---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 72b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-72b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 72b

**चौ०** 
> जो माया सब जगहि नचावा। जासु चरित लखि काहुँ न पावा॥  
> सोइ प्रभु भ्रू बिलास खगराजा। नाच नटी इव सहित समाजा॥१॥

भावार्थ: जो माया सारे जगत्‌को नचाती है और जिसका चरित्र ( करनी ) किसीने नहीं लख पाया, हे खगराज गरुड़जी! वही माया प्रभु श्रीरामचन्द्रजीकी भ्रुकुटीके इशारेपर अपने समाज ( परिवार ) सहित नटीकी तरह नाचती है॥ १ ॥

**चौ०** 
> सोइ सच्चिदानंद घन रामा। अज बिग्यान रूप बल धामा॥  
> ब्यापक ब्याप्य अखंड अनंता। अखिल अमोघसक्ति भगवंता॥२॥

भावार्थ: श्रीरामजी वही सच्चिदानन्दघन हैं जो अजन्मा, विज्ञानस्वरूप, रूप और बलके धाम, सर्वव्यापक एवं व्याप्य ( सर्वरूप ), अखण्ड, अनन्त, सम्पूर्ण, अमोघशक्ति ( जिसकी शक्ति कभी व्यर्थ नहीं होती ) और छः ऐश्वर्योंसे युक्त भगवान्‌ हैं॥ २ ॥

**चौ०** 
> अगुन अदभ्र गिरा गोतीता। सबदरसी अनवद्य अजीता॥  
> निर्मम निराकार निरमोहा। नित्य निरंजन सुख संदोहा॥३॥

भावार्थ: वे निर्गुण ( मायाके गुणोंसे रहित ), महान्‌, वाणी और इन्द्रियोंसे परे, सब कुछ देखनेवाले, निर्दोष, अजेय, ममतारहित, निराकार ( मायिक आकारसे रहित ), मोहरहित, नित्य, मायारहित, सुखकी राशि, ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> प्रकृति पार प्रभु सब उर बासी। ब्रह्म निरीह बिरज अबिनासी॥  
> इहाँ मोह कर कारन नाहीं। रबि सन्मुख तम कबहुँ कि जाहीं॥४॥

भावार्थ: प्रकृतिसे परे, प्रभु ( सर्वसमर्थ ), सदा सबके हृदयमें बसनेवाले, इच्छारहित, विकाररहित, अविनाशी ब्रह्म हैं। यहाँ ( श्रीराममें ) मोहका कारण ही नहीं है। क्या अन्धकारका समूह कभी सूर्यके सामने जा सकता है?॥ ४ ॥

**दो०** 
> भगत हेतु भगवान प्रभु राम धरेउ तनु भूप।  
> किए चरित पावन परम प्राकृत नर अनुरूप॥७२ (क)॥

भावार्थ: भगवान्‌ प्रभु श्रीरामचन्द्रजीने भक्तोंके लिये राजाका शरीर धारण किया और साधारण मनुष्योंके-से अनेकों परम पावन चरित्र किये॥ ७२ ( क )॥

**दो०** 
> जथा अनेक बेष धरि नृत्य करइ नट कोइ।  
> सोइ सोइ भाव देखावइ आपुन होइ न सोइ॥७२ (ख)॥

भावार्थ: जैसे कोई नट ( खेल करनेवाला ) अनेक वेष धारण करके नृत्य करता है, और वही-वही ( जैसा वेष होता है, उसीके अनुकूल ) भाव दिखलाता है, पर स्वयं वह उनमेंसे कोई हो नहीं जाता, ॥ ७२ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-71b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-73b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
