---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 116b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-116b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 116b

**चौ०** 
> इहाँ न पच्छपात कछु राखउँ। बेद पुरान संत मत भाषउँ॥  
> मोह न नारि नारि कें रूपा। पन्नगारि यह रीति अनूपा॥१॥

भावार्थ: यहाँ मैं कुछ पक्षपात नहीं रखता। वेद, पुराण और संतोंका मत ( सिद्धान्त ) ही कहता हूँ। हे गरुड़जी! यह अनुपम ( विलक्षण ) रीति है कि एक स्त्रीके रूपपर दूसरी स्त्री मोहित नहीं होती॥ १ ॥

**चौ०** 
> माया भगति सुनहु तुम्ह दोऊ। नारि बर्ग जानइ सब कोऊ॥  
> पुनि रघुबीरहि भगति पिआरी। माया खलु नर्तकी बिचारी॥२॥

भावार्थ: आप सुनिये, माया और भक्ति—ये दोनों ही स्त्रीवर्गकी हैं, यह सब कोई जानते हैं। फिर श्रीरघुवीरको भक्ति प्यारी है। माया बेचारी तो निश्चय ही नाचनेवाली ( नटिनीमात्र ) है॥ २ ॥

**चौ०** 
> भगतिहि सानुकूल रघुराया। ताते तेहि डरपति अति माया॥  
> राम भगति निरुपम निरुपाधी। बसइ जासु उर सदा अबाधी॥३॥

भावार्थ: श्रीरघुनाथजी भक्तिके विशेष अनुकूल रहते हैं। इसीसे माया उससे अत्यन्त डरती रहती है। जिसके हृदयमें उपमारहित और उपाधिरहित ( विशुद्ध ) रामभक्ति सदा बिना किसी बाधा ( रोक-टोक ) के बसती है;॥ ३ ॥

**चौ०** 
> तेहि बिलोकि माया सकुचाई। करि न सकइ कछु निज प्रभुताई॥  
> अस बिचारि जे मुनि बिग्यानी। जाचहिं भगति सकल सुख खानी॥४॥

भावार्थ: उसे देखकर माया सकुचा जाती है। उसपर वह अपनी प्रभुता कुछ भी नहीं कर ( चला ) सकती। ऐसा विचारकर ही जो विज्ञानी मुनि हैं, वे भी सब सुखोंकी खान भक्तिकी ही याचना करते हैं॥ ४॥

**दो०** 
> यह रहस्य रघुनाथ कर बेगि न जानइ कोइ।  
> जो जानइ रघुपति कृपाँ सपनेहुँ मोह न होइ॥११६(क)॥

भावार्थ: श्रीरघुनाथजीका यह रहस्य ( गुप्त मर्म ) जल्दी कोई भी नहीं जान पाता। श्रीरघुनाथजीकी कृपासे जो इसे जान जाता है, उसे स्वप्नमें भी मोह नहीं होता॥ ११६ ( क )॥

**दो०** 
> औरउ ग्यान भगति कर भेद सुनहु सुप्रबीन।  
> जो सुनि होइ राम पद प्रीति सदा अबिछीन॥११६(ख)॥

भावार्थ: हे सुचतुर गरुड़जी! ज्ञान और भक्तिका और भी भेद सुनिये, जिसके सुननेसे श्रीरामजीके चरणोंमें सदा अविच्छिन्न ( एकतार ) प्रेम हो जाता है॥ ११६ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-115b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-117d

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
