---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 74b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-74b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 74b

**चौ०** 
> सुनु खगेस रघुपति प्रभुताई। कहउँ जथामति कथा सुहाई॥  
> जेहि बिधि मोह भयउ प्रभु मोही। सोउ सब कथा सुनावउँ तोही॥१॥

भावार्थ: हे पक्षिराज गरुड़जी! श्रीरघुनाथजीकी प्रभुता सुनिये। मैं अपनी बुद्धिके अनुसार वह सुहावनी कथा कहता हूँ। हे प्रभो! मुझे जिस प्रकार मोह हुआ, वह सब कथा भी आपको सुनाता हूँ॥ १ ॥

**चौ०** 
> राम कृपा भाजन तुम्ह ताता। हरि गुन प्रीति मोहि सुखदाता॥  
> ताते नहिं कछु तुम्हहिं दुरावउँ। परम रहस्य मनोहर गावउँ॥२॥

भावार्थ: हे तात! आप श्रीरामजीके कृपापात्र हैं। श्रीहरिके गुणोंमें आपकी प्रीति है, इसीलिये आप मुझे सुख देनेवाले हैं। इसीसे मैं आपसे कुछ भी नहीं छिपाता और अत्यन्त रहस्यकी बातें आपको गाकर सुनाता हूँ॥ २ ॥

**चौ०** 
> सुनहु राम कर सहज सुभाऊ। जन अभिमान न राखहिं काऊ॥  
> संसृत मूल सूलप्रद नाना। सकल सोक दायक अभिमाना॥३॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजीका सहज स्वभाव सुनिये। वे भक्तमें अभिमान कभी नहीं रहने देते। क्योंकि अभिमान जन्म-मरणरूप संसारका मूल है और अनेक प्रकारके क्लेशों तथा समस्त शोकोंका देनेवाला है॥ ३ ॥

**चौ०** 
> ताते करहिं कृपानिधि दूरी। सेवक पर ममता अति भूरी॥  
> जिमि सिसु तन ब्रन होइ गोसाईं। मातु चिराव कठिन की नाईं॥४॥

भावार्थ: इसीलिये कृपानिधि उसे दूर कर देते हैं; क्योंकि सेवकपर उनकी बहुत ही अधिक ममता है। हे गोसाईं! जैसे बच्चेके शरीरमें फोड़ा हो जाता है, तो माता उसे कठोर हृदयकी भाँति चिरा डालती है॥ ४॥

**दो०** 
> जदपि प्रथम दुख पावइ रोवइ बाल अधीर।  
> ब्याधि नास हित जननी गनति न सो सिसु पीर॥७४ (क)॥

भावार्थ: यद्यपि बच्चा पहले ( फोड़ा चिराते समय ) दुःख पाता है और अधीर होकर रोता है, तो भी रोगके नाशके लिये माता बच्चेकी उस पीड़ाको कुछ भी नहीं गिनती ( उसकी परवा नहीं करती और फोड़ेको चिरवा ही डालती है )॥ ७४ ( क )॥

**दो०** 
> तिमि रघुपति निज दास कर हरहिं मान हित लागि।  
> तुलसिदास ऐसे प्रभुहि कस न भजहु भ्रम त्यागि॥७४ (ख)॥

भावार्थ: उसी प्रकार श्रीरघुनाथजी अपने दासका अभिमान उसके हितके लिये हर लेते हैं। तुलसीदासजी कहते हैं कि ऐसे प्रभुको भ्रम त्यागकर क्यों नहीं भजते॥ ७४ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-73b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-75b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
