---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 55"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-55"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 55

**चौ०** 
> यह प्रभु चरित पवित्र सुहावा। कहहु कृपाल काग कहँ पावा॥  
> तुम्ह केहि भाँति सुना मदनारी। कहहु मोहि अति कौतुक भारी॥१॥

भावार्थ: हे कृपालु! बताइये, उस कौएने प्रभुका यह पवित्र और सुन्दर चरित्र कहाँ पाया? और हे कामदेवके शत्रु! यह भी बताइये, आपने इसे किस प्रकार सुना? मुझे बड़ा भारी कौतूहल हो रहा है॥१॥

**चौ०** 
> गरुड़ महाग्यानी गुन रासी। हरि सेवक अति निकट निवासी॥  
> तेहिं केहि हेतु काग सन जाई। सुनी कथा मुनि निकर बिहाई॥२॥

भावार्थ: गरुड़जी तो महान्‌ ज्ञानी, सद्‌गुणोंकी राशि, श्रीहरिके सेवक और उनके अत्यन्त निकट रहनेवाले (उनके वाहन ही) हैं। उन्होंने मुनियोंके समूहको छोड़कर, कौएसे जाकर हरिकथा किस कारण सुनी?॥२॥

**चौ०** 
> कहहु कवन बिधि भा संबादा। दोउ हरिभगत काग उरगादा॥  
> गौरि गिरा सुनि सरल सुहाई। बोले सिव सादर सुख पाई॥३॥

भावार्थ: कहिये, काकभुशुण्डि और गरुड़ इन दोनों हरिभक्तोंकी बातचीत किस प्रकार हुई? पार्वतीजीकी सरल, सुन्दर वाणी सुनकर शिवजी सुख पाकर आदरके साथ बोले—॥३॥

**चौ०** 
> धन्य सती पावन मति तोरी। रघुपति चरन प्रीति नहिं थोरी॥  
> सुनहु परम पुनीत इतिहासा। जो सुनि सकल लोक भ्रम नासा॥४॥

भावार्थ: हे सती! तुम धन्य हो; तुम्हारी बुद्धि अत्यन्त पवित्र है। श्रीरघुनाथजीके चरणोंमें तुम्हारा कम प्रेम नहीं है (अत्यधिक प्रेम है)। अब वह परम पवित्र इतिहास सुनो, जिसे सुननेसे सारे लोकके भ्रमका नाश हो जाता है॥४॥

**चौ०** 
> उपजइ राम चरन बिस्वासा। भव निधि तर नर बिनहिं प्रयासा॥५॥

भावार्थ: तथा श्रीरामजीके चरणोंमें विश्वास उत्पन्न होता है और मनुष्य बिना ही परिश्रम संसाररूपी समुद्रसे तर जाता है॥५॥

**दो०** 
> ऐसिअ प्रस्न बिहंगपति कीन्हि काग सन जाइ।  
> सो सब सादर कहिहउँ सुनहु उमा मन लाइ॥५५॥

भावार्थ: पक्षिराज गरुड़जीने भी जाकर काकभुशुण्डिजीसे प्रायः ऐसे ही प्रश्न किये थे। हे उमा! मैं वह सब आदरसहित कहूँगा, तुम मन लगाकर सुनो॥५५॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-54  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-56

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
