---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 126"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-126"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 126

**चौ०** 
> कहेउँ परम पुनीत इतिहासा। सुनत श्रवन छूटहिं भव पासा॥  
> प्रनत कल्पतरु करुना पुंजा। उपजइ प्रीति राम पद कंजा॥१॥

भावार्थ: मैंने यह परम पवित्र इतिहास कहा, जिसे कानोंसे सुनते ही भवपाश ( संसारके बन्धन ) छूट जाते हैं और शरणागतोंको [ उनके इच्छानुसार फल देनेवाले ] कल्पवृक्ष तथा दयाके समूह श्रीरामजीके चरणकमलोंमें प्रेम उत्पन्न होता है॥१॥

**चौ०** 
> मन क्रम बचन जनित अघ जाई। सुनहिं जे कथा श्रवन मन लाई॥  
> तीर्थाटन साधन समुदाई। जोग बिराग ग्यान निपुनाई॥२॥

भावार्थ: जो कान और मन लगाकर इस कथाको सुनते हैं, उनके मन, वचन और कर्म ( शरीर ) से उत्पन्न सब पाप नष्ट हो जाते हैं। तीर्थयात्रा आदि बहुत-से साधन, योग, वैराग्य और ज्ञानमें निपुणता,— ॥२॥

**चौ०** 
> नाना कर्म धर्म ब्रत दाना। संजम दम जप तप मख नाना॥  
> भूत दया द्विज गुर सेवकाई। बिद्या बिनय बिबेक बड़ाई॥३॥

भावार्थ: अनेकों प्रकारके कर्म, धर्म, व्रत और दान, अनेकों संयम, दम, जप, तप और यज्ञ, प्राणियोंपर दया, ब्राह्मण और गुरुकी सेवा; विद्या, विनय और विवेककी बड़ाई [ आदि ]— ॥३॥

**चौ०** 
> जहँ लगि साधन बेद बखानी। सब कर फल हरि भगति भवानी॥  
> सो रघुनाथ भगति श्रुति गाई। राम कृपाँ काहूँ एक पाई॥४॥

भावार्थ: जहाँतक वेदोंने साधन बतलाये हैं, हे भवानी! उन सबका फल श्रीहरिकी भक्ति ही है। किन्तु श्रुतियोंमें गायी हुई वह श्रीरघुनाथजीकी भक्ति श्रीरामजीकी कृपासे किसी एक ( विरले ) ने ही पायी है॥४॥

**दो०** 
> मुनि दुर्लभ हरि भगति नर पावहिं बिनहिं प्रयास।  
> जे यह कथा निरंतर सुनहिं मानि बिस्वास॥१२६॥

भावार्थ: किन्तु जो मनुष्य विश्वास मानकर यह कथा निरन्तर सुनते हैं, वे बिना ही परिश्रम उस मुनिदुर्लभ हरिभक्तिको प्राप्त कर लेते हैं॥१२६॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-125b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-127

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
