---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 59"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-59"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 59

श्रीराम-गुणगानकी महिमा

**चौ०** 
> सभय सिंधु गहि पद प्रभु केरे। छमहु नाथ सब अवगुन मेरे॥  
> गगन समीर अनल जल धरनी। इन्ह कइ नाथ सहज जड़ करनी॥१॥

भावार्थ: समुद्रने भयभीत होकर प्रभुके चरण पकड़कर कहा—हे नाथ! मेरे सब अवगुण ( दोष ) क्षमा कीजिये। हे नाथ! आकाश, वायु, अग्नि, जल और पृथ्वी—इन सबकी करनी स्वभावसे ही जड है॥ १ ॥

**चौ०** 
> तव प्रेरित मायाँ उपजाए। सृष्टि हेतु सब ग्रंथनि गाए॥  
> प्रभु आयसु जेहि कहँ जस अहई। सो तेहि भाँति रहें सुख लहई॥२॥

भावार्थ: आपकी प्रेरणासे मायाने इन्हें सृष्टिके लिये उत्पन्न किया है, सब ग्रन्थोंने यही गाया है। जिसके लिये स्वामीकी जैसी आज्ञा है, वह उसी प्रकारसे रहनेमें सुख पाता है॥ २ ॥

**चौ०** 
> प्रभु भल कीन्ह मोहि सिख दीन्ही। मरजादा पुनि तुम्हरी कीन्ही॥  
> ढोल गवाँर सूद्र पसु नारी। सकल ताड़ना के अधिकारी॥३॥

भावार्थ: प्रभुने अच्छा किया जो मुझे शिक्षा ( दण्ड ) दी; किन्तु मर्यादा ( जीवोंका स्वभाव ) भी आपकी ही बनायी हुई है। ढोल, गँवार, शूद्र, पशु और स्त्री—ये सब शिक्षाके अधिकारी हैं॥३॥

**चौ०** 
> प्रभु प्रताप मैं जाब सुखाई। उतरिहि कटकु न मोरि बड़ाई॥  
> प्रभु अग्या अपेल श्रुति गाई। करौं सो बेगि जो तुम्हहि सोहाई॥४॥

भावार्थ: प्रभुके प्रतापसे मैं सूख जाऊँगा और सेना पार उतर जायगी, इसमें मेरी बड़ाई नहीं है ( मेरी मर्यादा नहीं रहेगी )। तथापि प्रभुकी आज्ञा अपेल है ( अर्थात्‌ आपकी आज्ञाका उल्लङ्घन नहीं हो सकता ) ऐसा वेद गाते हैं। अब आपको जो अच्छा लगे, मैं तुरंत वही करूँ॥४॥

**दो०** 
> सुनत बिनीत बचन अति कह कृपाल मुसुकाइ।  
> जेहि बिधि उतरै कपि कटकु तात सो कहहु उपाइ॥५९॥

भावार्थ: समुद्रके अत्यन्त विनीत वचन सुनकर कृपालु श्रीरामजीने मुसकराकर कहा—हे तात! जिस प्रकार वानरोंकी सेना पार उतर जाय, वह उपाय बताओ॥५९॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-58  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-60

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
