---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 91b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-91b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 91b

**चौ०** 
> निज मति सरिस नाथ मैं गाई। प्रभु प्रताप महिमा खगराई॥  
> कहेउँ न कछु करि जुगुति बिसेषी। यह सब मैं निज नयनन्हि देखी॥१॥

भावार्थ: हे पक्षिराज! हे नाथ! मैंने अपनी बुद्धिके अनुसार प्रभुके प्रताप और महिमाका गान किया। मैंने इसमें कोई बात युक्तिसे बढ़ाकर नहीं कही है। यह सब अपनी आँखों देखी कही है॥१॥

**चौ०** 
> महिमा नाम रूप गुन गाथा। सकल अमित अनंत रघुनाथा॥  
> निज निज मति मुनि हरि गुन गावहिं। निगम सेष सिव पार न पावहिं॥२॥

भावार्थ: श्रीरघुनाथजीकी महिमा, नाम, रूप और गुणोंकी कथा सभी अपार एवं अनन्त हैं तथा श्रीरघुनाथजी स्वयं भी अनन्त हैं। मुनिगण अपनी-अपनी बुद्धिके अनुसार श्रीहरिके गुण गाते हैं। वेद, शेष और शिवजी भी उनका पार नहीं पाते॥२॥

**चौ०** 
> तुम्हहि आदि खग मसक प्रजंता। नभ उड़ाहिं नहिं पावहिं अंता॥  
> तिमि रघुपति महिमा अवगाहा। तात कबहुँ कोउ पाव कि थाहा॥३॥

भावार्थ: आपसे लेकर मच्छरपर्यन्त सभी छोटे-बड़े जीव आकाशमें उड़ते हैं, किन्तु आकाशका अन्त कोई नहीं पाते। इसी प्रकार हे तात! श्रीरघुनाथजीकी महिमा भी अथाह है। क्या कभी कोई उसकी थाह पा सकता है ?॥३॥

**चौ०** 
> रामु काम सत कोटि सुभग तन। दुर्गा कोटि अमित अरि मर्दन॥  
> सक्र कोटि सत सरिस बिलासा। नभ सत कोटि अमित अवकासा॥४॥

भावार्थ: श्रीरामजीका अरबों कामदेवोंके समान सुन्दर शरीर है। वे अनन्त कोटि दुर्गाओंके समान शत्रुनाशक हैं। अरबों इन्द्रोंके समान उनका विलास ( ऐश्वर्य ) है। अरबों आकाशोंके समान उनमें अनन्त अवकाश ( स्थान ) है॥४॥

**दो०** 
> मरुत कोटि सत बिपुल बल रबि सत कोटि प्रकास।  
> ससि सत कोटि सुसीतल समन सकल भव त्रास॥९१(क)॥

भावार्थ: अरबों पवनके समान उनमें महान्‌ बल है और अरबों सूर्योंके समान प्रकाश है। अरबों चन्द्रमाओंके समान वे शीतल और संसारके समस्त भयोंका नाश करनेवाले हैं॥९१(क)॥

**दो०** 
> काल कोटि सत सरिस अति दुस्तर दुर्ग दुरंत।  
> धूमकेतु सत कोटि सम दुराधरष भगवंत॥९१(ख)॥

भावार्थ: अरबों कालोंके समान वे अत्यन्त दुस्तर, दुर्गम और दुरन्त हैं। वे भगवान्‌ अरबों धूमकेतुओं ( पुच्छल तारों ) के समान अत्यन्त प्रबल हैं॥९१(ख)॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-90b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-92b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
