---
title: "अरण्यकाण्ड, Sarga 57"
canonical: "https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana/aranya-kanda/sarga-57"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड, Sarga 57

> प्रवेशितायां सीतायां लङ्कां प्रति पितामहः ।  
> तदा प्रोवाच देवेन्द्रं परितुष्टं शतक्रतुम् ॥ १ ॥

जब सीताका लङ्कामें प्रवेश हो गया, तब पितामह ब्रह्माजीने संतुष्ट हुए देवराज इन्द्रसे इस प्रकार कहा—॥ १ ॥

> त्रैलोक्यस्य हितार्थाय रक्षसामहिताय च।  
> लङ्कां प्रवेशिता सीता रावणेन दुरात्मना ॥ २ ॥

‘देवराज ! तीनों लोकोंके हित और राक्षसोंके विनाशके लिये दुरात्मा रावणने सीताको लङ्कामें पहुँचा दिया ॥ २ ॥

> पतिव्रता महाभागा नित्यं चैव सुखैधिता।  
> अपश्यन्ती च भर्तारं पश्यन्ती राक्षसीजनम् ॥ ३ ॥  
> राक्षसीभिः परिवृता भर्तृदर्शनलालसा ।

‘पतिव्रता महाभागा जानकी सदा सुखमें ही पली हैं । इस समय वे अपने पतिके दर्शनसे वञ्चित हो गयी हैं और राक्षसियोंसे घिरी रहनेके कारण सदा उन्हींको अपने सामने देखती हैं । उनके हृदयमें अपने पतिके दर्शनकी तीव्र लालसा बनी हुई है ॥ ३½ ॥

> निविष्टा हि पुरी लङ्का तीरे नदनदीपतेः ॥ ४ ॥  
> कथं ज्ञास्यति तां रामस्तत्रस्थां तामनिन्दिताम् ।  
> दुःखं संचिन्तयन्ती सा बहुशः परिदुर्लभा ॥ ५ ॥  
> प्राणयात्रामकुर्वाणा प्राणांस्त्यक्ष्यत्यसंशयम् ।  
> स भूयः संशयो जातः सीतायाः प्राणसंक्षये ॥ ६ ॥

‘लङ्कापुरी समुद्रके तटपर बसी हुई है । वहाँ रहती हुई सती-साध्वी सीताका पता श्रीरामचन्द्रजीको कैसे लगेगा ॥ ‘सीता दुःखके साथ नाना प्रकारकी चिन्ताओंमें डूबी रहती हैं । पतिके लिये इस समय वे अत्यन्त दुर्लभ हो गयी हैं । प्राणयात्रा ( भोजन ) नहीं करती हैं; अतः ऐसी दशामें निःसंदेह वे अपने प्राणोंका परित्याग कर देंगी । सीताके प्राणोंका क्षय हो जानेपर हमारे उद्देश्यकी सिद्धिमें पुनः पूर्ववत् संदेह उपस्थित हो जायगा ॥ ५-६ ॥

> स त्वं शीघ्रमितो गत्वा सीतां पश्य शुभाननाम् ।  
> प्रविश्य नगरीं लङ्कां प्रयच्छ हविरुत्तमम् ॥ ७ ॥

‘अतः तुम शीघ्र ही यहाँसे जाकर लङ्कापुरीमें प्रवेश करके सुमुखी सीतासे मिलो और उन्हें उत्तम हविष्य प्रदान करो’ ॥ ७ ॥

> एवमुक्तोऽथ देवेन्द्रः पुरीं रावणपालिताम् ।  
> आगच्छन्निद्रया सार्धं भगवान् पाकशासनः ॥ ८ ॥

ब्रह्माजीके ऐसा कहनेपर पाकशासन भगवान् इन्द्र निद्राको साथ लेकर रावणद्वारा पालित लङ्कापुरीमें आये ॥८॥

> निद्रां चोवाच गच्छ त्वं राक्षसान् सम्प्रमोहय ।  
> सा तथोक्ता मघवता देवी परमहर्षिता ॥ ९ ॥  
> देवकार्यार्थसिद्ध्यर्थं प्रामोहयत राक्षसान् ।

