---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 86"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-86"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 86

**चौ०** 
> अब सुनु परम बिमल मम बानी। सत्य सुगम निगमादि बखानी॥  
> निज सिद्धांत सुनावउँ तोही। सुनु मन धरु सब तजि भजु मोही॥१॥

भावार्थ: अब मेरी सत्य, सुगम, वेदादिके द्वारा वर्णित परम निर्मल वाणी सुन। मैं तुझको यह ‘निज सिद्धान्त’ सुनाता हूँ। सुनकर मनमें धारण कर और सब तजकर मेरा भजन कर॥१॥

**चौ०** 
> मम माया संभव संसारा। जीव चराचर बिबिधि प्रकारा॥  
> सब मम प्रिय सब मम उपजाए। सब ते अधिक मनुज मोहि भाए॥२॥

भावार्थ: यह सारा संसार मेरी मायासे उत्पन्न है। [इसमें] अनेकों प्रकारके चराचर जीव हैं। वे सभी मुझे प्रिय हैं; क्योंकि सभी मेरे उत्पन्न किये हुए हैं। [किन्तु] मनुष्य मुझको सबसे अधिक अच्छे लगते हैं॥२॥

**चौ०** 
> तिन्ह महँ द्विज द्विज महँ श्रुतिधारी। तिन्ह महुँ निगम धरम अनुसारी॥  
> तिन्ह महँ प्रिय बिरक्त पुनि ग्यानी। ग्यानिहु ते अति प्रिय बिग्यानी॥३॥

भावार्थ: उन मनुष्योंमें भी द्विज, द्विजोंमें भी वेदोंको [कण्ठमें] धारण करनेवाले, उनमें भी वेदोक्त धर्मपर चलनेवाले, उनमें भी विरक्त (वैराग्यवान्‌) मुझे प्रिय हैं। वैराग्यवानोंमें फिर ज्ञानी और ज्ञानियोंसे भी अत्यन्त प्रिय विज्ञानी हैं॥३॥

**चौ०** 
> तिन्ह ते पुनि मोहि प्रिय निज दासा। जेहि गति मोरि न दूसरि आसा॥  
> पुनि पुनि सत्य कहउँ तोहि पाहीं। मोहि सेवक सम प्रिय कोउ नाहीं॥४॥

भावार्थ: विज्ञानियोंसे भी प्रिय मुझे अपना दास है, जिसे मेरी ही गति (आश्रय) है, कोई दूसरी आशा नहीं है। मैं तुझसे बार-बार सत्य (‘निज सिद्धान्त’) कहता हूँ कि मुझे अपने सेवकके समान प्रिय कोई भी नहीं है॥४॥

**चौ०** 
> भगति हीन बिरंचि किन होई। सब जीवहु सम प्रिय मोहि सोई॥  
> भगतिवंत अति नीचउ प्रानी। मोहि प्रानप्रिय असि मम बानी॥५॥

भावार्थ: भक्तिहीन ब्रह्मा ही क्यों न हो, वह मुझे सब जीवोंके समान ही प्रिय है। परन्तु भक्तिमान्‌ अत्यन्त नीच भी प्राणी मुझे प्राणोंके समान प्रिय है, यह मेरी घोषणा है॥५॥

**दो०** 
> सुचि सुसील सेवक सुमति प्रिय कहु काहि न लाग।  
> श्रुति पुरान कह नीति असि सावधान सुनु काग॥८६॥

भावार्थ: पवित्र, सुशील और सुन्दर बुद्धिवाला सेवक, बता, किसको प्यारा नहीं लगता? वेद और पुराण ऐसी ही नीति कहते हैं। हे काक! सावधान होकर सुन॥८६॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-85b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-87b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
