---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 79b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-79b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 79b

**चौ०** 
> ऐसेहिं हरि बिनु भजन खगेसा। मिटइ न जीवन्ह केर कलेसा॥  
> हरि सेवकहि न ब्याप अबिद्या। प्रभु प्रेरित ब्यापइ तेहि बिद्या॥१॥

भावार्थ: हे पक्षिराज! इसी प्रकार श्रीहरिके भजन बिना जीवोंका क्लेश नहीं मिटता। श्रीहरिके सेवकको अविद्या नहीं व्यापती। प्रभुकी प्रेरणासे उसे विद्या व्यापती है॥१॥

**चौ०** 
> ताते नास न होइ दास कर। भेद भगति बाढ़इ बिहंगबर॥  
> भ्रम तें चकित राम मोहि देखा। बिहँसे सो सुनु चरित बिसेषा॥२॥

भावार्थ: हे पक्षिश्रेष्ठ! इसीसे दासका नाश नहीं होता और भेद-भक्ति बढ़ती है। श्रीरामजीने मुझे जब भ्रमसे चकित देखा, तब वे हँसे। वह विशेष चरित्र सुनिये॥२॥

**चौ०** 
> तेहि कौतुक कर मरमु न काहूँ। जाना अनुज न मातु पिताहूँ॥  
> जानु पानि धाए मोहि धरना। स्यामल गात अरुन कर चरना॥३॥

भावार्थ: उस खेलका मर्म किसीने नहीं जाना, न छोटे भाइयोंने और न माता-पिताने ही। वे श्याम शरीर और लाल-लाल हथेली और चरणतलवाले बालरूप श्रीरामजी घुटने और हाथोंके बल मुझे पकड़नेको दौड़े॥३॥

**चौ०** 
> तब मैं भागि चलेउँ उरगारी। राम गहन कहँ भुजा पसारी॥  
> जिमि जिमि दूरि उड़ाउँ अकासा। तहँ भुज हरि देखउँ निज पासा॥४॥

भावार्थ: हे सर्पोंके शत्रु गरुड़जी! तब मैं भाग चला। श्रीरामजीने मुझे पकड़नेके लिये भुजा फैलायी। मैं जैसे-जैसे आकाशमें दूर उड़ता, वैसे-वैसे ही वहाँ श्रीहरिकी भुजाको अपने पास देखता था॥४॥

**दो०** 
> ब्रह्मलोक लगि गयउँ मैं चितयउँ पाछ उड़ात।  
> जुग अंगुल कर बीच सब राम भुजहि मोहि तात॥ ७९ ( क )॥

भावार्थ: मैं ब्रह्मलोकतक गया और जब उड़ते हुए मैंने पीछेकी ओर देखा, तो हे तात! श्रीरामजीकी भुजामें और मुझमें केवल दो ही अंगुलका बीच था॥७९ ( क )॥

**दो०** 
> सप्ताबरन भेद करि जहाँ लगें गति मोरि।  
> गयउँ तहाँ प्रभु भुज निरखि ब्याकुल भयउँ बहोरि॥७९ (ख)॥

भावार्थ: सातों आवरणोंको भेदकर जहाँतक मेरी गति थी, वहाँतक मैं गया। पर वहाँ भी प्रभुकी भुजाको [ अपने पीछे ] देखकर मैं व्याकुल हो गया॥७९ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-78b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-80b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
