---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 29"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-29"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 29

**चौ०** 
> दूरि फराक रुचिर सो घाटा। जहँ जल पिअहिं बाजि गज ठाटा॥  
> पनिघट परम मनोहर नाना। तहाँ न पुरुष करहिं अस्नाना॥१॥

भावार्थ: अलग कुछ दूरीपर वह सुन्दर घाट है, जहाँ घोड़ों और हाथियोंके ठट्ट-के-ठट्ट जल पिया करते हैं। पानी भरनेके लिये बहुत-से [ जनाने ] घाट हैं, जो बड़े ही मनोहर हैं। वहाँ पुरुष स्नान नहीं करते॥ १ ॥

**चौ०** 
> राजघाट सब बिधि सुंदर बर। मज्जहिं तहाँ बरन चारिउ नर॥  
> तीर तीर देवन्ह के मंदिर। चहुँ दिसि तिन्ह के उपबन सुंदर॥२॥

भावार्थ: राजघाट सब प्रकारसे सुन्दर और श्रेष्ठ है, जहाँ चारों वर्णोंके पुरुष स्नान करते हैं। सरयूजीके किनारे-किनारे देवताओंके मन्दिर हैं, जिनके चारों ओर सुन्दर उपवन ( बगीचे ) हैं॥ २ ॥

**चौ०** 
> कहुँ कहुँ सरिता तीर उदासी। बसहिं ग्यान रत मुनि संन्यासी॥  
> तीर तीर तुलसिका सुहाई। बृंद बृंद बहु मुनिन्ह लगाई॥३॥

भावार्थ: नदीके किनारे कहीं-कहीं विरक्त और ज्ञानपरायण मुनि और संन्यासी निवास करते हैं। सरयूजीके किनारे-किनारे सुन्दर तुलसीजीके झुंड-के-झुंड बहुत-से पेड़ मुनियोंने लगा रखे हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> पुर सोभा कछु बरनि न जाई। बाहेर नगर परम रुचिराई॥  
> देखत पुरी अखिल अघ भागा। बन उपबन बापिका तड़ागा॥४॥

भावार्थ: नगरकी शोभा तो कुछ कही नहीं जाती। नगरके बाहर भी परम सुन्दरता है। श्रीअयोध्यापुरीके दर्शन करते ही सम्पूर्ण पाप भाग जाते हैं। [ वहाँ ] वन, उपवन, बावलियाँ और तालाब सुशोभित हैं॥ ४ ॥

**छं०** 
> बापीं तड़ाग अनूप कूप मनोहरायत सोहहीं।  
> सोपान सुंदर नीर निर्मल देखि सुर मुनि मोहहीं॥  
> बहु रंग कंज अनेक खग कूजहिं मधुप गुंजारहीं।  
> आराम रम्य पिकादि खग रव जनु पथिक हंकारहीं॥

भावार्थ: अनुपम बावलियाँ, तालाब और मनोहर तथा विशाल कुएँ शोभा दे रहे हैं, जिनकी सुन्दर [ रत्नोंकी ] सीढ़ियाँ और निर्मल जल देखकर देवता और मुनितक मोहित हो जाते हैं। [ तालाबोंमें ] अनेक रंगोंके कमल खिल रहे हैं, अनेकों पक्षी कूज रहे हैं और भौंरे गुंजार कर रहे हैं। [ परम ] रमणीय बगीचे कोयल आदि पक्षियोंकी [ सुन्दर बोलीसे ] मानो राह चलनेवालोंको बुला रहे हैं।

**दो०** 
> रमानाथ जहँ राजा सो पुर बरनि कि जाइ।  
> अनिमादिक सुख संपदा रहीं अवध सब छाइ॥२९॥

भावार्थ: स्वयं लक्ष्मीपति भगवान्‌ जहाँ राजा हों, उस नगरका कहीं वर्णन किया जा सकता है? अणिमा आदि आठों सिद्धियाँ और समस्त सुख-सम्पत्तियाँ अयोध्यामें छा रही हैं॥ २९ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-28  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-30

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
