---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 41"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-41"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 41

**चौ०** 
> पर हित सरिस धर्म नहिं भाई। पर पीड़ा सम नहिं अधमाई॥  
> निर्नय सकल पुरान बेद कर। कहेउँ तात जानहिं कोबिद नर॥१॥

भावार्थ: हे भाई! दूसरोंकी भलाईके समान कोई धर्म नहीं है और दूसरोंको दुःख पहुँचानेके समान कोई नीचता ( पाप ) नहीं है। हे तात! समस्त पुराणों और वेदोंका यह निर्णय ( निश्चित सिद्धान्त ) मैंने तुमसे कहा है, इस बातको पण्डितलोग जानते हैं॥ १ ॥

**चौ०** 
> नर सरीर धरि जे पर पीरा। करहिं ते सहहिं महा भव भीरा॥  
> करहिं मोह बस नर अघ नाना। स्वारथ रत परलोक नसाना॥२॥

भावार्थ: मनुष्यका शरीर धारण करके जो लोग दूसरोंको दुःख पहुँचाते हैं, उनको जन्म-मृत्युके महान् संकट सहने पड़ते हैं। मनुष्य मोहवश स्वार्थपरायण होकर अनेकों पाप करते हैं, इसीसे उनका परलोक नष्ट हुआ रहता है॥ २ ॥

**चौ०** 
> कालरूप तिन्ह कहँ मैं भ्राता। सुभ अरु असुभ कर्म फल दाता॥  
> अस बिचारि जे परम सयाने। भजहिं मोहि संसृत दुख जाने॥३॥

भावार्थ: हे भाई! मैं उनके लिये कालरूप ( भयंकर ) हूँ और उनके अच्छे और बुरे कर्मोंका [ यथायोग्य ] फल देनेवाला हूँ! ऐसा विचारकर जो लोग परम चतुर हैं वे संसार [ के प्रवाह ] को दुःखरूप जानकर मुझे ही भजते हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> त्यागहिं कर्म सुभासुभ दायक। भजहिं मोहि सुर नर मुनि नायक॥  
> संत असंतन्ह के गुन भाषे। ते न परहिं भव जिन्ह लखि राखे॥४॥

भावार्थ: इसीसे वे शुभ और अशुभ फल देनेवाले कर्मोंको त्याग कर देवता, मनुष्य और मुनियोंके नायक मुझको भजते हैं। [ इस प्रकार ] मैंने संतों और असंतोंके गुण कहे। जिन लोगोंने इन गुणोंको समझ रखा है, वे जन्म-मरणके चक्करमें नहीं पड़ते॥ ४॥

**दो०** 
> सुनहु तात माया कृत गुन अरु दोष अनेक।  
> गुन यह उभय न देखिअहिं देखिअ सो अबिबेक॥४१॥

भावार्थ: हे तात! सुनो, मायासे रचे हुए ही अनेक ( सब ) गुण और दोष हैं ( इनकी कोई वास्तविक सत्ता नहीं है )। गुण ( विवेक ) इसीमें है कि दोनों ही न देखे जायँ, इन्हें देखना ही अविवेक है॥ ४१ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-40  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-42

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
