---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 47"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-47"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 47

**चौ०** 
> तब लगि हृदयँ बसत खल नाना। लोभ मोह मच्छर मद माना॥  
> जब लगि उर न बसत रघुनाथा। धरें चाप सायक कटि भाथा॥१॥

भावार्थ: लोभ, मोह, मत्सर ( डाह ), मद और मान आदि अनेकों दुष्ट तभीतक हृदयमें बसते हैं, जबतक कि धनुष-बाण और कमरमें तरकस धारण किये हुए श्रीरघुनाथजी हृदयमें नहीं बसते॥१॥

**चौ०** 
> ममता तरुन तमी अँधिआरी। राग द्वेष उलूक सुखकारी॥  
> तब लगि बसति जीव मन माहीं। जब लगि प्रभु प्रताप रबि नाहीं॥२॥

भावार्थ: ममता पूर्ण अँधेरी रात है, जो राग-द्वेषरूपी उल्लुओंको सुख देनेवाली है। वह ( ममतारूपी रात्रि ) तभीतक जीवके मनमें बसती है, जबतक प्रभु ( आप ) का प्रतापरूपी सूर्य उदय नहीं होता॥२॥

**चौ०** 
> अब मैं कुसल मिटे भय भारे। देखि राम पद कमल तुम्हारे॥  
> तुम्ह कृपाल जा पर अनुकूला। ताहि न ब्याप त्रिबिध भव सूला॥३॥

भावार्थ: हे श्रीरामजी! आपके चरणारविन्दके दर्शनकर अब मैं कुशलसे हूँ, मेरे भारी भय मिट गये। हे कृपालु! आप जिसपर अनुकूल होते हैं, उसे तीनों प्रकारके भवशूल ( आध्यात्मिक, आधिदैविक और आधिभौतिक ताप ) नहीं व्यापते॥३॥

**चौ०** 
> मैं निसिचर अति अधम सुभाऊ। सुभ आचरनु कीन्ह नहिं काऊ॥  
> जासु रूप मुनि ध्यान न आवा। तेहिं प्रभु हरषि हृदयँ मोहि लावा॥४॥

भावार्थ: मैं अत्यन्त नीच स्वभावका राक्षस हूँ। मैंने कभी शुभ आचरण नहीं किया। जिनका रूप मुनियोंके भी ध्यानमें नहीं आता, उन प्रभुने स्वयं हर्षित होकर मुझे हृदयसे लगा लिया॥४॥

**दो०** 
> अहोभाग्य मम अमित अति राम कृपा सुख पुंज।  
> देखेउँ नयन बिरंचि सिव सेब्य जुगल पद कंज॥४७॥

भावार्थ: हे कृपा और सुखके पुञ्ज श्रीरामजी! मेरा अत्यन्त असीम सौभाग्य है, जो मैंने ब्रह्मा और शिवजीके द्वारा सेवित युगल चरणकमलोंको अपने नेत्रोंसे देखा॥४७॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-46  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-48

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
