---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 118b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-118b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 118b

**चौ०** 
> सोहमस्मि इति बृत्ति अखंडा। दीप सिखा सोइ परम प्रचंडा॥  
> आतम अनुभव सुख सुप्रकासा। तब भव मूल भेद भ्रम नासा॥१॥

भावार्थ: ‘सोऽहमस्मि’ ( वह ब्रह्म मैं हूँ ) यह जो अखण्ड ( तैलधारावत्‌ कभी न टूटनेवाली ) वृत्ति है वही [ उस ज्ञानदीपककी ] परम प्रचण्ड दीपशिखा ( लौ ) है। [ इस प्रकार ] जब आत्मानुभवके सुखका सुन्दर प्रकाश फैलता है, तब संसारके मूल भेदरूपी भ्रमका नाश हो जाता है,॥१॥

**चौ०** 
> प्रबल अबिद्या कर परिवारा। मोह आदि तम मिटइ अपारा॥  
> तब सोइ बुद्धि पाइ उँजिआरा। उर गृहँ बैठि ग्रंथि निरुआरा॥२॥

भावार्थ: और महान्‌ बलवती अविद्याके परिवार मोह आदिका अपार अन्धकार मिट जाता है। तब वही ( विज्ञानरूपिणी ) बुद्धि [ आत्मानुभवरूप ] प्रकाशको पाकर हृदयरूपी घरमें बैठकर उस जड़-चेतनकी गाँठको खोलती है॥२॥

**चौ०** 
> छोरन ग्रंथि पाव जौं सोई। तब यह जीव कृतारथ होई॥  
> छोरत ग्रंथि जानि खगराया। बिघ्न अनेक करइ तब माया॥३॥

भावार्थ: यदि वह ( विज्ञानरूपिणी बुद्धि ) उस गाँठको खोलने पावे, तब यह जीव कृतार्थ हो। परन्तु हे पक्षिराज गरुड़जी! गाँठ खोलते हुए जानकर माया फिर अनेकों विघ्न करती है॥३॥

**चौ०** 
> रिद्धि सिद्धि प्रेरइ बहु भाई। बुद्धिहि लोभ दिखावहिं आई॥  
> कल बल छल करि जाहिं समीपा। अंचल बात बुझावहिं दीपा॥४॥

भावार्थ: हे भाई! वह बहुत-सी ऋद्धि-सिद्धियोंको भेजती है, जो आकर बुद्धिको लोभ दिखाती हैं। और वे ऋद्धि-सिद्धियाँ कल ( कला ), बल और छल करके समीप जाती और आँचलकी वायुसे उस ज्ञानरूपी दीपकको बुझा देती हैं॥४॥

**चौ०** 
> होइ बुद्धि जौं परम सयानी। तिन्ह तन चितव न अनहित जानी॥  
> जौं तेहि बिघ्न बुद्धि नहिं बाधी। तौ बहोरि सुर करहिं उपाधी॥५॥

भावार्थ: यदि बुद्धि बहुत ही सयानी हुई, तो वह उन ( ऋद्धि-सिद्धियों ) को अहितकर ( हानिकर ) समझकर उनकी ओर ताकती नहीं। इस प्रकार यदि मायाके विघ्नोंसे बुद्धिको बाधा न हुई, तो फिर देवता उपाधि ( विघ्न ) करते हैं॥५॥

**चौ०** 
> इंद्री द्वार झरोखा नाना। तहँ तहँ सुर बैठे करि थाना॥  
> आवत देखहिं बिषय बयारी। ते हठि देहिं कपाट उघारी॥६॥

भावार्थ: इन्द्रियोंके द्वार हृदयरूपी घरके अनेकों झरोखे हैं। वहाँ-वहाँ ( प्रत्येक झरोखेपर ) देवता थाना किये ( अड्डा जमाकर ) बैठे हैं। ज्यों ही वे विषयरूपी हवाको आते देखते हैं त्यों ही हठपूर्वक किवाड़ खोल देते हैं॥६॥

**चौ०** 
> जब सो प्रभंजन उर गृहँ जाई। तबहिं दीप बिग्यान बुझाई॥  
> ग्रंथि न छूटि मिटा सो प्रकासा। बुद्धि बिकल भइ बिषय बतासा॥७॥

भावार्थ: ज्यों ही वह तेज हवा हृदयरूपी घरमें जाती है, त्यों ही वह विज्ञानरूपी दीपक बुझ जाता है। गाँठ भी नहीं छूटी और वह ( आत्मानुभवरूप ) प्रकाश भी मिट गया। विषयरूपी हवासे बुद्धि व्याकुल हो गयी ( सारा किया-कराया चौपट हो गया )॥७॥

**चौ०** 
> इंद्रिन्ह सुरन्ह न ग्यान सोहाई। बिषय भोग पर प्रीति सदाई॥  
> बिषय समीर बुद्धि कृत भोरी। तेहि बिधि दीप को बार बहोरी॥८॥

भावार्थ: इन्द्रियों और उनके देवताओंको ज्ञान [ स्वाभाविक ही ] नहीं सुहाता; क्योंकि उनकी विषय-भोगोंमें सदा ही प्रीति रहती है और बुद्धिको भी विषयरूपी हवाने बावली बना दिया। तब फिर ( दुबारा ) उस ज्ञानदीपकको उसी प्रकारसे कौन जलावे?॥८॥

**दो०** 
> तब फिरि जीव बिबिधि बिधि पावइ संसृति क्लेस।  
> हरि माया अति दुस्तर तरि न जाइ बिहगेस॥११८(क)॥

भावार्थ: [ इस प्रकार ज्ञानदीपकके बुझ जानेपर ] तब फिर जीव अनेकों प्रकारसे संसृति ( जन्म-मरणादि ) के क्लेश पाता है। हे पक्षिराज! हरिकी माया अत्यन्त दुस्तर है, वह सहजहीमें तरी नहीं जा सकती॥११८(क)॥

**दो०** 
> कहत कठिन समुझत कठिन साधत कठिन बिबेक।  
> होइ घुनाच्छर न्याय जौं पुनि प्रत्यूह अनेक॥११८(ख)॥

भावार्थ: ज्ञान कहने ( समझाने ) में कठिन, समझनेमें कठिन और साधनेमें भी कठिन है। यदि घुणाक्षरन्यायसे ( संयोगवश ) कदाचित्‌ यह ज्ञान हो भी जाय, तो फिर [ उसे बचाये रखनेमें ] अनेकों विघ्न हैं॥११८(ख)॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-117d  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-119b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
