---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 52b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-52b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 52b

**चौ०** 
> गिरिजा सुनहु बिसद यह कथा। मैं सब कही मोरि मति जथा॥  
> राम चरित सत कोटि अपारा। श्रुति सारदा न बरनै पारा॥१॥

भावार्थ: [शिवजी कहते हैं—] हे गिरिजे! सुनो, मैंने यह उज्ज्वल कथा, जैसी मेरी बुद्धि थी, वैसी पूरी कह डाली। श्रीरामजीके चरित्र सौ करोड़ [अथवा] अपार हैं। श्रुति और शारदा भी उनका वर्णन नहीं कर सकते॥१॥

**चौ०** 
> राम अनंत अनंत गुनानी। जन्म कर्म अनंत नामानी॥  
> जल सीकर महि रज गनि जाहीं। रघुपति चरित न बरनि सिराहीं॥२॥

भावार्थ: भगवान्‌ श्रीराम अनन्त हैं; उनके गुण अनन्त हैं; जन्म, कर्म और नाम भी अनन्त हैं। जलकी बूँदें और पृथ्वीके रज-कण चाहे गिने जा सकते हों, पर श्रीरघुनाथजीके चरित्र वर्णन करनेसे नहीं चुकते॥२॥

**चौ०** 
> बिमल कथा हरि पद दायनी। भगति होइ सुनि अनपायनी॥  
> उमा कहिउँ सब कथा सुहाई। जो भुसुंडि खगपतिहि सुनाई॥३॥

भावार्थ: यह पवित्र कथा भगवान्‌के परमपदको देनेवाली है। इसके सुननेसे अविचल भक्ति प्राप्त होती है। हे उमा! मैंने वह सब सुन्दर कथा कही जो काकभुशुण्डिजीने गरुड़जीको सुनायी थी॥३॥

**चौ०** 
> कछुक राम गुन कहेउँ बखानी। अब का कहौं सो कहहु भवानी॥  
> सुनि सुभ कथा उमा हरषानी। बोली अति बिनीत मृदु बानी॥४॥

भावार्थ: मैंने श्रीरामजीके कुछ थोड़े-से गुण बखानकर कहे हैं। हे भवानी! सो कहो, अब और क्या कहूँ? श्रीरामजीकी मङ्गलमयी कथा सुनकर पार्वतीजी हर्षित हुईं और अत्यन्त विनम्र तथा कोमल वाणी बोलीं—॥४॥

**चौ०** 
> धन्य धन्य मैं धन्य पुरारी। सुनेउँ राम गुन भव भय हारी॥५॥

भावार्थ: हे त्रिपुरारि! मैं धन्य हूँ, धन्य-धन्य हूँ जो मैंने जन्म-मृत्युके भयको हरण करनेवाले श्रीरामजीके गुण (चरित्र) सुने॥५॥

**दो०** 
> तुम्हरी कृपाँ कृपायतन अब कृतकृत्य न मोह।  
> जानेउँ राम प्रताप प्रभु चिदानंद संदोह॥५२(क)॥

भावार्थ: हे कृपाधाम! अब आपकी कृपासे मैं कृतकृत्य हो गयी। अब मुझे मोह नहीं रह गया। हे प्रभु! मैं सच्चिदानन्दघन प्रभु श्रीरामजीके प्रतापको जान गयी॥५२ (क)॥

**दो०** 
> नाथ तवानन ससि स्रवत कथा सुधा रघुबीर।  
> श्रवन पुटन्हि मन पान करि नहिं अघात मतिधीर॥५२(ख)॥

भावार्थ: हे नाथ! आपका मुखरूपी चन्द्रमा श्रीरघुवीरकी कथारूपी अमृत बरसाता है। हे मतिधीर! मेरा मन कर्णपुटोंसे उसे पीकर तृप्त नहीं होता॥५२ (ख)॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-51  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-53

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
