---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 53"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-53"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 53

दूतका रावणको समझाना और लक्ष्मणजीका पत्र देना

**चौ०** 
> तुरत नाइ लछिमन पद माथा। चले दूत बरनत गुन गाथा॥  
> कहत राम जसु लंकाँ आए। रावन चरन सीस तिन्ह नाए॥१॥

भावार्थ: लक्ष्मणजीके चरणोंमें मस्तक नवाकर, श्रीरामजीके गुणोंकी कथा वर्णन करते हुए दूत तुरंत ही चल दिये। श्रीरामजीका यश कहते हुए वे लङ्कामें आये और उन्होंने रावणके चरणोंमें सिर नवाये॥१॥

**चौ०** 
> बिहसि दसानन पूँछी बाता। कहसि न सुक आपनि कुसलाता॥  
> पुनि कहु खबरि बिभीषन केरी। जाहि मृत्यु आई अति नेरी॥२॥

भावार्थ: दशमुख रावणने हँसकर बात पूछी—अरे शुक! अपनी कुशल क्यों नहीं कहता? फिर उस विभीषणका समाचार सुना, मृत्यु जिसके अत्यन्त निकट आ गयी है॥२॥

**चौ०** 
> करत राज लंका सठ त्यागी। होइहि जव कर कीट अभागी॥  
> पुनि कहु भालु कीस कटकाई। कठिन काल प्रेरित चलि आई॥३॥

भावार्थ: मूर्खने राज्य करते हुए लङ्काको त्याग दिया। अभागा अब जौका कीड़ा ( घुन ) बनेगा ( जौके साथ जैसे घुन भी पिस जाता है, वैसे ही नर-वानरोंके साथ वह भी मारा जायगा ); फिर भालु और वानरोंकी सेनाका हाल कह, जो कठिन कालकी प्रेरणासे यहाँ चली आयी है॥३॥

**चौ०** 
> जिन्ह के जीवन कर रखवारा। भयउ मृदुल चित सिंधु बिचारा॥  
> कहु तपसिन्ह कै बात बहोरी। जिन्ह के हृदयँ त्रास अति मोरी॥४॥

भावार्थ: और जिनके जीवनका रक्षक कोमल चित्तवाला बेचारा समुद्र बन गया है ( अर्थात् उनके और राक्षसोंके बीचमें यदि समुद्र न होता तो अबतक राक्षस उन्हें मारकर खा गये होते )। फिर उन तपस्वियोंकी बात बता, जिनके हृदयमें मेरा बड़ा डर है॥ ४॥

**दो०** 
> की भइ भेंट कि फिरि गए श्रवन सुजसु सुनि मोर।  
> कहसि न रिपु दल तेज बल बहुत चकित चित तोर॥५३॥

भावार्थ: उनसे तेरी भेंट हुई या वे कानोंसे मेरा सुयश सुनकर ही लौट गये ? शत्रुसेनाका तेज और बल बताता क्यों नहीं ? तेरा चित्त बहुत ही चकित ( भौंचक्का-सा ) हो रहा है॥ ५३॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-52  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-54

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
