---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 31"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-31"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 31

**चौ०** 
> जब ते राम प्रताप खगेसा। उदित भयउ अति प्रबल दिनेसा॥  
> पूरि प्रकास रहेउ तिहुँ लोका। बहुतेन्ह सुख बहुतन मन सोका॥१॥

भावार्थ: [ काकभुशुण्डिजी कहते हैं— ] हे पक्षिराज गरुड़जी! जबसे रामप्रतापरूपी अत्यन्त प्रचण्ड सूर्य उदित हुआ, तबसे तीनों लोकोंमें पूर्ण प्रकाश भर गया है। इससे बहुतोंको सुख और बहुतोंके मनमें शोक हुआ॥ १ ॥

**चौ०** 
> जिन्हहि सोक ते कहउँ बखानी। प्रथम अबिद्या निसा नसानी॥  
> अघ उलूक जहँ तहाँ लुकाने। काम क्रोध कैरव सकुचाने॥ २ ॥

भावार्थ: जिन-जिनको शोक हुआ, उन्हें मैं बखानकर कहता हूँ। [ सर्वत्र प्रकाश छा जानेसे ] पहले तो अविद्यारूपी रात्रि नष्ट हो गयी। पापरूपी उल्लू जहाँ-तहाँ छिप गये और काम-क्रोधरूपी कुमुद मुँद गये॥ २ ॥

**चौ०** 
> बिबिध कर्म गुन काल सुभाऊ। ए चकोर सुख लहहिं न काऊ॥  
> मत्सर मान मोह मद चोरा। इन्ह कर हुनर न कवनिहुँ ओरा॥३॥

भावार्थ: भाँति-भाँतिके [ बन्धनकारक ] कर्म, गुण, काल और स्वभाव—ये चकोर हैं, जो [ रामप्रतापरूपी सूर्यके प्रकाशमें ] कभी सुख नहीं पाते। मत्सर ( डाह ), मान, मोह और मदरूपी जो चोर हैं, उनका हुनर ( कला ) भी किसी ओर नहीं चल पाता॥ ३ ॥

**चौ०** 
> धरम तड़ाग ग्यान बिग्याना। ए पंकज बिकसे बिधि नाना॥  
> सुख संतोष बिराग बिबेका। बिगत सोक ए कोक अनेका॥४॥

भावार्थ: धर्मरूपी तालाबमें ज्ञान, विज्ञान—ये अनेकों प्रकारके कमल खिल उठे। सुख, संतोष, वैराग्य और विवेक—ये अनेकों चकवे शोकरहित हो गये॥ ४॥

**दो०** 
> यह प्रताप रबि जाकें उर जब करइ प्रकास।  
> पछिले बाढ़हिं प्रथम जे कहे ते पावहिं नास॥३१॥

भावार्थ: यह श्रीरामप्रतापरूपी सूर्य जिसके हृदयमें जब प्रकाश करता है, तब जिनका वर्णन पीछेसे किया गया है, वे ( धर्म, ज्ञान, विज्ञान, सुख, सन्तोष, वैराग्य और विवेक ) बढ़ जाते हैं और जिनका वर्णन पहले किया गया है, वे ( अविद्या, पाप, काम, क्रोध, कर्म, काल, गुण, स्वभाव आदि ) नाशको प्राप्त होते ( नष्ट हो जाते ) हैं॥ ३१ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-30  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-32

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
