---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 44"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-44"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 44

**चौ०** 
> एहि तन कर फल बिषय न भाई। स्वर्गउ स्वल्प अंत दुखदाई॥  
> नर तनु पाइ बिषयँ मन देहीं। पलटि सुधा ते सठ बिष लेहीं॥१॥

भावार्थ: हे भाई! इस शरीरके प्राप्त होनेका फल विषयभोग नहीं है। [ इस जगत्‌के भोगोंकी तो बात ही क्या ] स्वर्गका भोग भी बहुत थोड़ा है और अन्तमें दुःख देनेवाला है। अतः जो लोग मनुष्यशरीर पाकर विषयोंमें मन लगा देते हैं, वे मूर्ख अमृतको बदलकर विष ले लेते हैं॥ १ ॥

**चौ०** 
> ताहि कबहुँ भल कहइ न कोई। गुंजा ग्रहइ परस मनि खोई॥  
> आकर चारि लच्छ चौरासी। जोनि भ्रमत यह जिव अबिनासी॥२॥

भावार्थ: जो पारसमणिको खोकर बदलेमें घुँघची ले लेता है, उसको कभी कोई भला ( बुद्धिमान् ) नहीं कहता। यह अविनाशी जीव [ अण्डज, स्वेदज, जरायुज और उद्भिज्ज ] चार खानों और चौरासी लाख योनियोंमें चक्कर लगाता रहता है॥ २ ॥

**चौ०** 
> फिरत सदा माया कर प्रेरा। काल कर्म सुभाव गुन घेरा॥  
> कबहुँक करि करुना नर देही। देत ईस बिनु हेतु सनेही॥३॥

भावार्थ: मायाकी प्रेरणासे काल, कर्म, स्वभाव और गुणसे घिरा हुआ ( इनके वशमें हुआ ) यह सदा भटकता रहता है। बिना ही कारण स्नेह करनेवाले ईश्वर कभी विरले ही दया करके इसे मनुष्यका शरीर देते हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> नर तनु भव बारिधि कहुँ बेरो। सन्मुख मरुत अनुग्रह मेरो॥  
> करनधार सदगुर दृढ़ नावा। दुर्लभ साज सुलभ करि पावा॥४॥

भावार्थ: यह मनुष्यका शरीर भवसागर [ से तारने ] के लिये बेड़ा ( जहाज ) है। मेरी कृपा ही अनुकूल वायु है। सद्‌गुरु इस मजबूत जहाजके कर्णधार ( खेनेवाले ) हैं। इस प्रकार दुर्लभ ( कठिनतासे मिलनेवाले ) साधन सुलभ होकर ( भगवत्कृपासे सहज ही ) उसे प्राप्त हो गये हैं,॥ ४ ॥

**दो०** 
> जो न तरै भव सागर नर समाज अस पाइ।  
> सो कृत निंदक मंदमति आत्माहन गति जाइ॥४४॥

भावार्थ: जो मनुष्य ऐसे साधन पाकर भी भवसागरसे न तरे, वह कृतघ्न और मन्द-बुद्धि है और आत्महत्या करनेवालेकी गतिको प्राप्त होता है॥ ४४ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-43  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-45

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