वहाँ आकर इन्द्रने निद्रासे कहा—‘तुम राक्षसोंको मोहित करो ।’ इन्द्रसे ऐसी आज्ञा पाकर देवी निद्रा बहुत प्रसन्न हुई । देवताओंका कार्य सिद्ध करनेके लिये उन्होंने राक्षसोंको मोह ( निद्रा ) में डाल दिया ॥ ९½ ॥

> एतस्मिन्नन्तरे देवः सहस्राक्षः शचीपतिः ॥ १० ॥  
> आसाद वनस्थां तां वचनं चेदमब्रवीत् ।

इसी बीचमें सहस्र नेत्रधारी शचीपति देवराज इन्द्र अशोकवाटिकामें बैठी हुई सीताके पास गये और इस प्रकार बोले—॥ १०½ ॥

> देवराजोऽस्मि भद्रं ते इह चागतोऽस्मि शुचिस्मिते ॥ ११ ॥  
> अहं त्वां कार्यसिद्ध्यर्थं राघवस्य महात्मनः ।  
> साहाय्यं कल्पयिष्यामि मा शुचो जनकात्मजे ॥ १२ ॥

‘पवित्र मुसकानवाली देवि ! आपका भला हो । मैं देवराज इन्द्र यहाँ आपके पास आया हूँ । जनककिशोरी ! मैं आपके उद्धारकार्यकी सिद्धिके लिये महात्मा श्रीरघुनाथजीकी सहायता करूँगा, अतः आप शोक न करें ॥ ११-१२ ॥

> मत्प्रसादात् समुद्रं स तरिष्यति बलैः सह ।  
> मयैवेह च राक्षस्यो मायया मोहिताः शुभे ॥ १३ ॥

‘वे मेरे प्रसादसे बड़ी भारी सेनाके साथ समुद्रको पार करेंगे । शुभे ! मैंने ही यहाँ इन राक्षसियोंको अपनी मायासे मोहित किया है ॥ १३ ॥

> तस्मादन्नमिदं सीते हविष्यान्नमहं स्वयम् ।  
> स त्वां संगृह्य वैदेहि आगतः सह निद्रया ॥ १४ ॥

‘विदेहनन्दिनी सीते ! इसलिये मैं स्वयं ही यह भोजन—यह हविष्यान्न लेकर निद्राके साथ तुम्हारे पास आया हूँ ॥ १४ ॥

> एतदत्स्यसि भद्रस्तान्न त्वां बाधिष्यते शुभे ।  
> क्षुधा तृषा च रम्भोरु वर्षाणामयुतैरपि ॥ १५ ॥

‘शुभे ! रम्भोरु ! यदि मेरे हाथसे इस हविष्यको लेकर खा लोगी तो तुम्हें हजारों वर्षोंतक भूख और प्यास नहीं सतायेगी’ ॥ १५ ॥

> एवमुक्ता तु देवेन्द्रमुवाच परिशङ्किता ।  
> कथं जानामि देवेन्द्रं त्वामिहस्थं शचीपतिम् ॥ १६ ॥

देवराजके ऐसा कहनेपर शङ्कित हुई सीताने उनसे कहा— ‘मुझे कैसे विश्वास हो कि आप शचीपति देवराज इन्द्र ही यहाँ पधारे हैं ? ॥ १६ ॥

> देवलिङ्गानि दृष्टानि रामलक्ष्मणसंनिधौ ।  
> तानि दर्शय देवेन्द्र यदि त्वं देवराट् स्वयम् ॥ १७ ॥

‘देवेन्द्र ! मैंने श्रीराम और लक्ष्मणके समीप देवताओंके लक्षण अपनी आँखों देखे हैं । यदि आप साक्षात् देवराज हैं तो उन लक्षणोंको दिखाइये’ ॥ १७ ॥

> सीताया वचनं श्रुत्वा तथा चक्रे शचीपतिः ।  
> पृथिवीं नास्पृशत् पद्भ्यामनिमेषेक्षणानि च ॥ १८ ॥  
> अरजोऽम्बरधारी च नम्लानकुसुमस्तथा ।  
> तं ज्ञात्वा लक्षणैः सीता वासवं परिहर्षिता ॥ १९ ॥

