---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 43"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-43"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 43

**चौ०** 
> एक बार रघुनाथ बोलाए। गुर द्विज पुरबासी सब आए॥  
> बैठे गुर मुनि अरु द्विज सज्जन। बोले बचन भगत भव भंजन॥१॥

भावार्थ: एक बार श्रीरघुनाथजीके बुलाये हुए गुरु वसिष्ठजी, ब्राह्मण और अन्य सब नगरनिवासी सभामें आये। जब गुरु, मुनि, ब्राह्मण तथा अन्य सब सज्जन यथायोग्य बैठ गये, तब भक्तोंके जन्म-मरणको मिटानेवाले श्रीरामजी वचन बोले— ॥ १ ॥

**चौ०** 
> सुनहु सकल पुरजन मम बानी। कहउँ न कछु ममता उर आनी॥  
> नहिं अनीति नहिं कछु प्रभुताई। सुनहु करहु जो तुम्हहि सोहाई॥२॥

भावार्थ: हे समस्त नगरनिवासियो! मेरी बात सुनिये। यह बात मैं हृदयमें कुछ ममता लाकर नहीं कहता हूँ। न अनीतिकी बात कहता हूँ और न इसमें कुछ प्रभुता ही है। इसलिये [ संकोच और भय छोड़कर, ध्यान देकर ] मेरी बातोंको सुन लो और [ फिर ] यदि तुम्हें अच्छी लगे, तो उसके अनुसार करो!॥ २ ॥

**चौ०** 
> सोइ सेवक प्रियतम मम सोई। मम अनुसासन मानै जोई॥  
> जौं अनीति कछु भाषौं भाई। तौ मोहि बरजहु भय बिसराई॥३॥

भावार्थ: वही मेरा सेवक है और वही प्रियतम है, जो मेरी आज्ञा माने। हे भाई! यदि मैं कुछ अनीतिकी बात कहूँ तो भय भुलाकर ( बेखटके ) मुझे रोक देना॥ ३ ॥

**चौ०** 
> बड़ें भाग मानुष तनु पावा। सुर दुर्लभ सब ग्रंथन्हि गावा॥  
> साधन धाम मोच्छ कर द्वारा। पाइ न जेहिं परलोक सँवारा॥४॥

भावार्थ: बड़े भाग्यसे यह मनुष्यशरीर मिला है। सब ग्रन्थोंने यही कहा है कि यह शरीर देवताओंको भी दुर्लभ है ( कठिनतासे मिलता है )। यह साधनका धाम और मोक्षका दरवाजा है। इसे पाकर भी जिसने परलोक न बना लिया,॥ ४॥

**दो०** 
> सो परत्र दुख पावइ सिर धुनि धुनि पछिताइ।  
> कालहि कर्महि ईस्वरहि मिथ्या दोष लगाइ॥४३॥

भावार्थ: वह परलोकमें दुःख पाता है, सिर पीट-पीटकर पछताता है तथा [ अपना दोष न समझकर ] कालपर, कर्मपर और ईश्वरपर मिथ्या दोष लगाता है॥ ४३ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-42  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-44

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
