---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 52"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-52"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 52

**चौ०** 
> प्रगट बखानहिं राम सुभाऊ। अति सप्रेम गा बिसरि दुराऊ॥  
> रिपु के दूत कपिन्ह तब जाने। सकल बाँधि कपीस पहिं आने॥१॥

भावार्थ: फिर वे प्रकटरूपमें भी अत्यन्त प्रेमके साथ श्रीरामजीके स्वभावकी बड़ाई करने लगे, उन्हें दुराव ( कपट-वेष ) भूल गया! तब वानरोंने जाना कि ये शत्रुके दूत हैं और वे उन सबको बाँधकर सुग्रीवके पास ले आये॥१॥

**चौ०** 
> कह सुग्रीव सुनहु सब बानर। अंग भंग करि पठवहु निसिचर॥  
> सुनि सुग्रीव बचन कपि धाए। बाँधि कटक चहु पास फिराए॥२॥

भावार्थ: सुग्रीवने कहा—सब वानरो! सुनो, राक्षसोंके अंग-भंग करके भेज दो। सुग्रीवके वचन सुनकर वानर दौड़े। दूतोंको बाँधकर उन्होंने सेनाके चारों ओर घुमाया॥२॥

**चौ०** 
> बहु प्रकार मारन कपि लागे। दीन पुकारत तदपि न त्यागे॥  
> जो हमार हर नासा काना। तेहि कोसलाधीस कै आना॥३॥

भावार्थ: वानर उन्हें बहुत तरहसे मारने लगे। वे दीन होकर पुकारते थे, फिर भी वानरोंने उन्हें नहीं छोड़ा। [ तब दूतोंने पुकारकर कहा— ] जो हमारे नाक-कान काटेगा, उसे कोसलाधीश श्रीरामजीकी सौगंध है॥३॥

**चौ०** 
> सुनि लछिमन सब निकट बोलाए। दया लागि हँसि तुरत छोड़ाए॥  
> रावन कर दीजहु यह पाती। लछिमन बचन बाचु कुलघाती॥४॥

भावार्थ: यह सुनकर लक्ष्मणजीने सबको निकट बुलाया। उन्हें बड़ी दया लगी, इससे हँसकर उन्होंने राक्षसोंको तुरंत ही छुड़ा दिया। [ और उनसे कहा— ] रावणके हाथमें यह चिट्ठी देना [ और कहना— ] हे कुलघातक! लक्ष्मणके शब्दों ( सँदेसे ) को बाँचो॥४॥

**दो०** 
> कहेहु मुखागर मूढ़ सन मम संदेसु उदार।  
> सीता देइ मिलहु न त आवा कालु तुम्हार॥५२॥

भावार्थ: फिर उस मूर्खसे जबानी यह मेरा उदार ( कृपासे भरा हुआ ) सन्देश कहना कि सीताजीको देकर उनसे ( श्रीरामजीसे ) मिलो, नहीं तो तुम्हारा काल आ गया [ समझो ]॥५२॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-51  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-53

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
