---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 78b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-78b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 78b

**चौ०** 
> एतना मन आनत खगराया। रघुपति प्रेरित ब्यापी माया॥  
> सो माया न दुखद मोहि काहीं। आन जीव इव संसृत नाहीं॥१॥

भावार्थ: हे पक्षिराज! मनमें इतनी [ शङ्का ] लाते ही श्रीरघुनाथजीके द्वारा प्रेरित माया मुझपर छा गयी। परन्तु वह माया न तो मुझे दुःख देनेवाली हुई और न दूसरे जीवोंकी भाँति संसारमें डालनेवाली हुई॥१॥

**चौ०** 
> नाथ इहाँ कछु कारन आना। सुनहु सो सावधान हरिजाना॥  
> ग्यान अखंड एक सीताबर। माया बस्य जीव सचराचर॥२॥

भावार्थ: हे नाथ! यहाँ कुछ दूसरा ही कारण है। हे भगवान्‌के वाहन गरुड़जी! उसे सावधान होकर सुनिये। एक सीतापति श्रीरामजी ही अखण्ड ज्ञानस्वरूप हैं और जड-चेतन सभी जीव मायाके वश हैं॥२॥

**चौ०** 
> जौं सब कें रह ग्यान एकरस। ईस्वर जीवहि भेद कहहु कस॥  
> माया बस्य जीव अभिमानी। ईस बस्य माया गुनखानी॥३॥

भावार्थ: यदि जीवोंको एकरस ( अखण्ड ) ज्ञान रहे, तो कहिये, फिर ईश्वर और जीवमें भेद ही कैसा? अभिमानी जीव मायाके वश है और वह [ सत्त्व, रज, तम—इन ] तीनों गुणोंकी खान माया ईश्वरके वशमें है॥३॥

**चौ०** 
> परबस जीव स्वबस भगवंता। जीव अनेक एक श्रीकंता॥  
> मुधा भेद जद्यपि कृत माया। बिनु हरि जाइ न कोटि उपाया॥४॥

भावार्थ: जीव परतन्त्र है, भगवान्‌ स्वतन्त्र हैं; जीव अनेक हैं, श्रीपति भगवान्‌ एक हैं। यद्यपि मायाका किया हुआ यह भेद असत्‌ है तथापि वह भगवान्‌के भजन बिना करोड़ों उपाय करनेपर भी नहीं जा सकता॥४॥

**दो०** 
> रामचंद्र के भजन बिनु जो चह पद निर्बान।  
> ग्यानवंत अपि सो नर पसु बिनु पूँछ बिषान॥७८ (क)॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजीके भजन बिना जो मोक्षपद चाहता है, वह मनुष्य ज्ञानवान्‌ होनेपर भी बिना पूँछ और सींगका पशु है॥७८ ( क )॥

**दो०** 
> राकापति षोड़स उअहिं तारागन समुदाइ।  
> सकल गिरिन्ह दव लाइअ बिनु रबि राति न जाइ॥७८ (ख)॥

भावार्थ: सभी तारागणोंके साथ सोलह कलाओंसे पूर्ण चन्द्रमा उदय हो और जितने पर्वत हैं उन सबमें दावाग्नि लगा दी जाय, तो भी सूर्यके उदय हुए बिना रात्रि नहीं जा सकती॥७८ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-77b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-79b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
