---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 84b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-84b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 84b

**चौ०** 
> ग्यान बिबेक बिरति बिग्याना। मुनि दुर्लभ गुन जे जग नाना॥  
> आजु देउँ सब संसय नाहीं। मागु जो तोहि भाव मन माहीं॥१॥

भावार्थ: ज्ञान, विवेक, वैराग्य, विज्ञान (तत्त्वज्ञान) और वे अनेकों गुण जो जगत्‌में मुनियोंके लिये भी दुर्लभ हैं, ये सब मैं आज तुझे दूँगा, इसमें सन्देह नहीं। जो तेरे मन भावे, सो माँग ले॥१॥

**चौ०** 
> सुनि प्रभु बचन अधिक अनुरागेउँ। मन अनुमान करन तब लागेउँ॥  
> प्रभु कह देन सकल सुख सही। भगति आपनी देन न कही॥२॥

भावार्थ: प्रभुके वचन सुनकर मैं बहुत ही प्रेममें भर गया। तब मनमें अनुमान करने लगा कि प्रभुने सब सुखोंके देनेकी बात कही, यह तो सत्य है; पर अपनी भक्ति देनेकी बात नहीं कही॥२॥

**चौ०** 
> भगति हीन गुन सब सुख ऐसे। लवन बिना बहु बिंजन जैसे॥  
> भजन हीन सुख कवने काजा। अस बिचारि बोलेउँ खगराजा॥३॥

भावार्थ: भक्तिसे रहित सब गुण और सब सुख वैसे ही (फीके) हैं जैसे नमकके बिना बहुत प्रकारके भोजनके पदार्थ। भजनसे रहित सुख किस कामके? हे पक्षिराज! ऐसा विचारकर मैं बोला— ॥३॥

**चौ०** 
> जौं प्रभु होइ प्रसन्न बर देहू। मो पर करहु कृपा अरु नेहू॥  
> मन भावत बर मागउँ स्वामी। तुम्ह उदार उर अंतरजामी॥४॥

भावार्थ: हे प्रभो! यदि आप प्रसन्न होकर मुझे वर देते हैं और मुझपर कृपा और स्नेह करते हैं, तो हे स्वामी! मैं अपना मन-भाया वर माँगता हूँ। आप उदार हैं और हृदयके भीतरकी जाननेवाले हैं॥४॥

**दो०** 
> अबिरल भगति बिसुद्ध तव श्रुति पुरान जो गाव।  
> जेहि खोजत जोगीस मुनि प्रभु प्रसाद कोउ पाव॥८४ (क)॥

भावार्थ: आपकी जिस अविरल (प्रगाढ़) एवं विशुद्ध (अनन्य, निष्काम) भक्तिको श्रुति और पुराण गाते हैं, जिसे योगीश्वर मुनि खोजते हैं और प्रभुकी कृपासे कोई विरला ही जिसे पाता है,॥८४ (क)॥

**दो०** 
> भगत कल्पतरु प्रनत हित कृपा सिंधु सुख धाम।  
> सोइ निज भगति मोहि प्रभु देहु दया करि राम॥८४ (ख)॥

भावार्थ: हे भक्तोंके [मन-इच्छित फल देनेवाले] कल्पवृक्ष! हे शरणागतके हितकारी! हे कृपासागर! हे सुखधाम श्रीरामजी! दया करके मुझे अपनी वही भक्ति दीजिये॥८४ (ख)॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-83b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-85b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
