं पित्र्यं तस्य रामो जजाप ह ॥ ३४ ॥

ब्राह्मणलोग परलोकवासी मनुष्यको स्वर्गकी प्राप्ति करानेके उद्देश्यसे जिन पितृसम्बन्धी मन्त्रोंका जप आवश्यक बतलाते हैं, उन सबका भगवान् श्रीरामने जप किया ॥३४॥

> ततो गोदावरीं गत्वा नदीं नरवरात्मजौ ।  
> उदकं चक्रतुस्तस्मै गृध्रराजाय तावुभौ ॥ ३५ ॥

तदनन्तर उन दोनों राजकुमारोंने गोदावरी नदीके तटपर जाकर उन गृध्रराजके लिये जलाञ्जलि दी ॥ ३५ ॥

> शास्त्रदृष्टेन विधिना जलं गृध्राय राघवौ ।  
> स्नात्वा तौ गृध्रराजाय उदकं चक्रतुस्तदा ॥ ३६ ॥

रघुकुलके उन दोनों महापुरुषोंने गोदावरीमें नहाकर शास्त्रीय विधिसे उन गृध्रराजके लिये उस समय जलाञ्जलिका दान किया ॥ ३६ ॥

> स गृध्रराजः कृतवान् यशस्करं  
> सुदुष्करं कर्म रणे निपातितः ।  
> महर्षिकल्पेन च संस्कृतस्तदा  
> जगाम पुण्यां गतिमात्मनः शुभाम् ॥ ३७ ॥

महर्षितुल्य श्रीरामके द्वारा दाहसंस्कार होनेके कारण गृध्रराज जटायुको आत्माका कल्याण करनेवाली परम पवित्र गति प्राप्त हुई । उन्होंने रणभूमिमें अत्यन्त दुष्कर और यशोवर्धक पराक्रम प्रकट किया था । परंतु अन्तमें रावणने उन्हें मार गिराया ॥ ३७ ॥

> कृतोदकौ तावपि पक्षिसत्तमे  
> स्थिरां च बुद्धिं प्रणिधाय जग्मतुः ।  
> प्रवेश्य सीताधिगमे ततो मनो  
> वनं सुरेन्द्राविव विष्णुवासवौ ॥ ३८ ॥

तर्पण करनेके पश्चात् वे दोनों भाई पक्षिराज जटायुमें पितृतुल्य सुस्थिरभाव रखकर सीताकी खोजके कार्यमें मन लगा देवेश्वर विष्णु और इन्द्रकी भाँति वनमें आगे बढ़े ॥३८॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
