---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 117d"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-117d"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 117d

**चौ०** 
> सुनहु तात यह अकथ कहानी। समुझत बनइ न जाइ बखानी॥  
> ईस्वर अंस जीव अबिनासी। चेतन अमल सहज सुख रासी॥१॥

भावार्थ: हे तात! यह अकथनीय कहानी ( वार्ता ) सुनिये। यह समझते ही बनती है, कही नहीं जा सकती। जीव ईश्वरका अंश है। [ अतएव ] वह अविनाशी, चेतन, निर्मल और स्वभावसे ही सुखकी राशि है॥ १ ॥

**चौ०** 
> सो मायाबस भयउ गोसाईं। बँध्यो कीर मरकट की नाईं॥  
> जड़ चेतनहि ग्रंथि परि गई। जदपि मृषा छूटत कठिनई॥२॥

भावार्थ: हे गोसाईं! वह मायाके वशीभूत होकर तोते और वानरकी भाँति अपने-आप ही बँध गया। इस प्रकार जड़ और चेतनमें ग्रन्थि ( गाँठ ) पड़ गयी। यद्यपि वह ग्रन्थि मिथ्या ही है, तथापि उसके छूटनेमें कठिनता है॥ २ ॥

**चौ०** 
> तब ते जीव भयउ संसारी। छूट न ग्रंथि न होइ सुखारी॥  
> श्रुति पुरान बहु कहेउ उपाई। छूट न अधिक अधिक अरुझाई॥३॥

भावार्थ: तभीसे जीव संसारी ( जन्मने-मरनेवाला ) हो गया। अब न तो गाँठ छूटती है और न वह सुखी होता है। वेदों और पुराणोंने बहुत-से उपाय बतलाये हैं। पर वह ( ग्रन्थि ) छूटती नहीं वरं अधिकाधिक उलझती ही जाती है॥ ३ ॥

**चौ०** 
> जीव हृदयँ तम मोह बिसेषी। ग्रंथि छूट किमि परइ न देखी॥  
> अस संजोग ईस जब करई। तबहुँ कदाचित सो निरुअरई॥४॥

भावार्थ: जीवके हृदयमें अज्ञानरूपी अन्धकार विशेषरूपसे छा रहा है, इससे गाँठ देख ही नहीं पड़ती, छूटे तो कैसे? जब कभी ईश्वर ऐसा संयोग ( जैसा आगे कहा जाता है ) उपस्थित कर देते हैं तब भी कदाचित् ही वह ( ग्रन्थि ) छूट पाती है॥ ४॥

**चौ०** 
> सात्त्विक श्रद्धा धेनु सुहाई। जौं हरि कृपाँ हृदयँ बस आई॥  
> जप तप ब्रत जम नियम अपारा। जे श्रुति कह सुभ धर्म अचारा॥५॥

भावार्थ: श्रीहरिकी कृपासे यदि सात्त्विकी श्रद्धारूपी सुन्दर गौ हृदयरूपी घरमें आकर बस जाय; असंख्यों जप, तप, व्रत, यम और नियमादि शुभ धर्म और आचार ( आचरण ), जो श्रुतियोंने कहे हैं,॥ ५ ॥

**चौ०** 
> तेइ तृन हरित चरै जब गाई। भाव बच्छ सिसु पाइ पेन्हाई॥  
> नोइ निबृत्ति पात्र बिस्वासा। निर्मल मन अहीर निज दासा॥६॥

भावार्थ: उन्हीं [ धर्माचाररूपी ] हरे तृणों ( घास )को जब वह गौ चरे और आस्तिक भावरूपी छोटे बछड़ेको पाकर वह पेन्हावे। निवृत्ति ( सांसारिक विषयोंसे और प्रपञ्चसे हटना ) नोई ( गौके दूहते समय पिछले पैर बाँधनेकी रस्सी ) है, विश्वास [ दूध दूहनेका ] बरतन है, निर्मल ( निष्पाप ) मन जो स्वयं अपना दास है ( अपने वशमें है ), दुहनेवाला अहीर है॥ ६ ॥

