---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 93b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-93b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 93b

**चौ०** 
> सुनि भुसुंडि के बचन सुहाए। हरषित खगपति पंख फुलाए॥  
> नयन नीर मन अति हरषाना। श्रीरघुपति प्रताप उर आना॥१॥

भावार्थ: भुशुण्डिजीके सुन्दर वचन सुनकर पक्षिराजने हर्षित होकर अपने पंख फुला लिये। उनके नेत्रोंमें [ प्रेमानन्दके आँसुओंका ] जल आ गया और मन अत्यन्त हर्षित हो गया। उन्होंने श्रीरघुनाथजीका प्रताप हृदयमें धारण किया॥१॥

**चौ०** 
> पाछिल मोह समुझि पछिताना। ब्रह्म अनादि मनुज करि माना॥  
> पुनि पुनि काग चरन सिरु नावा। जानि राम सम प्रेम बढ़ावा॥२॥

भावार्थ: वे अपने पिछले मोहको समझकर ( याद करके ) पछताने लगे कि मैंने अनादि ब्रह्मको मनुष्य करके माना। गरुड़जीने बार-बार काकभुशुण्डिजीके चरणोंपर सिर नवाया और उन्हें श्रीरामजीके ही समान जानकर प्रेम बढ़ाया॥२॥

**चौ०** 
> गुर बिनु भव निधि तरइ न कोई। जौं बिरंचि संकर सम होई॥  
> संसय सर्प ग्रसेउ मोहि ताता। दुखद लहरि कुतर्क बहु ब्राता॥३॥

भावार्थ: गुरुके बिना कोई भवसागर नहीं तर सकता, चाहे वह ब्रह्माजी और शंकरजीके समान ही क्यों न हो। [ गरुड़जीने कहा— ] हे तात! मुझे सन्देहरूपी सर्पने डस लिया था और [ साँपके डसनेपर जैसे विष चढ़नेसे लहरें आती हैं, वैसे ही ] बहुत-सी कुतर्करूपी दुःख देनेवाली लहरें आ रही थीं॥३॥

**चौ०** 
> तव सरूप गारुड़ि रघुनायक। मोहि जिआयउ जन सुखदायक॥  
> तव प्रसाद मम मोह नसाना। राम रहस्य अनूपम जाना॥४॥

भावार्थ: आपके स्वरूपरूपी गारुड़ी ( साँपका विष उतारनेवाले ) के द्वारा भक्तोंको सुख देनेवाले श्रीरघुनाथजीने मुझे जिला लिया। आपकी कृपासे मेरा मोह नाश हो गया और मैंने श्रीरामजीका अनुपम रहस्य जाना॥४॥

**दो०** 
> ताहि प्रसंसि बिबिधि बिधि सीस नाइ कर जोरि।  
> बचन बिनीत सप्रेम मृदु बोलेउ गरुड़ बहोरि॥९३(क)॥

भावार्थ: उनकी ( भुशुण्डिजीकी ) बहुत प्रकारसे प्रशंसा करके, सिर नवाकर और हाथ जोड़कर फिर गरुड़जी प्रेमपूर्वक विनम्र और कोमल वचन बोले— ॥९३(क)॥

**दो०** 
> प्रभु अपने अबिबेक ते बूझउँ स्वामी तोहि।  
> कृपासिंधु सादर कहहु जानि दास निज मोहि॥९३(ख)॥

भावार्थ: हे प्रभो! हे स्वामी! मैं अपने अविवेकके कारण आपसे पूछता हूँ। हे कृपाके समुद्र! मुझे अपना ‘निज दास’ जानकर आदरपूर्वक ( विचारपूर्वक ) मेरे प्रश्नका उत्तर कहिये॥९३(ख)॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-92b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-94b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