सीताकी यह बात सुनकर शचीपति इन्द्रने वैसा ही किया। उन्होंने अपने पैरोंसे पृथ्वीका स्पर्श नहीं किया—आकाशमें निराधार खड़े रहे। उनकी आँखोंकी पलकें नहीं गिरती थीं । उन्होंने जो वस्त्र धारण किया था, उसपर धूलका स्पर्श नहीं होता था । उनके कण्ठमें जो पुष्पमाला थी, उसके पुष्प कुम्हलाते नहीं थे। देवोचित लक्षणोंसे इन्द्रको पहचानकर सीता बहुत प्रसन्न हुईं ॥ १८-१९ ॥

> उवाच वाक्यं रुदती भगवन् राघवं प्रति ।  
> सह भ्रात्रा महाबाहुर्दिष्ट्या मे श्रुतिमागतः ॥ २० ॥

वे भगवान् श्रीरामके लिये रोती हुई बोलीं—‘भगवन् ! सौभाग्यकी बात है कि आज भाईसहित महाबाहु श्रीरामका नाम मेरे कानोंमें पड़ा है ॥ २०॥

> यथा मे श्वशुरो राजा यथा च मिथिलाधिपः ।  
> तथा त्वामद्य पश्यामि सनाथो मे पतिस्त्वया॥ २१ ॥

‘मेरे लिये जैसे मेरे श्वशुर महाराज दशरथ तथा पिता मिथिलानरेश जनक हैं, उसी रूपमें मैं आज आपको देखती हूँ । मेरे पति आपके द्वारा सनाथ हैं ॥ २१॥

> तवाज्ञया च देवेन्द्र पयोभूतमिदं हविः ।  
> अशिष्यामि त्वया दत्तं रघूणां कुलवर्धनम् ॥ २२ ॥

‘देवेन्द्र ! आपकी आज्ञासे मैं यह पायसरूप हविष्य ( दूधकी बनी हुई खीर ), जिसे आपने दिया है, खाऊँगी । यह रघुकुलकी वृद्धि करनेवाला हो’ ॥ २२ ॥

> इन्द्रहस्ताद् गृहीत्वा तत् पायसं सा शुचिस्मिता ।  
> न्यवेदयत भर्त्रे सा लक्ष्मणाय च मैथिली ॥ २३ ॥

इन्द्रके हाथसे उस खीरको लेकर उन पवित्र मुसकानवाली मैथिलीने मन-ही-मन पहले उसे अपने स्वामी श्रीराम और देवर लक्ष्मणको निवेदन किया और इस प्रकार कहा—॥ २३ ॥

> यदि जीवति मे भर्ता सह भ्रात्रा महाबलः ।  
> इदमस्तु तयोर्भक्त्या तदाद्दनात् पायसं स्वयम् ॥ २४॥

‘यदि मेरे महाबली स्वामी अपने भाईके साथ जीवित हैं तो यह भक्तिभावसे उन दोनोंके लिये समर्पित है ।’ इतना कहनेके पश्चात् उन्होंने स्वयं उस खीरको खाया ॥ २४ ॥

> इतीव तत् प्राश्य हविर्वरानना  
> जहौ क्षुधादुःखसमुद्भवं च तम् ।  
> इन्द्रात् प्रवृत्तिमुपलभ्य जानकी  
> काकुत्स्थयोः प्रीतमना बभूव ॥ २५ ॥

इस प्रकार उस हविष्यको खाकर सुन्दर मुखवाली जानकीने भूख-प्यासके कष्टको त्याग दिया और इन्द्रके मुखसे श्रीराम तथा लक्ष्मणका समाचार पाकर वे जनकनन्दिनी मन-ही-मन बहुत प्रसन्न हुईं ॥ २५ ॥

> स चापि शक्रस्त्रिदिवालयं तदा  
> प्रीतो ययौ राघवकार्यसिद्धये ।  
> आमन्त्र्य सीतां स ततो महात्मा  
> जगाम निद्रासहितः स्वमालयम् ॥ २६ ॥

तब निद्रासहित महात्मा देवराज इन्द्र भी प्रसन्न हो सीतासे विदा लेकर श्रीरामचन्द्रजीके कार्यकी सिद्धिके लिये अपने निवासस्थान देवलोकको चले गये ॥ २६ ॥

Book: https://ramayana.com/hi/valmiki-ramayana

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
