---
title: "उत्तरकाण्ड दोहा 113b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-113b"
lang: "hi"
---

# उत्तरकाण्ड · दोहा 113b

**चौ०** 
> सुनु खगेस नहिं कछु रिषि दूषन। उर प्रेरक रघुबंस बिभूषन॥  
> कृपासिंधु मुनि मति करि भोरी। लीन्ही प्रेम परिच्छा मोरी॥ १॥

भावार्थ: [ काकभुशुण्डिजीने कहा— ] हे पक्षिराज गरुड़जी! सुनिये, इसमें ऋषिका कुछ भी दोष नहीं था। रघुवंशके विभूषण श्रीरामजी ही सबके हृदयमें प्रेरणा करनेवाले हैं। कृपासागर प्रभुने मुनिकी बुद्धिको भोली करके ( भुलावा देकर ) मेरे प्रेमकी परीक्षा ली॥१॥

**चौ०** 
> मन बच क्रम मोहि निज जन जाना। मुनि मति पुनि फेरी भगवाना॥  
> रिषि मम महत सीलता देखी। राम चरन बिस्वास बिसेषी॥२॥

भावार्थ: मन, वचन और कर्मसे जब प्रभुने मुझे अपना दास जान लिया, तब भगवान्‌ने मुनिकी बुद्धि फिर पलट दी। ऋषिने मेरा महान्‌ पुरुषोंका-सा स्वभाव ( धैर्य, अक्रोध, विनय आदि ) और श्रीरामजीके चरणोंमें विशेष विश्वास देखा,॥२॥

**चौ०** 
> अति बिसमय पुनि पुनि पछिताई। सादर मुनि मोहि लीन्ह बोलाई॥  
> मम परितोष बिबिधि बिधि कीन्हा। हरषित राममंत्र तब दीन्हा॥३॥

भावार्थ: तब मुनिने बहुत दुःखके साथ बार-बार पछताकर मुझे आदरपूर्वक बुला लिया। उन्होंने अनेकों प्रकारसे मेरा सन्तोष किया और तब हर्षित होकर मुझे राममन्त्र दिया॥३॥

**चौ०** 
> बालकरूप राम कर ध्याना। कहेउ मोहि मुनि कृपानिधाना॥  
> सुंदर सुखद मोहि अति भावा। सो प्रथमहिं मैं तुम्हहि सुनावा॥४॥

भावार्थ: कृपानिधान मुनिने मुझे बालकरूप श्रीरामजीका ध्यान ( ध्यानकी विधि ) बतलाया। सुन्दर और सुख देनेवाला यह ध्यान मुझे बहुत ही अच्छा लगा। वह ध्यान मैं आपको पहले ही सुना चुका हूँ॥४॥

**चौ०** 
> मुनि मोहि कछुक काल तहँ राखा। रामचरितमानस तब भाषा॥  
> सादर मोहि यह कथा सुनाई। पुनि बोले मुनि गिरा सुहाई॥५॥

भावार्थ: मुनिने कुछ समयतक मुझको वहाँ ( अपने पास ) रखा। तब उन्होंने रामचरितमानस वर्णन किया। आदरपूर्वक मुझे यह कथा सुनाकर फिर मुनि मुझसे सुन्दर वाणी बोले— ॥५॥

**चौ०** 
> रामचरित सर गुप्त सुहावा। संभु प्रसाद तात मैं पावा॥  
> तोहि निज भगत राम कर जानी। ताते मैं सब कहेउँ बखानी॥६॥

भावार्थ: हे तात! यह सुन्दर और गुप्त रामचरितमानस मैंने शिवजीकी कृपासे पाया था। तुम्हें श्रीरामजीका ‘निज भक्त’ जाना, इसीसे मैंने तुमसे सब चरित्र विस्तारके साथ कहा॥६॥

**चौ०** 
> राम भगति जिन्ह कें उर नाहीं। कबहुँ न तात कहिअ तिन्ह पाहीं॥  
> मुनि मोहि बिबिधि भाँति समुझावा। मैं सप्रेम मुनि पद सिरु नावा॥७॥

भावार्थ: हे तात! जिनके हृदयमें श्रीरामजीकी भक्ति नहीं है, उनके सामने इसे कभी भी नहीं कहना चाहिये। मुनिने मुझे बहुत प्रकारसे समझाया। तब मैंने प्रेमके साथ मुनिके चरणोंमें सिर नवाया॥७॥

**चौ०** 
> निज कर कमल परसि मम सीसा। हरषित आसिष दीन्ह मुनीसा॥  
> राम भगति अबिरल उर तोरें। बसिहि सदा प्रसाद अब मोरें॥८॥

भावार्थ: मुनीश्वरने अपने कर-कमलोंसे मेरा सिर स्पर्श करके हर्षित होकर आशीर्वाद दिया कि अब मेरी कृपासे तेरे हृदयमें सदा प्रगाढ़ रामभक्ति बसेगी॥८॥

**दो०** 
> सदा राम प्रिय होहु तुम्ह सुभ गुन भवन अमान।  
> कामरूप इच्छामरन ग्यान बिराग निधान॥११३ (क)॥

भावार्थ: तुम सदा श्रीरामजीको प्रिय होओ और कल्याणरूप गुणोंके धाम, मानरहित इच्छानुसार रूप धारण करनेमें समर्थ, इच्छामृत्यु ( जिसकी शरीर छोड़नेकी इच्छा करनेपर ही मृत्यु हो, बिना इच्छाके मृत्यु न हो ), एवं ज्ञान और वैराग्यके भण्डार होओ॥११३(क)॥

**दो०** 
> जेहिं आश्रम तुम्ह बसब पुनि सुमिरत श्रीभगवंत।  
> ब्यापिहि तहँ न अबिद्या जोजन एक प्रजंत॥११३ (ख)॥

भावार्थ: इतना ही नहीं, श्रीभगवान्‌को स्मरण करते हुए तुम जिस आश्रममें निवास करोगे वहाँ एक योजन ( चार कोस ) तक अविद्या ( माया-मोह ) नहीं व्यापेगी॥११३(ख)॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-112b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/uttar-kand/doha-114b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
