---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 58"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-58"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 58

**चौ०** 
> लछिमन बान सरासन आनू। सोषौं बारिधि बिसिख कृसानू॥  
> सठ सन बिनय कुटिल सन प्रीती। सहज कृपन सन सुंदर नीती॥१॥

भावार्थ: हे लक्ष्मण! धनुष-बाण लाओ, मैं अग्निबाणसे समुद्रको सोख डालूँ। मूर्खसे विनय, कुटिलके साथ प्रीति, स्वाभाविक ही कंजूससे सुन्दर नीति ( उदारताका उपदेश ),॥ १ ॥

**चौ०** 
> ममता रत सन ग्यान कहानी। अति लोभी सन बिरति बखानी॥  
> क्रोधिहि सम कामिहि हरि कथा। ऊसर बीज बएँ फल जथा॥२॥

भावार्थ: ममतामें फँसे हुए मनुष्यसे ज्ञानकी कथा, अत्यन्त लोभीसे वैराग्यका वर्णन, क्रोधीसे शम ( शान्ति ) की बात और कामीसे भगवान्‌की कथा, इनका वैसा ही फल होता है जैसा ऊसरमें बीज बोनेसे होता है ( अर्थात् ऊसरमें बीज बोनेकी भाँति यह सब व्यर्थ जाता है )॥ २ ॥

**चौ०** 
> अस कहि रघुपति चाप चढ़ावा। यह मत लछिमन के मन भावा॥  
> संधानेउ प्रभु बिसिख कराला। उठी उदधि उर अंतर ज्वाला॥३॥

भावार्थ: ऐसा कहकर श्रीरघुनाथजीने धनुष चढ़ाया। यह मत लक्ष्मणजीके मनको बहुत अच्छा लगा। प्रभुने भयानक [ अग्नि ] बाण सन्धान किया, जिससे समुद्रके हृदयके अंदर अग्निकी ज्वाला उठी॥ ३ ॥

**चौ०** 
> मकर उरग झष गन अकुलाने। जरत जंतु जलनिधि जब जाने॥  
> कनक थार भरि मनि गन नाना। बिप्र रूप आयउ तजि माना॥४॥

भावार्थ: मगर, साँप तथा मछलियोंके समूह व्याकुल हो गये। जब समुद्रने जीवोंको जलते जाना, तब सोनेके थालमें अनेक मणियों ( रत्नों ) को भरकर अभिमान छोड़कर वह ब्राह्मणके रूपमें आया॥ ४॥

**दो०** 
> काटेहिं पइ कदरी फरइ कोटि जतन कोउ सींच।  
> बिनय न मान खगेस सुनु डाटेहिं पइ नव नीच॥५८॥

भावार्थ: [ काकभुशुण्डिजी कहते हैं— ] हे गरुड़जी! सुनिये, चाहे कोई करोड़ों उपाय करके सींचे, पर केला तो काटनेपर ही फलता है। नीच विनयसे नहीं मानता, वह डाँटनेपर ही झुकता है ( रास्तेपर आता है )॥ ५८॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-57  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-59

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
