---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 68b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-68b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 68b

**चौ०** 
> निसिचर निकर मरन बिधि नाना। रघुपति रावन समर बखाना॥  
> रावन बध मंदोदरि सोका। राज बिभीषन देव असोका॥१॥

भावार्थ: नाना प्रकारके राक्षससमूहोंके मरण तथा श्रीरघुनाथजी और रावणके अनेक प्रकारके युद्धका वर्णन किया। रावणवध, मन्दोदरीका शोक, विभीषणका राज्याभिषेक और देवताओंका शोकरहित होना कहकर, ॥ १ ॥

**चौ०** 
> सीता रघुपति मिलन बहोरी। सुरन्ह कीन्हि अस्तुति कर जोरी॥  
> पुनि पुष्पक चढ़ि कपिन्ह समेता। अवध चले प्रभु कृपा निकेता॥२॥

भावार्थ: फिर सीताजी और श्रीरघुनाथजीका मिलाप कहा। जिस प्रकार देवताओंने हाथ जोड़कर स्तुति की और फिर जैसे वानरोंसमेत पुष्पकविमानपर चढ़कर कृपाधाम प्रभु अवधपुरीको चले, वह कहा॥ २ ॥

**चौ०** 
> जेहि बिधि राम नगर निज आए। बायस बिसद चरित सब गाए॥  
> कहेसि बहोरि राम अभिषेका। पुर बरनत नृपनीति अनेका॥३॥

भावार्थ: जिस प्रकार श्रीरामचन्द्रजी अपने नगर ( अयोध्या ) में आये, वे सब उज्ज्वल चरित्र काकभुशुण्डिजीने विस्तारपूर्वक वर्णन किये। फिर उन्होंने श्रीरामजीका राज्याभिषेक कहा। [ शिवजी कहते हैं— ] अयोध्यापुरीका और अनेक प्रकारकी राजनीतिका वर्णन करते हुए— ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> कथा समस्त भुसुंड बखानी। जो मैं तुम्ह सन कही भवानी॥  
> सुनि सब राम कथा खगनाहा। कहत बचन मन परम उछाहा॥४॥

भावार्थ: भुशुण्डिजीने वह सब कथा कही जो हे भवानी! मैंने तुमसे कही। सारी रामकथा सुनकर पक्षिराज गरुड़जी मनमें बहुत उत्साहित ( आनन्दित ) होकर वचन कहने लगे— ॥ ४ ॥

**सो०** 
> गयउ मोर संदेह सुनेउँ सकल रघुपति चरित।  
> भयउ राम पद नेह तव प्रसाद बायस तिलक॥६८ (क)॥

भावार्थ: श्रीरघुनाथजीके सब चरित्र मैंने सुने, जिससे मेरा सन्देह जाता रहा। हे काकशिरोमणि! आपके अनुग्रहसे श्रीरामजीके चरणोंमें मेरा प्रेम हो गया॥ ६८ ( क )॥

**सो०** 
> मोहि भयउ अति मोह प्रभु बंधन रन महुँ निरखि।  
> चिदानंद संदोह राम बिकल कारन कवन॥६८ (ख)॥

भावार्थ: युद्धमें प्रभुका नागपाशसे बन्धन देखकर मुझे अत्यन्त मोह हो गया था कि श्रीरामजी तो सच्चिदानन्दघन हैं, वे किस कारण व्याकुल हैं॥ ६८ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-67b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-69b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
