---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 70b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-70b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 70b

**चौ०** 
> बोलेउ काकभसुंड बहोरी। नभग नाथ पर प्रीति न थोरी॥  
> सब बिधि नाथ पूज्य तुम्ह मेरे। कृपापात्र रघुनायक केरे॥१॥

भावार्थ: काकभुशुण्डिजीने फिर कहा—पक्षिराजपर उनका प्रेम कम न था ( अर्थात्‌ बहुत था )—हे नाथ! आप सब प्रकारसे मेरे पूज्य हैं और श्रीरघुनाथजीके कृपापात्र हैं॥ १ ॥

**चौ०** 
> तुम्हहि न संसय मोह न माया। मो पर नाथ कीन्हि तुम्ह दाया॥  
> पठइ मोह मिस खगपति तोही। रघुपति दीन्हि बड़ाई मोही॥२॥

भावार्थ: आपको न सन्देह है और न मोह अथवा माया ही है। हे नाथ! आपने तो मुझपर दया की है। हे पक्षिराज! मोहके बहाने श्रीरघुनाथजीने आपको यहाँ भेजकर मुझे बड़ाई दी है॥ २ ॥

**चौ०** 
> तुम्ह निज मोह कही खगसाईं। सो नहिं कछु आचरज गोसाईं॥  
> नारद भव बिरंचि सनकादी। जे मुनिनायक आतमबादी॥३॥

भावार्थ: हे पक्षियोंके स्वामी! आपने अपना मोह कहा, सो हे गोसाईं! यह कुछ आश्चर्य नहीं है। नारदजी, शिवजी, ब्रह्माजी और सनकादि जो आत्मतत्त्वके मर्मज्ञ और उसका उपदेश करनेवाले श्रेष्ठ मुनि हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> मोह न अंध कीन्ह केहि केही। को जग काम नचाव न जेही॥  
> तृस्नाँ केहि न कीन्ह बौराहा। केहि कर हृदय क्रोध नहिं दाहा॥४॥

भावार्थ: उनमेंसे भी किस-किसको मोहने अंधा ( विवेकशून्य ) नहीं किया? जगत्‌में ऐसा कौन है जिसे कामने न नचाया हो? तृष्णाने किसको मतवाला नहीं बनाया? क्रोधने किसका हृदय नहीं जलाया?॥ ४ ॥

**दो०** 
> ग्यानी तापस सूर कबि कोबिद गुन आगार।  
> केहि कै लोभ बिडंबना कीन्हि न एहिं संसार॥७० (क)॥

भावार्थ: इस संसारमें ऐसा कौन ज्ञानी, तपस्वी, शूरवीर, कवि, विद्वान्‌ और गुणोंका धाम है, जिसकी लोभने विडम्बना ( मिट्टी पलीद ) न की हो॥ ७० ( क )॥

**दो०** 
> श्रीमद बक्र न कीन्ह केहि प्रभुता बधिर न काहि।  
> मृगलोचनि के नैन सर को अस लाग न जाहि॥७० (ख)॥

भावार्थ: लक्ष्मीके मदने किसको टेढ़ा और प्रभुताने किसको बहरा नहीं कर दिया? ऐसा कौन है, जिसे मृगनयनी ( युवती स्त्री ) के नेत्र-बाण न लगे हों?॥ ७० ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-69b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-71b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
