---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 81b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-81b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 81b

**चौ०** 
> लोक लोक प्रति भिन्न बिधाता। भिन्न बिष्नु सिव मनु दिसित्राता॥  
> नर गंधर्ब भूत बेताला। किंनर निसिचर पसु खग ब्याला॥१॥

भावार्थ: प्रत्येक लोकमें भिन्न-भिन्न ब्रह्मा, भिन्न-भिन्न विष्णु, शिव, मनु, दिक्पाल, मनुष्य, गन्धर्व, भूत, वैताल, किन्नर, राक्षस, पशु, पक्षी, सर्प, ॥१॥

**चौ०** 
> देव दनुज गन नाना जाती। सकल जीव तहँ आनहि भाँती॥  
> महि सरि सागर सर गिरि नाना। सब प्रपंच तहँ आनइ आना॥२॥

भावार्थ: तथा नाना जातिके देवता एवं दैत्यगण थे। सभी जीव वहाँ दूसरे ही प्रकारके थे। अनेक पृथ्वी, नदी, समुद्र, तालाब, पर्वत तथा सब सृष्टि वहाँ दूसरी-ही-दूसरी प्रकारकी थी॥२॥

**चौ०** 
> अंडकोस प्रति प्रति निज रूपा। देखेउँ जिनस अनेक अनूपा॥  
> अवधपुरी प्रति भुवन निनारी। सरजू भिन्न भिन्न नर नारी॥३॥

भावार्थ: प्रत्येक ब्रह्माण्डमें मैंने अपना रूप देखा तथा अनेकों अनुपम वस्तुएँ देखीं। प्रत्येक भुवनमें न्यारी ही अवधपुरी, भिन्न ही सरयूजी और भिन्न प्रकारके ही नर-नारी थे॥३॥

**चौ०** 
> दसरथ कौसल्या सुनु ताता। बिबिध रूप भरतादिक भ्राता॥  
> प्रति ब्रह्मांड राम अवतारा। देखउँ बालबिनोद अपारा॥४॥

भावार्थ: हे तात! सुनिये, दशरथजी, कौसल्याजी और भरतजी आदि भाई भी भिन्न-भिन्न रूपोंके थे। मैं प्रत्येक ब्रह्माण्डमें रामावतार और उनकी अपार बाललीलाएँ देखता फिरता॥४॥

**दो०** 
> भिन्न भिन्न मैं दीख सबु अति बिचित्र हरिजान।  
> अगनित भुवन फिरेउँ प्रभु राम न देखेउँ आन॥८१(क)॥

भावार्थ: हे हरिवाहन! मैंने सभी कुछ भिन्न-भिन्न और अत्यन्त विचित्र देखा। मैं अनगिनत ब्रह्माण्डोंमें फिरा, पर प्रभु श्रीरामचन्द्रजीको मैंने दूसरी तरहका नहीं देखा॥८१ (क)॥

**दो०** 
> सोइ सिसुपन सोइ सोभा सोइ कृपाल रघुबीर।  
> भुवन भुवन देखत फिरउँ प्रेरित मोह समीर॥८१(ख)॥

भावार्थ: सर्वत्र वही शिशुपन, वही शोभा और वही कृपालु श्रीरघुवीर! इस प्रकार मोहरूपी पवनकी प्रेरणासे मैं भुवन-भुवनमें देखता फिरता था॥८१ (ख)॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-80b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-82b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
