---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 98b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-98b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 98b

**चौ०** 
> बरन धर्म नहिं आश्रम चारी। श्रुति बिरोध रत सब नर नारी॥  
> द्विज श्रुति बेचक भूप प्रजासन। कोउ नहिं मान निगम अनुसासन॥१॥

भावार्थ: कलियुगमें न वर्णधर्म रहता है, न चारों आश्रम रहते हैं। सब पुरुष-स्त्री वेदके विरोधमें लगे रहते हैं। ब्राह्मण वेदोंके बेचनेवाले और राजा प्रजाको खा डालनेवाले होते हैं। वेदकी आज्ञा कोई नहीं मानता॥१॥

**चौ०** 
> मारग सोइ जा कहुँ जोइ भावा। पंडित सोइ जो गाल बजावा॥  
> मिथ्यारंभ दंभ रत जोई। ता कहुँ संत कहइ सब कोई॥२॥

भावार्थ: जिसको जो अच्छा लग जाय, वही मार्ग है। जो डींग मारता है, वही पण्डित है। जो मिथ्या आरम्भ करता ( आडम्बर रचता ) है और जो दम्भमें रत है, उसीको सब कोई संत कहते हैं॥२॥

**चौ०** 
> सोइ सयान जो परधन हारी। जो कर दंभ सो बड़ आचारी॥  
> जो कह झूँठ मसखरी जाना। कलिजुग सोइ गुनवंत बखाना॥३॥

भावार्थ: जो [ जिस किसी प्रकारसे ] दूसरेका धन हरण कर ले, वही बुद्धिमान्‌ है। जो दम्भ करता है वही बड़ा आचारी है। जो झूठ बोलता है और हँसी-दिल्लगी करना जानता है, कलियुगमें वही गुणवान्‌ कहा जाता है॥३॥

**चौ०** 
> निराचार जो श्रुति पथ त्यागी। कलिजुग सोइ ग्यानी सो बिरागी॥  
> जाकें नख अरु जटा बिसाला। सोइ तापस प्रसिद्ध कलिकाला॥४॥

भावार्थ: जो आचारहीन है और वेदमार्गको छोड़े हुए है, कलियुगमें वही ज्ञानी और वही वैराग्यवान्‌ है। जिसके बड़े-बड़े नख और लंबी-लंबी जटाएँ हैं, वही कलियुगमें प्रसिद्ध तपस्वी है॥४॥

**दो०** 
> असुभ बेष भूषन धरें भच्छाभच्छ जे खाहिं।  
> तेइ जोगी तेइ सिद्ध नर पूज्य ते कलिजुग माहिं॥ ९८ (क) ॥

भावार्थ: जो अमङ्गल वेष और अमङ्गल भूषण धारण करते हैं और भक्ष्य-अभक्ष्य ( खाने योग्य और न खाने योग्य ) सब कुछ खा लेते हैं, वे ही योगी हैं, वे ही सिद्ध हैं और वे ही मनुष्य कलियुगमें पूज्य हैं॥९८ ( क )॥

**सो०** 
> जे अपकारी चार तिन्ह कर गौरव मान्य तेइ।  
> मन क्रम बचन लबार तेइ बकता कलिकाल महुँ॥ ९८ (ख)॥

भावार्थ: जिनके आचरण दूसरोंका अपकार ( अहित ) करनेवाले हैं, उन्हींका बड़ा गौरव होता है और वे ही सम्मानके योग्य होते हैं। जो मन, वचन और कर्मसे लबार ( झूठ बकनेवाले ) हैं, वे ही कलियुगमें वक्ता माने जाते हैं॥९८ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-97b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-99b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
