---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 35"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-35"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 35

**चौ०** 
> देहु भगति रघुपति अति पावनि। त्रिबिधि ताप भव दाप नसावनि॥  
> प्रनत काम सुरधेनु कलपतरु। होइ प्रसन्न दीजै प्रभु यह बरु॥१॥

भावार्थ: हे रघुनाथजी! आप हमें अपनी अत्यन्त पवित्र करनेवाली और तीनों प्रकारके तापों और जन्म-मरणके क्लेशोंका नाश करनेवाली भक्ति दीजिये। हे शरणागतोंकी कामना पूर्ण करनेके लिये कामधेनु और कल्पवृक्षरूप प्रभो! प्रसन्न होकर हमें यही वर दीजिये॥१॥

**चौ०** 
> भव बारिधि कुंभज रघुनायक। सेवत सुलभ सकल सुख दायक॥  
> मन संभव दारुन दुख दारय। दीनबंधु समता बिस्तारय॥२॥

भावार्थ: हे रघुनाथजी! आप जन्म-मृत्युरूप समुद्रको सोखनेके लिये अगस्त्य मुनिके समान हैं। आप सेवा करनेमें सुलभ हैं तथा सब सुखोंके देनेवाले हैं। हे दीनबन्धो! मनसे उत्पन्न दारुण दुःखोंका नाश कीजिये और [ हममें ] समदृष्टिका विस्तार कीजिये॥२॥

**चौ०** 
> आस त्रास इरिषादि निवारक। बिनय बिबेक बिरति बिस्तारक॥  
> भूप मौलि मनि मंडन धरनी। देहि भगति संसृति सरि तरनी॥३॥

भावार्थ: आप [ विषयोंकी ] आशा, भय और ईर्ष्या आदिके निवारण करनेवाले हैं तथा विनय, विवेक और वैराग्यके विस्तार करनेवाले हैं। हे राजाओंके शिरोमणि एवं पृथ्वीके भूषण श्रीरामजी! संसृति ( जन्म-मृत्युके प्रवाह )-रूपी नदीके लिये नौकारूप अपनी भक्ति प्रदान कीजिये॥३॥

**चौ०** 
> मुनि मन मानस हंस निरंतर। चरन कमल बंदित अज संकर॥  
> रघुकुल केतु सेतु श्रुति रच्छक। काल करम सुभाउ गुन भच्छक॥४॥

भावार्थ: हे मुनियोंके मनरूपी मानसरोवरमें निरन्तर निवास करनेवाले हंस! आपके चरणकमल ब्रह्माजी और शिवजीके द्वारा वन्दित हैं। आप रघुकुलके केतु, वेदमर्यादाके रक्षक और काल, कर्म, स्वभाव तथा गुण [ -रूप बन्धनों ] के भक्षक ( नाशक ) हैं॥४॥

**चौ०** 
> तारन तरन हरन सब दूषन। तुलसिदास प्रभु त्रिभुवन भूषन॥५॥

भावार्थ: आप तरन-तारन ( स्वयं तरे हुए और दूसरोंको तारनेवाले ) तथा सब दोषोंको हरनेवाले हैं। तीनों लोकोंके विभूषण आप ही तुलसीदासके स्वामी हैं॥५॥

**दो०** 
> बार बार अस्तुति करि प्रेम सहित सिरु नाइ।  
> ब्रह्म भवन सनकादि गे अति अभीष्ट बर पाइ॥३५॥

भावार्थ: प्रेमसहित बार-बार स्तुति करके और सिर नवाकर तथा अपना अत्यन्त मनचाहा वर पाकर सनकादि मुनि ब्रह्मलोकको गये॥३५॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-34  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-36

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