**चौ०** 
> परम धर्ममय पय दुहि भाई। अवटै अनल अकाम बनाई॥  
> तोष मरुत तब छमाँ जुड़ावै। धृति सम जावनु देइ जमावै॥७॥

भावार्थ: हे भाई! इस प्रकार ( धर्माचारमें प्रवृत्त सात्त्विकी श्रद्धारूपी गौसे भाव, निवृत्ति और वशमें किये हुए निर्मल मनकी सहायतासे ) परम धर्ममय दूध दुहकर उसे निष्काम भावरूपी अग्निपर भलीभाँति औटावे। फिर क्षमा और संतोषरूपी हवासे उसे ठंढा करे और धैर्य तथा शम ( मनका निग्रह )-रूपी जामन देकर उसे जमावे॥ ७॥

**चौ०** 
> मुदिताँ मथै बिचार मथानी। दम अधार रजु सत्य सुबानी॥  
> तब मथि काढ़ि लेइ नवनीता। बिमल बिराग सुभग सुपुनीता॥८॥

भावार्थ: तब मुदिता ( प्रसन्नता ) रूपी कमोरीमें, तत्त्वविचाररूपी मथानीसे दम ( इन्द्रिय-दमन ) के आधारपर ( दमरूपी खंभे आदिके सहारे ) सत्य और सुन्दर वाणीरूपी रस्सी लगाकर उसे मथे और मथकर तब उसमेंसे निर्मल, सुन्दर और अत्यन्त पवित्र वैराग्यरूपी मक्खन निकाल ले॥८॥

**दो०** 
> जोग अगिनि करि प्रगट तब कर्म सुभासुभ लाइ।  
> बुद्धि सिरावै ग्यान घृत ममता मल जरि जाइ॥११७(क)॥

भावार्थ: तब योगरूपी अग्नि प्रकट करके उसमें समस्त शुभाशुभ कर्मरूपी ईंधन लगा दे ( सब कर्मोंको योगरूपी अग्निमें भस्म कर दे )। जब [ वैराग्यरूपी मक्खनका ] ममतारूपी मल जल जाय, तब [ बचे हुए ] ज्ञानरूपी घीको [ निश्चयात्मिका ] बुद्धिसे ठंढा करे॥ ११७ ( क )॥

**दो०** 
> तब बिग्यानरूपिनी बुद्धि बिसद घृत पाइ।  
> चित्त दिआ भरि धरै दृढ़ समता दिअटि बनाइ॥११७(ख)॥

भावार्थ: तब विज्ञानरूपिणी बुद्धि उस [ ज्ञानरूपी ] निर्मल घीको पाकर उससे चित्तरूपी दियेको भरकर, समताकी दीवट बनाकर, उसपर उसे दृढ़तापूर्वक ( जमाकर ) रखे॥११७(ख)॥

**दो०** 
> तीनि अवस्था तीनि गुन तेहि कपास तें काढ़ि।  
> तूल तुरीय सँवारि पुनि बाती करै सुगाढ़ि॥११७(ग)॥

भावार्थ: [ जाग्रत्‌, स्वप्न और सुषुप्ति ] तीनों अवस्थाएँ और [ सत्त्व, रज और तम ] तीनों गुणरूपी कपाससे तुरीयावस्थारूपी रूईको निकालकर और फिर उसे सँवारकर उसकी सुन्दर कड़ी बत्ती बनावे॥११७(ग)॥

**सो०** 
> एहि बिधि लेसै दीप तेज रासि बिग्यानमय।  
> जातहिं जासु समीप जरहिं मदादिक सलभ सब॥११७(घ)॥

भावार्थ: इस प्रकार तेजकी राशि विज्ञानमय दीपकको जलावे, जिसके समीप जाते ही मद आदि सब पतंगे जल जायँ॥११७(घ)॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-116b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-118b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
