---
title: "सुन्दरकाण्ड दोहा 40"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-40"
lang: "hi"
---

# सुन्दरकाण्ड · दोहा 40

**चौ०** 
> माल्यवंत अति सचिव सयाना। तासु बचन सुनि अति सुख माना॥  
> तात अनुज तव नीति बिभूषन। सो उर धरहु जो कहत बिभीषन॥१॥

भावार्थ: माल्यवान्‌ नामका एक बहुत ही बुद्धिमान्‌ मन्त्री था। उसने उन ( विभीषण ) के वचन सुनकर बहुत सुख माना [ और कहा— ] हे तात! आपके छोटे भाई नीतिविभूषण ( नीतिको भूषणरूपमें धारण करनेवाले अर्थात्‌ नीतिमान्‌ ) हैं। विभीषण जो कुछ कह रहे हैं उसे हृदयमें धारण कर लीजिये॥१॥

**चौ०** 
> रिपु उतकरष कहत सठ दोऊ। दूरि न करहु इहाँ हइ कोऊ॥  
> माल्यवंत गृह गयउ बहोरी। कहइ बिभीषनु पुनि कर जोरी॥२॥

भावार्थ: [ रावणने कहा— ] ये दोनों मूर्ख शत्रुकी महिमा बखान रहे हैं। यहाँ कोई है ? इन्हें दूर करो न! तब माल्यवान्‌ तो घर लौट गया और विभीषणजी हाथ जोड़कर फिर कहने लगे— ॥२॥

**चौ०** 
> सुमति कुमति सब कें उर रहहीं। नाथ पुरान निगम अस कहहीं॥  
> जहाँ सुमति तहँ संपति नाना। जहाँ कुमति तहँ बिपति निदाना॥३॥

भावार्थ: हे नाथ! पुराण और वेद ऐसा कहते हैं कि सुबुद्धि ( अच्छी बुद्धि ) और कुबुद्धि ( खोटी बुद्धि ) सबके हृदयमें रहती हैं, जहाँ सुबुद्धि है, वहाँ नाना प्रकारकी सम्पदाएँ ( सुखकी स्थिति ) रहती हैं और जहाँ कुबुद्धि है, वहाँ परिणाममें विपत्ति ( दुःख ) रहती है॥३॥

**चौ०** 
> तव उर कुमति बसी बिपरीता। हित अनहित मानहु रिपु प्रीता॥  
> कालराति निसिचर कुल केरी। तेहि सीता पर प्रीति घनेरी॥४॥

भावार्थ: आपके हृदयमें उलटी बुद्धि आ बसी है। इसीसे आप हितको अहित और शत्रुको मित्र मान रहे हैं। जो राक्षसकुलके लिये कालरात्रि [ के समान ] हैं, उन सीतापर आपकी बड़ी प्रीति है॥४॥

**दो०** 
> तात चरन गहि मागउँ राखहु मोर दुलार।  
> सीता देहु राम कहुँ अहित न होइ तुम्हार॥४०॥

भावार्थ: हे तात! मैं चरण पकड़कर आपसे भीख माँगता हूँ ( विनती करता हूँ ) कि आप मेरा दुलार रखिये ( मुझ बालकके आग्रहको स्नेहपूर्वक स्वीकार कीजिये )। श्रीरामजीको सीताजी दे दीजिये, जिसमें आपका अहित न हो॥४०॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-39b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/sunderkand/doha-41

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
